पंजाब के होशियारपुर जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. चब्बेवाल क्षेत्र के भाम गांव में 99 वर्षीय बुजुर्ग महिला की कथित तौर पर लूटपाट के इरादे से हत्या कर दी गई. वारदात के बाद उसके शव को घर के अंदर लोहे के संदूक में ठूंस दिया गया. पुलिस ने मामले में गांव के ही एक युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है, जो फिलहाल फरार है.
एजेंसी के अनुसार, मृतका की पहचान जोगिंदर कौर के रूप में हुई है, जो घर में अकेली रहती थीं. घटना का खुलासा बुधवार शाम उस समय हुआ, जब रोज की तरह दूध देने आने वाले व्यक्ति ने देखा कि पिछले दिन दरवाजे पर रखी दूध की बोतल जस की तस पड़ी है. यह असामान्य लगा तो उसने पड़ोसियों को सूचना दी.
पड़ोसियों ने महिला की तलाश शुरू की और घर के अंदर जाकर देखा तो लोहे के संदूक में उनका शव मिला. पुलिस के अनुसार, शव पर सिर में चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका है कि महिला की हत्या किसी भारी वस्तु से वार कर की गई.
यह भी पढ़ें: घरेलू विवाद में रिश्तों का खून, शख्स ने की सगे भाई भाभी की हत्या, छोटे भाई को भी किया घायल
शुरुआती जांच में लूटपाट की मंशा सामने आई है. पुलिस का मानना है कि आरोपी चोरी के इरादे से घर में घुसा था और वारदात के दौरान महिला की हत्या कर दी. बाद में सबूत छिपाने के लिए शव को संदूक में बंद कर दिया गया.
पुलिस ने गांव के ही रहने वाले डेनियल नाम के युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है. आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है. पुलिस ने कहा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है.
aajtak.in