देश के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने बुधवार को एक मामले में बहस के दौरान आवाज ऊंची करने पर एक वकील को सख्त हिदायत दी. साथ ही कोर्ट को धमकाने की कोशिशों के खिलाफ चेतावनी दी.
CJI डीवाई चंद्रचूड़ ने वकील से कहा कि आप आम तौर पर कहां प्रैक्टिस करते हैं? आप अपनी आवाज उठाकर हमें डरा नहीं सकते, मेरे करियर के 23 साल में ऐसा नहीं हुआ है और मेरे आखिरी साल में भी ऐसा नहीं होगा. सीजेआई ने वकील से कहा कि आप अपनी आवाज धीमी करें.
सीजेआई ने वकील को चेतावनी देते हुए कहा कि आप अपनी आवाज धीमी करें, क्या आप देश की पहली अदालत के सामने इसी तरह बहस करते हैं? क्या आप हमेशा न्यायाधीशों पर इसी तरह चिल्लाते हैं.इसके बाद वकील ने पीठ के समक्ष माफी मांगी. हालांकि यह पहली बार नहीं है, जब सीजेआई ने वकीलों से अदालत में मर्यादा बनाए रखने के लिए कहा है.
इससे पहले भी CJI ने सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष विकास सिंह को कोर्ट में आवाज ऊंची करने पर चेतावनी दी थी. विकास सिंह एक मामले को सूचीबद्ध करने के लिए बहस कर रहे थे. पिछले साल सीजेआई ने एक अन्य वकील को चेतावनी दी थी, जब उन्होंने किसी मामले को लेकर टिप्पणी की थी.
कनु सारदा