भारत और चीन के बीच सीमा पर स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है. इस बीच मंगलवार की शाम को सुरक्षा मामलों को केंद्रीय कमेटी की बैठक होनी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में ये बैठक की जाएगी, जिसमें लद्दाख सीमा पर मौजूदा स्थिति का मंथन होगा.
सुरक्षा समिति की बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बिपिन रावत भी शामिल हो सकते हैं. इसके अलावा आज ही केंद्रीय कैबिनेट, आर्थिक मामलों की कैबिनेट की बैठक होनी है, जिसमें अर्थव्यवस्था को लेकर भी फैसला हो सकता है.
आपको बता दें कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हाल ही में रूस का दौरा कर लौटे हैं, जहां उन्होंने चीनी रक्षा मंत्री से मुलाकात की थी. इस दौरान दोनों देशों के बीच सीमा विवाद को लेकर मंथन हुआ था, लेकिन उसके बाद भी हालात में कोई सुधार नहीं हुआ है.
बीते दिन लद्दाख सीमा पर चीन ने घुसपैठ की कोशिश की थी, जिसके बाद फायरिंग की घटना हुई. चीन ने पहले फायरिंग की, जिसके बाद भारतीय सैनिकों को डराने की कोशिश की गई. लेकिन भारतीय सेना ने चीन के उस आरोप को नकार दिया है जिसमें चीन ने भारत पर फायरिंग करने का आरोप लगाया था.
इसके बाद मंगलवार को भी चीन की ओर से रेजांग ला पर घुसपैठ की कोशिश की गई, जहां पर चीनी सेना के करीब 50 जवान भारतीय सेना के सामने आ गई और रेजांग ला पर कब्जे की कोशिश की.
गौरतलब है कि विदेश मंत्री एस. जयशंकर इस वक्त रूस के दौरे पर निकले हैं. जहां पर वो चीनी विदेश मंत्री से मिलेंगे. हाल ही में एस. जयशंकर ने कहा था कि सीमा पर हालात बहुत गंभीर हैं, ऐसे में राजनीतिक दखल के बाद ही इन्हें सुधारा जा सकता है.
पॉलोमी साहा