राजस्थान विधानसभा चुनाव में फतेहपुर से कांग्रेस के हाकम अली खां ने 860 वोटों से जीत दर्ज की है. सीकर जिले की फतेहपुर सीट से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर सुनीता कुमारी ने चुनाव लड़ा था. इस सीट से पिछला चुनाव निर्दलीय उम्मीदवार नंद किशोर महरिया ने जीता था. उन्होंने कांग्रेस के भंवरू खान को हराया था. जबकि बीजेपी तीसरे नंबर पर रही थी.
कांग्रेस ने इस बार भंवरू खान की जगह उनके भाई हाकम खां को मैदान में उतारा है. यह क्षेत्र कांग्रेस का गढ़ मानी जाती है. यहां जाट और मुस्लिम मतदाताओं का दबदबा है और दोनों ही वर्ग निर्णायक भूमिका में होते हैं.कांग्रेस के अलावा बसपा और माकपा के टिकट पर भी मुस्लिम उम्मीदवार चुनाव लड़े हैं, जो कांग्रेस के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है.
यहां पहला चुनाव 1957 में हुआ था और उसमें चुनाव लड़ने वाले सभी 11 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई थी. कांग्रेस के अब्दुल गफ्फार खान 3955 वोट पाकर इस सीट से पहले विधायक निर्वाचित हुए थे.
सीकर जिले का चुनावी समीकरण
सीकर जिला शेखावटी रीजन में आता है और यहां कुल 8 विधानसभा सीट हैं. 2013 के चुनाव में जिले में कुल 16,76,024 वोटर्स थे, जिनमें से 12,42,035 लोगों (74.1%) ने अपने मतों का इस्तेमाल किया था. यहां 7 सीटें सामान्य वर्ग के लिए हैं, जबकि 1 सीट अनुसूचित जाति (SC) के लिए आरक्षित है. जिले में करीब साढ़े 12 फीसदी मुस्लिम आबादी है.
सामान्य सीटों में फतेहपुर, लक्ष्मणगढ़, सीकर, दांतारामगढ़, खंडेला, नीमकाथाना, श्रीमाधोपुर है, जबकि धोद सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है. कुल 8 सीटों में पिछले चुनाव में बीजेपी को 5, कांग्रेस को 2 और 1 सीट निर्दलीय को मिली थी.
2013 चुनाव का रिजल्ट
नंद किशोर महरिया (निर्दलीय)- 53,884 (38%)
भंवरू खान (कांग्रेस)- 49,958 (36%)
मधुसूदन (बीजेपी)- 30,495 (28%)
2008 चुनाव का रिजल्ट
भंवरू खान (कांग्रेस)- 47,590 (45%)
नंद किशोर महरिया (बीजेपी)- 39,326 (37%)
विधानसभा का समीकरण
राजस्थान विधानसभा में कुल 200 सीटें हैं. इनमें 142 सीट सामान्य, 33 सीट अनुसूचित जाति और 25 सीट अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित हैं. 2013 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी और उसने 163 सीटों पर जीत दर्ज की थी. जबकि कांग्रेस 21 सीटों पर सिमट गई थी. बहुजन समाज पार्टी को 3, नेशनल पीपुल्स पार्टी को 4, नेशनल यूनियनिस्ट जमींदारा पार्टी को 2 सीटें मिली थीं. जबकि 7 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार जीते थे.
'To get latest update about Rajasthan elections SMS RJ to 52424 from your mobile . Standard SMS Charges Applicable.'
जावेद अख़्तर