होली का त्योहार नजदीक आने के साथ-साथ ट्रेनों में भीड़ भी बढ़ती जा रही है. हालांकि, रेलवे देश के विभिन्न राज्यों खासकर दिल्ली, यूपी और बिहार रूट पर यात्रियों की सुविधा के लिए होली स्पेशल ट्रेनों का परिचालन कर रहा है. लेकिन इसके बाद भी दिल्ली, मुंबई, गुजरात और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों से यूपी-बिहार आने वाली तमाम ट्रेनों में लगभग सभी क्लास में रिजर्वेशन फुल हो चुके हैं. आलम यह है कि होली के मौके पर इन बड़े शहरों में आने-जाने के लिए फिलहाल रिजर्वेशन मिलना तो दूर की बात वेटिंग टिकट भी नहीं मिल पा रहा है.
दरअसल, होली के मौके पर विशेष रूप से दिल्ली, मुंबई, गुजरात, बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों में काम करने वाले त्योहार मनाने अपने गृहराज्य आते हैं. ऐसे में यूपी-बिहार रूट की ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ होती है. त्योहार नजदीक आने के साथ रिजर्वेशन कराना भी एक बड़ा मुश्किल भरा काम है, क्योंकि ट्रेनों की तमाम सीटें पहले से ही फुल हो चुकी हैं.
इस बार भी होली में कुछ ऐसे ही हालात दिखाई पड़ रहे रहे हैं. अगर हम दिल्ली से यूपी-बिहार की तरफ आने वाली ट्रेनों की बात करें तो मगध एक्सप्रेस, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र मेल, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस, विक्रमशिला एक्सप्रेस और गरीब रथ जैसी ट्रेनों में सभी क्लास में रिजर्वेशन फुल दिखाई दे रहे हैं.
इन ट्रेनों में सभी सीटें फुल
यही हाल मुंबई की तरफ से आने वाली एलटीटी राजेंद्र नगर एक्सप्रेस, मुंबई हावड़ा मुंबई मेल, एलटीटी पाटलिपुत्र एक्सप्रेस, मुंबई आसनसोल एक्सप्रेस सहित तमाम महत्वपूर्ण ट्रेनों में किसी भी क्लास में सीट खाली दिखाई नहीं दे रही है.
यही हाल गुजरात के सूरत से आने वाली ट्रेनों का भी है. सूरत भागलपुर एक्सप्रेस हो या फिर उधना दानापुर एक्सप्रेस, सभी ट्रेनों में होली के दौरान कोई भी सीट उपलब्ध नहीं है. हालांकि, भारतीय रेलवे लगातार होली स्पेशल ट्रेनों का परिचालन कर रहा है. लेकिन होली स्पेशल ट्रेनों में भी कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल दिखाई दे रहा है. उधर रेगुलर ट्रेनों में सीट की उपलब्धता नहीं होने की एक वजह यह भी है कि तमाम लोग सबसे पहले रेगुलर ट्रेनों में ही रिजर्वेशन कराना चाहते हैं. ताकि वह समय से अपने घरों को पहुंच सकें.
दिल्ली-मुंबई से यूपी-बिहार तक...कई राज्यों के लिए होली स्पेशल ट्रेनों का ऐलान, देखें लिस्ट
यात्रियों द्वारा स्पेशल ट्रेनों को वरीयता न दिए जाने की एक वजह यह भी बताई जाती है कि यह ट्रेन समय से नहीं चलती और अपने गंतव्य तक कब तक पहुंचाएंगी, इसका कोई ठिकाना नहीं रहता. हालांकि, अगर हम वर्तमान समय की बात करें तो हाल फिलहाल ट्रेनों में भीड़ कम दिखाई दे रही है. उम्मीद जताई जा रही है कि होली के 2 दिन पहले से ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ होनी शुरू हो जाएगी.
फिलहाल ट्रेनों में भीड़ न होने की वजह यह भी है कि सीबीएसई, आईसीएसई और यूपी बोर्ड की परीक्षाएं चल रही हैं. ऐसे में जिन परिवारों के बच्चे एग्जाम दे रहे हैं, वह परिवार जहां है वहीं पर रुका हुआ है. इस वजह से भी इस बार ट्रेनों में भीड़ कम दिखाई दे रही है.
उदय गुप्ता