तमिलनाडु में आज से नई सरकार का आगाज हो गया है. VCK और IUML के समर्थन बाद अब थलपति विजय की पार्टी टीवीके ने सरकार बना ली है. थलपति विजय ने आज सुबह 10 बजे तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. उनके साथ टीवीके के नौ विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली.
विजय के शपथ ग्रहण समारोह में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी शामिल हुए. वहीं, प्रोटोकॉल के मुताबिक तमिलनाडु के निवर्तमान मुख्यमंत्री एम.के स्टालिन को भी समारोह के लिए न्योता भेजा गया था.
थलपति विजय का शपथ ग्रहण समारोह 10 मई को सुबह 10 बजे चेन्नई स्थित नेहरू स्टेडियम में हुआ. बता दें कि पहले विजय 3 बजकर 45 मिनट पर शपथ ग्रहण करने वाले थे, लेकिन उनके एस्ट्रोलॉजर ने उन्हें सुबह 10 बजे शपथ लेने की सलाह दी.
विजय ने 9 मई को लोकभवन में तमिलनाडु के गवर्नर से मुलाकात की और उन्हें टीवीके के लीडर के तौर पर अपने चुनाव की जानकारी देते हुए एक लेटर दिया था. जिसके बाद तमिलनाडु के गवर्नर ने विजय को मुख्यमंत्री नियुक्त किया और उन्हें सरकार बनाने के लिए इनवाइट किया था. राज्यपाल ने विजय को 13 मई 2026 को या उससे पहले विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने के लिए कहा है.
विजय के मुख्यमंत्री बनने को लेकर उनके पिता और डायरेक्टर एसए चंद्रशेखर ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'मैं खुश हूं. मैं बहुत खुश हूं. मैं जो कुछ भी कर रहा हूं, सिर्फ अपने बेटे के लिए कर रहा हूं. आखिरकार, विजय के जरिए तमिल लोगों को सफलता मिली है.'
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने तमिलनाडु का सीएम बनने पर विजय को बधाई दी है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, 'डियर थिरु विजय अवर्गल, राहुल गांधी की मौजूदगी में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने पर मैं आपको बधाई देता हूं. मुझे पूरा भरोसा है कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के तौर पर आप गरीबों का भला करेंगे, सभी को न्याय देंगे और अपने राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे. दिल से बधाई और शुभकामनाएं.'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विजय को तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि विजय को तमिलनाडु का सीएम बनने पर बधाई. उनके कार्यकाल को लेकर मेरी शुभकामनाएं उनके साथ हैं. केंद सरकार लोगों के जीवन में सुधार के लिए तमिलनाडु की सरकार के साथ मिलकर काम करेगी.
विजय ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. चेन्नई के नेहरू इंडोर स्टेडियम में शपथ लेने के बाद उन्होंने घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 200 यूनिट तक बिजली मुफ्त और महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक विशेष बल का गठन करने वाली फाइल पर साइन किए.
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के तौर पर विजय के पहले तीन आदेश:-
- हर महीने 200 यूनिट बिजली फ्री
- हर जिले में एंटी ड्रग यूनिट का गठन
- महिला सुरक्षाबल का गठन.
तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनते ही विजय ने आम जनता के लिए 200 यूनिट मुफ्त बिजली का ऐलान किया है. उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के लिए स्पेशल फोर्स की फाइल पर भी साइन किए. CM विजय ने अपने पहले भाषण में कहा कि वो किसी शाही खानदान से नहीं हैं, लोगों ने उनका स्वागत किया, उन्हें अपनाया.
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर विजय को बधाई दी है. उन्होंने एक्स पर लिखा, 'सी. जोसेफ विजय को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने पर बधाई. श्रीलंका और तमिलनाडु इतिहास, संस्कृति, उद्यम और पीढ़ियों से लोगों के बीच स्थायी संबंधों से जुड़े हुए हैं. हमारा भविष्य बहुत ज्यादा आर्थिक उम्मीदों और मौकों से भरा है, क्योंकि श्रीलंका और भारत लगातार करीबी रिश्ते और मज़बूत पार्टनरशिप बना रहे हैं. मैं भारत-श्रीलंका की मजबूत पार्टनरशिप के तहत, ज्यादा खुशहाली और तरक्की के लिए मिलकर काम करने का इंतजार कर रहा हूं. श्रीलंका के लोग मेरे साथ मिलकर आपको और तमिलनाडु के लोगों को हर सफलता की शुभकामनाएं देते हैं.'
एस.कीर्तना ने भी मंत्री पद की शपथ ली. 29 साल की कीर्तना टीवीके सरकार की सबसे युवा मंत्री हैं. उन्होंने तमिलनाडु की शिवकाशी सीट से चुनाव जीता है.
डॉ.टीके प्रभु भी टीवीके सरकार में मंत्री बन गए हैं. कराईकुडी सीट से विधायक प्रभु पेशे से डेंटिस्ट हैं. वो पहली बार विधायक चुने गए हैं.
तमिल एक्टर और डायरेक्टर राजमोहन ने भी मंत्री पद का शपथ ग्रहण किया. वो टीवीके के प्रचार सचिव और एग्मोर सीट से नवनिर्वाचित विधायक हैं.
आर.निर्मलकुमार ने भी मंत्री पद की शपथ ली. वो तमिलनाडु में बीजेपी सोशल मीडिया के चीफ रह चुके हैं. थिरुपरंकुंद्रम सीट से नवनिर्वाचित विधायक निर्मलकुमार कभी AIADMK का भी हिस्सा रहे.
मायलापुर से नव निर्वाचित विधायक पी.वेंकेटरामनन ने भी मंत्री पद की शपथ ली. वो लंबे समय से विजय से जुड़े रहे हैं. साल 2000 में वो विजय के मैनेजर थे.
गोबीचेट्टिपालयम सीट से नव निर्वाचित विधायक केए. सेंगोट्टैयन ने भी मंत्री पद का शपथ ग्रहण किया. नवीं बार के विधायक सेंगोट्टैयन टीवीके से पहले लंबे समय तक AIADMK से जुड़े रहे.
टीवीके के महासचिव केजी अरुण राज ने भी मंत्री पद की शपथ ली. तिरुतेंगोडे सीट से नव निर्वाचित विधायक अरुण पूर्व IRS अधिकारी हैं.
टीवीके नेता और प्रमुख रणनीतिकार आधव अर्जुन ने भी मंत्री पद की शपथ ली. वो विल्लिवक्कम सीट से विधायक है और वीसीके के जनरल सेक्रेटरी रह चुके हैं.
थिरू एन.आनंद ने मंत्री पद की शपथ ली. वो त्यागराज सीट से विधायक हैं, इसके साथ ही आनंद टीवीके के महासचिव और प्रवक्ता भी हैं.
विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है और इसी के साथ आज से राज्य की कमान उनके हाथों में आ गई है.
थलपति विजय सीएम पद की शपथ लेने के लिए मंच पर पहुंच गए हैं. इस दौरान उन्हें राहुल गांधी के साथ बैठे देखा गया. दोनों नेताओं को आपस में बातचीत करते देखा गया.
तमिलनाडु के गवर्नर राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर विजय को सीएम पद की शपथ दिलाने के लिए नेहरू स्टेडियम पहुंच गए हैं. विजय ने शॉल ओढ़ाकर उनका स्वागत किया.
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी चेन्नई स्थित नेहरू स्टेडियम पहुंच गए हैं, जहां वो विजय के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे. यहां कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत किया.
कांग्रेस नेता गिरीश चोडांकर ने सीएम बनने जा रहे विजय के शपथ ग्रहण से पहले सोशल मीडिया पर पोस्ट कर खुशी जाहिर की. उन्होंने लिखा, 'एक नया चैप्टर शुरू! तमिलनाडु ने उम्मीद चुनी है. Gen Z ने बदलाव चुना है. आज, जब थिरु विजय शपथ ले रहे हैं, तो पूरे तमिलनाडु में युवाओं की आवाज गूंज रही है. 59 साल बाद, कांग्रेस तमिलनाडु में सत्ता में वापस आ रही है, जो एक ऐतिहासिक राजनीतिक पल है. विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस के सपोर्ट से, लोगों को सबसे पहले रखने वाली राजनीति का एक नया दौर शुरू हो रहा है.'
विजय के सीएम शपथ ग्रहण समारोह में एक्ट्रेस तृषा कृष्णन साउथ इंडियन लुक में पहुंचीं. सिल्क साड़ी, बालों में गजरा और माथे पर बिंदी लगाए एक्ट्रेस बेहद प्यारी लग रही थीं.
तमिलनाडु में मेलूर से कांग्रेस विधायक विश्वनाथ विजय की कैबिनेट में मंत्री बनेंगे. हालांकि, वो आज मंत्री पद की शपथ नहीं लेंगे.
थलपति विजय तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के लिए चेन्नई स्थित नेहरू स्टेडियम पहुंच गए हैं. उनके पेरेंट्स और करीबी दोस्त तृषा कृष्णन भी स्टेडियम पहुंच चुके हैं.
मंच पर लगे पोस्टरों (प्लेकार्ड्स) के मुताबिक, विजय की नई सरकार में शपथ लेने वाले नेताओं के नाम सामने आ गए हैं. विजय के साथ जो नेता मंत्री पद की शपथ लेंगे, उनमें थिरू एन. आनंद, सीटीआर निर्मल कुमार, अरुण राज और आधव अर्जुना शामिल हैं. इनके अलावा कीर्तना, राजमोहन, वेंकटरामनन और सेनगोट्टैयान भी मंत्रिमंडल का हिस्सा बनेंगे.
(इनपुट- अनघा केशव)
विजय की करीबी दोस्त और एक्ट्रेस तृषा कृष्णन सीएम शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे. ऐसे में वो नेहरू स्टेडियम के लिए अपने घर से रवाना हो गई हैं.
थलपति विजय शपथ ग्रहण समारोह के लिए अपने घर से नेहरू स्टेडियम के लिए रवाना हो गए हैं. घर से निकलने के दौरान उन्होंने बाहर खड़े फैंस का हाथ जोड़कर अभिवादन किया.
TVK चीफ और CM-डेजिग्नेट विजय की मां शोभा चंद्रशेखर अपने बेटे की कामयाबी पर बेहद खुश नजर आईं. पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'मैं बहुत खुश हूं. आज मदर्स डे है, मैं बहुत खुश हूं.'
शिवकाशी निर्वाचन क्षेत्र से TVK MLA-इलेक्ट एस कीर्तना ने विजय के सीएम पद के शपथ ग्रहण को लेकर कहा, 'आज तमिलनाडु और राज्य की जनता के लिए एक बड़ा दिन है. ये वो पल है जिसका सभी को इंतजार था.'
TVK विधायक कीर्तना आज विजय की कैबिनेट में सबसे युवा मंत्री के तौर पर शपथ लेंगी. 29 साल की कीर्तना शिवकाशी से नवनिर्वाचित विधायक हैं.
वीसीके प्रेसिडेंट थोल थिरुमावलवन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर विजय को सीएम बनने की बधाई दी है. उन्होंने लिखा, 'आज सुबह करीब 10 बजे, विदुथलाई चिरुथईगल काची की तरफ से पार्टी लीडर श्री विजय को दिल से बधाई, जो तमिलनाडु के मुख्यमंत्री का पद संभालेंगे.'
तमिलनाडु में विजय के साथ उनकी पार्टी TVK के 9 नेता भी मंत्री पद की शपथ लेंगे. इनमें आधव, आनंद, CTR निर्मल कुमार, कीर्तना और अरुण राज शामिल हैं. हालांकि, इस शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस का कोई भी नेता मंत्री पद की शपथ नहीं लेगा.
तमिलनाडु के डीआईजी (DIG) धर्मराजन विजय के शपथ ग्रहण समारोह से पहले उनके घर पर पहुंचे हैं. उन्होंने विजय को गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया. इस मुलाकात का मकसद विजय को उनकी सुरक्षा व्यवस्था और प्रोटोकॉल के बारे में जानकारी देना है.
सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने TVK चीफ और तमिलनाडु के CM बनने वाले विजय को उनके शपथ ग्रहण समारोह से पहले रेत की मूर्ति बनाकर बधाई दी है.
टीवीके प्रमुख और तमिलनाडु के सीएम पद की शपथ लेने जा रहे विजय के नीलांकरई आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. उनके घर के बाहर पुलिस बल तैनात है.
तमिलनाडु में नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण से पहले TVK नेता और नवनिर्वाचित विधायक केए सेंगोट्टैयन थलपति विजय के घर पहुंचे.
विजय की पार्टी टीवीके ने तमिलनाडु की 107 सीटों पर जीत दर्ज की थी. राज्य में सरकार बनाने के लिए उन्हें 118 विधायक चाहिए थे. ऐसे में टीवीके को कांग्रेस (5 सीटें), CPI (2 सीटें), CPI-M (2 सीटें), VCK (2 सीटें) और IUML (2 सीटें) का समर्थन मिला.
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी थलपति विजय के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे. ऐसे में वो सुबह-सुबह दिल्ली से तमिलनाडु के लिए रवाना हो गए हैं.