यूरोप से पंजाब के लिए लेकर आए 1300 करोड़ का निवेश, बोले सीएम भगवंत मान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने नीदरलैंड और फिनलैंड दौरे के बाद बताया कि राज्य को कृषि, उद्योग और शिक्षा में बड़ा फायदा मिलेगा. 1300 करोड़ के निवेश, आधुनिक खेती तकनीक और वैश्विक साझेदारियों से किसानों, युवाओं और अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी.

Advertisement
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान (Photo: AAP) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान (Photo: AAP)

aajtak.in

  • पंजाब ,
  • 28 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 10:30 PM IST

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अपने हालिया नीदरलैंड और फिनलैंड दौरे के बाद इसका विस्तृत रिपोर्ट कार्ड पेश किया. उन्होंने कहा कि इस यात्रा ने पंजाब के किसानों, उद्योग और युवाओं के लिए नए अवसरों के दरवाजे खोल दिए हैं. मुख्यमंत्री ने बताया कि इस दौरे के दौरान राज्य को वैश्विक स्तर पर निवेश, तकनीक और साझेदारी के कई अहम मौके मिले हैं. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि जायका कंपनी द्वारा किए जा रहे 1300 करोड़ रुपये के निवेश से पंजाब में उच्च गुणवत्ता वाली खेती और उद्योग को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा. उन्होंने बताया कि इस तरह के निवेश से फसल विविधीकरण को गति मिलेगी और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी.

Advertisement

उन्होंने कहा कि इस यात्रा के दौरान पंजाब को एक नवाचार और निवेश केंद्र के रूप में प्रस्तुत किया गया, जिससे दुनिया की अग्रणी कंपनियों ने राज्य में निवेश के प्रति गहरी रुचि दिखाई है. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. मुख्यमंत्री ने अपने दौरे के पहले दिन का जिक्र करते हुए बताया कि 19 अप्रैल को प्रतिनिधिमंडल ने नीदरलैंड में विश्व प्रसिद्ध बागवानी मॉडल केउकेनहॉफ का दौरा किया. यहां उन्होंने बागवानी के विकास और कृषि क्षेत्र में सहयोग के अवसरों पर चर्चा की. उन्होंने कहा कि पंजाब से गुलाब के निर्यात की संभावनाओं पर भी बातचीत हुई.

उन्होंने बताया कि इस दौरे का उद्देश्य केवल कृषि तक सीमित नहीं था, बल्कि औद्योगिक निवेश, शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में भी सहयोग को बढ़ावा देना था. उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों और टिकाऊ खेती के क्षेत्र में संयुक्त परियोजनाओं की संभावनाएं तलाशी गईं. मुख्यमंत्री ने कहा कि नीदरलैंड में वर्टिकल खेती के मॉडल को देखकर यह समझ आया कि कम जमीन पर अधिक उत्पादन कैसे किया जा सकता है. उन्होंने बताया कि जहां पंजाब में एक वर्ग मीटर में 6 किलो टमाटर होता है, वहीं नीदरलैंड में पॉलीहाउस तकनीक से 100 किलो तक उत्पादन हो रहा है. उन्होंने कहा कि इस तकनीक को पंजाब में अपनाने से कृषि क्षेत्र में बड़ा बदलाव आ सकता है.

Advertisement

यूरोप दौरे का रिपोर्ट कार्ड पेश, निवेश और साझेदारी पर जोर

उन्होंने कहा कि 20 अप्रैल को प्रतिनिधिमंडल ने विश्व बागवानी केंद्र का दौरा किया और नीदरलैंड्स इंडिया चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड ट्रेड के प्रतिनिधियों से मुलाकात की. इस दौरान निवेश और व्यापार के नए अवसरों पर चर्चा हुई. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया कि इस दौरे के दौरान सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स और नवाचार जैसे क्षेत्रों में भी निवेश की संभावनाएं तलाश की गईं. उन्होंने कहा कि मोहाली में एक अनुसंधान और विकास केंद्र और नवाचार हब स्थापित करने का प्रस्ताव भी सामने आया है. उन्होंने कहा कि राज्य में बागवानी अनुभव और प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की योजना को भी मंजूरी दी गई है. इससे किसानों को नई तकनीक सीखने और अपनाने का मौका मिलेगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दौरे के दौरान उन्होंने प्रसिद्ध डच हॉकी खिलाड़ी फ्लोरिस जान बोवलैंडर से मुलाकात की और पंजाब में हॉकी को बढ़ावा देने पर चर्चा की. उन्होंने बताया कि बोवलैंडर जल्द ही पंजाब का दौरा करेंगे. उन्होंने आगे बताया कि 21 अप्रैल को प्रतिनिधिमंडल ने एनएक्सपी सेमीकंडक्टर और आल्समीर फ्लावर ऑक्शन का दौरा किया. यहां कृषि, मत्स्य पालन, फूड सिक्योरिटी और व्यापार के क्षेत्र में सहयोग के अवसरों पर चर्चा हुई.

वर्टिकल फार्मिंग और पॉलीहाउस तकनीक पर खास फोकस

मुख्यमंत्री ने बताया कि एलटी फूड्स ने भी पंजाब में निवेश करने के लिए सहमति जताई है. यह कंपनी दुनिया के 80 देशों को चावल निर्यात करती है और इसका निवेश राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा. उन्होंने कहा कि इस दौरे के दौरान यह भी देखा गया कि कैसे फूलों की नीलामी के माध्यम से रोजाना करोड़ों फूलों का व्यापार किया जाता है. उन्होंने कहा कि ऐसे मॉडल को पंजाब में अपनाने से किसानों को बड़ा फायदा हो सकता है.

Advertisement

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया कि 22 अप्रैल को प्रतिनिधिमंडल फिनलैंड पहुंचा, जहां उन्होंने प्रवासी पंजाबियों से मुलाकात की और शिक्षा, कौशल विकास और निवेश के क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा की. उन्होंने कहा कि फिनलैंड के दौरे का मुख्य उद्देश्य शिक्षा प्रणाली को समझना और उसे पंजाब में लागू करने की संभावनाओं को तलाशना था. उन्होंने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने आधुनिक शिक्षा मॉडल, क्लासरूम प्रबंधन और मूल्यांकन प्रणाली का गहराई से अध्ययन किया.

मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार पहले ही तीन बैचों में 216 प्राइमरी अध्यापकों को प्रशिक्षण के लिए फिनलैंड भेज चुकी है और चौथा बैच जल्द भेजा जाएगा. उन्होंने कहा कि इससे राज्य की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी. उन्होंने कहा कि इस दौरे के दौरान शिक्षा, स्टार्ट-अप्स और नवाचार के क्षेत्र में भी कई नई संभावनाएं सामने आई हैं. उन्होंने बताया कि फिनलैंड की हॉकी टीम में पांच पंजाबी खिलाड़ी शामिल हैं, जो राज्य के लिए गर्व की बात है.

वैश्विक कंपनियों की दिलचस्पी, पंजाब बनेगा निवेश हब

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस पूरी यात्रा का उद्देश्य पंजाब को वैश्विक निवेश केंद्र के रूप में स्थापित करना था और इसमें काफी हद तक सफलता मिली है. उन्होंने कहा कि पहले जापान और कोरिया के दौरे के भी सकारात्मक परिणाम सामने आए थे और अब नीदरलैंड और फिनलैंड की यात्रा भी राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. उन्होंने कहा कि इन साझेदारियों से पंजाब को वैश्विक सप्लाई चेन से जोड़ने में मदद मिलेगी और इससे राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी. इस मौके पर कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस, संजीव अरोड़ा, मुख्य सचिव के एपी सिन्हा और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement