पंजाब में स्थानीय निकाय चुनावों के लिए मतदान में अब महज कुछ ही दिन बाकी हैं, लेकिन सुतराणा से आप विधायक कुलवंत सिंह के एक ताजा बयान ने निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं. पातरा नगर काउंसिल के चुनाव प्रचार के दौरान विधायक ने सरेआम जीत सुनिश्चित करने के लिए 'गेट बंद' करने की बात कही, जिसे विपक्षी दल बूथ कैपचरिंग की धमकी के तौर पर देख रहे हैं.
चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कुलवंत सिंह ने अपनी जीत के प्रति अति-विश्वास जताते हुए कहा, "विपक्षी उम्मीदवारों का पैसा खराब होने जा रहा है क्योंकि वे जीतेंगे नहीं. अगर हमारी पार्टी का प्रधान नहीं बना, तो शहर का कोई काम नहीं होगा."
विधायक ने आगे कहा, "अगर चुनाव में कहीं थोड़ी-बहुत कमी रह गई, तो हम गेट बंद करके उसे पूरी कर लेंगे. हमने यह सब इन्हीं लोगों (पुरानी पार्टियों) से सीखा है."
सफाई भी पेश की
विवाद बढ़ता देख उन्होंने जोड़ा कि वे मारपीट नहीं करेंगे, बस गेट बंद करके 'अपना काम' करेंगे.
पहली बार 17-0 का दावा
विधायक कुलवंत सिंह ने दावा किया कि पातरा नगर काउंसिल में पहली बार 17-0 का मार्जिन होने जा रहा है. उन्होंने विपक्षी दलों यानी कांग्रेस, अकाली दल और BJP को साफ संदेश दिया कि उनका चुनाव में लड़ना व्यर्थ है.
विपक्ष की प्रतिक्रिया
कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल ने इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र की हत्या करार दिया है. विपक्षी नेताओं का कहना है कि आप विधायक चुनाव आयोग को चुनौती दे रहे हैं और अपनी सत्ता का दुरुपयोग कर धांधली की योजना बना रहे हैं.
पंजाब निकाय चुनाव 2026 की मुख्य तारीखें:-
मतदान की तारीख: 26 मई, 2026
मतगणना और नतीजे: 29 मई, 2026
असीम बस्सी