Kerala: ऑटो ड्राइवर ने जीती 25 करोड़ की लॉटरी, अब घर पर लगी पैसे मांगने वालों की लाइन

केरल ओनम बंपर लॉटरी में 25 करोड़ रुपये की इनामी धनराशि जीतने वाले ऑटो ड्राइवर के लिए यह लॉटरी परेशानियां लेकर आई हैं. उन्होंने फेसबुक पर वीडियो पोस्ट कर बताया कि लॉटरी जीतने के बाद उनके घर मदद मांगने वालों की लंबी लाइन लग गई है. इस वजह से उन्हें कई दिन अपने रिश्तेदार के घर पर भी बिताने पड़े.

Advertisement
लॉटरी जीतने वाला ऑटो ड्राइवर अनूप लॉटरी जीतने वाला ऑटो ड्राइवर अनूप

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 26 सितंबर 2022,
  • अपडेटेड 8:03 AM IST

केरल में 25 करोड़ रुपये की बंपर लॉटरी जीतने वाले ऑटो ड्राइवर अनूप के लिए यह इनामी धनराशि मुश्किल का सबब बन गई है. केरल के तिरुवनंतपुरम के रहने वाले अनूप ने 18 सितंबर को ओनम बंपर लॉटरी में 25 करोड़ रुपये जीते थे. वह शेफ के तौर पर काम करने के लिए मलेशिया जाने की योजना बना रहे थे. लेकिन यह लॉटरी उनके लिए खुशियों से ज्यादा परेशानियां लेकर आई है. 

Advertisement

अनूप ने हाल ही में फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा कि उनके लॉटरी जीतने की खबर मिलने के बाद दूर-दूर से लोग उनसे आर्थिक मदद मांगने उनके घर आने लगे. मुझे इस वजह से अपना घर तक शिफ्ट करना पड़ा. 

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, अनूप का कहना है कि मैं इन लोगों को बार-बार बताता रहा कि मुझे अभी इनामी धनराशि नहीं मिली है, इसके बावजूद लोगों ने मुझसे पैसे मांगना नहीं छोड़ा. यहां तक कि लोग उनका पीछा भी करने लगे हैं. 

इस वीडियो में अनूप काफी परेशान नजर आ रहे हैं. वह कहते हैं, मुझे बार-बार घर बदलना पड़ा. मैं अपने रिश्तेदार के घर भी रहा लेकिन किसी तरह लोगों को वहां का भी पता मिल गया. अब मैं अपने घर लौटा हूं क्योंकि मेरे बच्चे की तबीयत ठीक नहीं है. मैं अपने बच्चे को अस्पताल तक लेकर नहीं जा सकता, क्योंकि बार-बार लोग मुझसे मदद मांगने आ रहे हैं. मुझे अभी तक लॉटरी का पैसा तक नहीं मिला है.

Advertisement

लॉटरी खुशी से ज्यादा परेशानियां लेकर आई

उन्होंने कहा कि जब मुझे पता चला कि मैंने लॉटरी में इतनी बड़ी धनराशि जीती है, तो मेरी खुशी सातवें आसमान पर थी लेकिन जल्द ही स्थिति बदल गई. मेरे पड़ोसी भी मुझसे खफा हो गए हैं क्योंकि दूर-दूर से लोग पैसे मांगने मेरे घर आ रहे हैं. ये लोग हमेशा मेरे घर और आसपास के इलाकों में मंडराते रहते हैं.

अनूप को अब लगता है कि उन्हें लॉटरी में फर्स्ट प्राइज नहीं जीतना चाहिए था. दूसरा या तीसरा प्राइज जीतना ही काफी रहता.

बता दें कि तिरुवनंतपुरम के रहने वाले अनूप ने 17 सितंबर को विनिंग टिकट खरीदी थी. केरल लॉटरी के अनुसार, अनूप ने TJ750605 नंबर का लॉटरी टिकट लिया था. संयोग से जब ड्रॉ निकला तो यही टिकट सबसे बड़े पुरस्कार यानी 25 करोड़ रुपये वाला था. इस तरह अनूप एक झटके में करोड़पति बन गए. हालांकि अनूप को यह पूरी रकम नहीं मिलने वाली है. चूंकि भारत में लॉटरी से हुई कमाई पर भारी-भरकम टैक्स देना पड़ता है, अनूप को भी टैक्स काटने के बाद बाकी की रकम मिलेगी. उन्हें टैक्स काटकर 15 करोड़ 75 लाख रुपये मिलने वाले हैं.

केरल सरकार को होती है खूब कमाई

केरल सरकार के लिए लॉटरी इनकम के सबसे अहम स्रोतों में से एक है. इस बार ओनम बंपर के 67 लाख टिकट प्रिंट किए गए थे. एक टिकट की कीमत 500 रुपये थी और लगभग सारे टिकट बिक गए थे.

Advertisement

ऑटो ड्राइवर अनूप को टिकट बेचने वाले एजेंट तंकाराज को भी पहले पुरस्कार का कमिशन मिलने वाला है. ओनम के जश्न की शुरुआत 30 अगस्त को हुई थी. ओनम पौराणिक राजा महाबलि की याद में मनाया जाने वाला त्योहार है. इसे केरल में पूरे उत्साह के साथ मनाया जाता है.

(Input- सिबिमोल के जी)

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement