Advertisement

Parliament Budget Session Live: राहुल गांधी के बयान पर लोकसभा में फिर हंगामा, कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित

aajtak.in | नई दिल्ली | 02 फरवरी 2026, 4:43 PM IST

Parliament Budget Session Live Updates: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज धन्यवाद प्रस्ताव पर बोल रहे हैं. राहुल गांधी ने डोकलाम और चीनी घुसपैठ का मुद्दा उठा दिया, जिस पर जोरदार हंगामा हो रहा है.

राहुल गांधी ने की डोकलाम की बात (Photo: PTI)

संसद के चालू बजट सत्र का आज चौथा दिन है. बजट सत्र की शुरुआत 29 जनवरी को राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ हुई थी. दूसरे दिन वित्त मंत्री ने आर्थिक सर्वे पेश किया था. तीसरे दिन 1 फरवरी को वित्त मंत्री ने देश का आम बजट पेश किया था. आज बजट सत्र का चौथा दिन है.

आज से राष्ट्रपति के अभिभाषण को लेकर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हो गई है. केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया. इस प्रस्ताव पर लोकसभा में 18 और राज्यसभा में 16 घंटे का समय तय किया गया है. इस प्रस्ताव पर बोलने वाले वक्ताओं की लिस्ट सामने आ गई है.
 

4:43 PM (13 मिनट पहले)

'45 सेंट्रल यूनिवर्सिटी में से 38 वीसी सामान्य वर्ग के', राज्यसभा में बोले संजय सिंह

Posted by :- Bikesh Tiwari

संजय सिंह ने राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कहा कि आप कहते हैं कि गांधी की हत्या से संघ का कोई लेना-देना नहीं. हम कहते हैं कि आइए, हम सब मिलकर उस विचारधारा की हत्या करें, जिसने गांधी की हत्या की. क्या बजरंगबली ने कहा है कि चर्च में हनुमान चालीसा पढ़ो. राम जी ने कहा है कि मस्जिद के सामने रामचरित मानस का पाठ करो. राम मंदिर में जाइए और पाठ करिए. आप देश को बांटने का काम कर रहे हैं. 25 दिसंबर को बीजेपी की एक महिला नेता चर्च में जाती है और एक नेत्रहीन महिला को डांटती है और कहती है कि तुम इससे गलत काम कराती हो. इस देश के अंदर ये हो रहा है. नफरत की राजनीति को पहले मारना होगा और आपकी ये राजनीति रुक नहीं रही है. वह असीमित है. अभी आप एक बिल लेकर आए, उस पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि यह अस्पष्ट है, यूजीसी का. ऐसा बिल लेकर क्यों आए, देश में झगड़े का माहौल क्रिएट किया. आप कभी भी दलित-पिछड़ा-आदिवासी के हितैषी रहे ही नहीं हैं. आप बस हल्ला मचा रहे थे, सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दिया. आपने इस देश के अंदर विश्वविद्यालयों के अंदर आरक्षण खतम किया है, ये सच्चाई है. 80 फीसदी से ज्यादा पोस्ट आरक्षित वर्ग की खाली पड़ी है. 45 सेंट्रल यूनिवर्सिटीज में से 38 वीसी सवर्ण हैं. केवल सात दलित-पिछड़े आदिवासी हैं. इसका मतलब आपकी मानसिकता है कि दलित-पिछड़ा आदिवासी वीसी बनने, प्रोफेसर बनने के योग्य नहीं हैं. आप न्याय नहीं, नौटंकी करते हैं. अगर आपकी नीयत साफ है तो हर यूनिवर्सिटी में दो तरह की कमेटी बनाइए. एक जाति आधारित भेदभाव के लिए एक और दूसरा भाषा और अन्य भेदभाव के लिए बनाते. कोई झगड़ा नहीं होता.

4:18 PM (38 मिनट पहले)

राहुल गांधी के बयान पर फिर हंगामा, लोकसभा की कार्यवाही कल तक स्थगित

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा में राहुल गांधी के बयान पर तीसरी बार जोरदार हंगामा हुआ है. जोरदार हंगामे के बाद लोकसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई है. आसन से जगदंबिका पाल ने सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी. इससे पहले स्पीकर ने राहुल गांधी को चेतावनी दी कि अगर वह मन बनाकर आए हों कि नहीं बोलना है, तो वे अगले वक्ता अखिलेश यादव को बुलाएंगे.

4:15 PM (42 मिनट पहले)

पीएम-रक्षा मंत्री सहज नहीं, बोलने नहीं दिया जा रहा- राहुल गांधी 

Posted by :- Bikesh Tiwari

राहुल गांधी ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा है, यह प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री के लिए असहज करने वाला है. इस पर आसन से जगदंबिका पाल ने कहा कि वे असहज नहीं हैं. उन्होंने एक सवाल पूछा था कि किताब प्रकाशित है कि नहीं है. राहुल गांधी ने कहा कि अगर वे सहज नहीं हैं तो आप मुझे बोलने नहीं देंगे. राहुल गांधी ने कहा कि मुझे बूोलने नहीं दिया जा रहा है. राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े इस मुद्दे पर चर्चा जरूरी है.

4:13 PM (44 मिनट पहले)

राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा, दो-तीन घंटे से बोलना चाह रहा- राहुल गांधी

Posted by :- Bikesh Tiwari

राहुल गांधी ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा बहुत महत्वपूर्ण मुद्दा है, जिस पर पिछले दो-तीन घंटे से बोलना चाह रहा हूं. राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री-गृह मंत्री भाग गए. इस पर उनको आसन से जगदंबिका पाल ने टोका और कहा कि उस पर व्यवस्था आ चुकी है. अगर आपने तय कर लिया हो कि नहीं बोलना है. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि कोई भागता है क्या. हम लोग बैठे हैं, आप बोलिए. हम लोग सुन रहे हैं. चेयर से जगदंबिका पाल ने कहा कि स्पीकर ने लगातार रुलिंग दी, आपको अलाऊ किया जा रहा है कि बोलिए. इस पर विपक्ष की ओर से किसी ने कुछ कहा. इस पर भड़के जगदंबिका पाल ने कहा कि चेयर के लिए कोई सम्मान नहीं है. आपको किसने अलाऊ किया. उन्होंने राहुल गांधी से कहा कि आप बोलिए, नहीं तो फिर मैं अखिलेश यादव को बुलाऊंगा. विपक्षी सदस्यों ने चेयर पर बोलने नहीं देने का आरोप लगाया. जगदंबिका पाल ने कहा कि स्पीकर चालू है, बोलिए.

Advertisement
4:03 PM (54 मिनट पहले)

लोकसभा की कार्यवाही फिर शुरू, आसन पर आए जगदंबिका पाल

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा की कार्यवाही फिर से शुरू हो गया है. आसन पर जगदंबिका पाल आए हैं. जगदंबिका पाल ने कहा कि मेरे आने से सदन का माहौल खुशगवार हो गया है. सभी दलों के नेता चाहते हैं कि सदन चले. जब आज आपको राष्ट्रपति के अभिभाषण पर महत्वपूर्ण अवसर मिल रहा है, तो आप सुझाव आलोचना जो भी करना चाहें, करें. आग्रह कर रहा हूं कि अब आप राष्ट्रपति के अभिभाषण पर भाषण करें.

4:00 PM (57 मिनट पहले)

NDA संसदीय दल की बैठक कल, संबोधित कर सकते हैं पीएम मोदी

Posted by :- Bikesh Tiwari

संसद के चालू बजट सत्र के बीच सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने 3 फरवरी को संसदीय दल की बैठक बुलाई है. इस बैठक में चालू सत्र के लिए गठबंधन की रणनीति तय होगी. संसदीय दल की इस बैठक को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी संबोधित कर सकते हैं.

3:29 PM (एक घंटा पहले)

चीन ने दो हजार वर्ग किलोमीटर भारतीय भूभाग पर किया कब्जा- दिग्विजय सिंह

Posted by :- Bikesh Tiwari

दिग्विजय सिंह ने राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान चीन का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि चीन ने ईस्टर्न लद्दाख पर कब्जा कर लिया है. करीब दो हजार वर्ग किलोमीटर भारतीय क्षेत्र पर चीन ने कब्जा किया हुआ है. ये हमने नहीं कहा है, ये एसपी लद्दाख ने कहा है कि चीन ने हमारे 65 में से 26 पैट्रोलिंग पॉइंट पर कब्जा कर लिया है. उन्होंने लोकसभा में राहुल गांधी के यह मुद्दा उठाने का जिक्र करते हुए कहा कि इसका जवाब प्रधानमंत्री को देना चाहिए. जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने जो कुछ कहा है, उसका उत्तर उनको यहां देना चाहिए. देश के लोकतंत्र पर आज खतरा है. जो सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम किया गया था, वह कमजोर हो रहा है. कट्टरपंथी ताकतें एक तरफ हिंदुओं और दूसरी तरफ मुस्लिमों को भड़का रही हैं.

3:13 PM (एक घंटा पहले)

राहुल गांधी ने फिर की डोकलाम की बात, जोरदार हंगामा, लोकसभा 4 बजे तक स्थगित

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोक्सभा में राहुल गांधी ने फिर से डोकलाम की बात की. इस बात पर सदन में जोरदार हंगामा हुआ. जोरदार हंगामे के बीच स्पीकर ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही शाम 4 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी.

3:08 PM (एक घंटा पहले)

'जो नेता प्रतिपक्ष कह रहे, पूरी तरह काल्पनिक' लोकसभा में बोले राजनाथ

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा की कार्यवाही फिर शुरू हो गई है. लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही राहुल गांधी ने फिर से वहीं से बात शुरू की, जहां से सदन स्थगित हुआ था. इस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जो बातें कह रहे हैं, उसका सोर्स क्या है. यह पूरी तरह काल्पनिक है. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि हमारे बीच मतभेद हो सकते हैं, लेकिन ऐसी बात मत बोलिए जिसका देश को नुकसान हो. जो बोलना चाह रहे हैं, उसका सेना के मनोबल पर नकारात्मक असर पड़ेगा. राहुल गांधी ने फिर कहा कि चीन के चार टैंक कैलाश रिज... इस पर फिर हंगामा हो गया. स्पीकर ने कहा कि सदन नियमों से चलेगा. व्यवस्था दे चुका हूं. विपक्ष के नेता से आग्रह है कि राष्ट्रपति के अभिभाषण पर बोलें, मुझे कोई दिक्कत नहीं है. आसन से व्यवस्था देने के बाद भी आप उसकी लगातार अवहेलना कर रहे हैं. राष्ट्रीय हित के विषय पर हम सेना की आलोचना करेंगे, तो ये उचित नहीं होगा. राहुल गांधी ने कहा कि जो हुआ है, वह सेना के सब लोगों को मालूम है. आप यहां जनता से छिपा रहे हो, सेना के एक-एक जवान को मालूम है. यह रिएलिटी है. उन्होंने कहा कि जो हुआ है, उसे यहां फिर जनता से छिपाने की कोशिश क्यों की जा रही है.

Advertisement
2:58 PM (एक घंटा पहले)

'शर्मनाक राजनीति...', बीजेपी का राहुल गांधी पर वार

Posted by :- Bikesh Tiwari

बीजेपी ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे का एक पुराना वीडियो ट्वीट कर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को घेरा है. बीजेपी ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी अपनी गंदी राजनीति में एक पूर्व सेना प्रमुख को घसीट रहे हैं. वह ऐसी किताब की बात कर रहे, जो कभी प्रकाशित ही नहीं हुई.

 

2:51 PM (2 घंटे पहले)

लोकसभा में तीन बजे से मौजूद नहीं रहेंगे पीएम मोदी

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा की कार्यवाही जोरदार हंगामे के कारण शाम तीन बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी. सदन में तब पीएम मोदी भी मौजूद थे. अब सूत्रों की मानें तो शाम तीन बजे जब लोकसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू होगी, तब पीएम मोदी सदन में मौजूद नहीं होंगे. पीएम राहुल गांधी के व्यवहार से दुखी बताए जा रहे हैं. सत्ता पक्ष का कहना है कि राहुल गांधी ने संसद की मर्यादा का पालन नहीं किया, स्पीकर की रुलिंग नहीं माना.

(इनपुट- हिमांशु मिश्रा)

2:20 PM (2 घंटे पहले)

'डोकलाम में टैंक...', राहुल गांधी संसद में क्या कहना चाहते थे जिसपर मच गया हंगामा

Posted by :- Bikesh Tiwari

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान लोकसभा में उस वक्त हंगामा मच गया जब विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने डोकलाम में चीनी घुसपैठ का जिक्र किया. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दावों पर सवाल उठाए, जबकि स्पीकर ओम बिरला ने नियमों का हवाला देकर राहुल गांधी को रोका.

यह भी पढ़ें: 'डोकलाम में टैंक...', राहुल गांधी संसद में क्या कहना चाहते थे जिसपर मच गया हंगामा

2:13 PM (2 घंटे पहले)

हंगामे के कारण लोकसभा में गतिरोध, कार्यवाही 3 बजे तक स्थगित

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा में जोरदार हंगामे के कारण गतिरोध उत्पन्न हो गया है. तेजस्वी सूर्या पर विपक्ष की देशभक्ति पर सवाल उठाने के आरोप और हंगामे पर अमित शाह ने कहा कि उन्होंने सरकार की मंशा पर सवाल उठाए थे, विपक्ष की देशभक्ति पर नहीं. हंगामे के कारण स्पीकर ने सदन की कार्यवाही तीन बजे तक स्थगित कर दी. 

 

2:09 PM (2 घंटे पहले)

राहुल गांधी को रोक स्पीकर ने ले लिया अखिलेश यादव का नाम, खड़े हुए शाह

Posted by :- Bikesh Tiwari

राहुल गांधी ने कहा कि आपने किताब कोट करने से मना किया, हमने मैग्जिन कोट करने की बात कही. आपने उसपर भी मना किया, हमने कहा कि भारत-चीन संबंधों पर बोलूंगा. अब आप उससे भी मना कर रहे हैं. स्पीकर ने कहा कि राष्ट्रपति के अभिभाषण में चीन का कोई उल्लेख नहीं है. देश की प्रतिष्ठा बनाए रखना सबका कर्तव्य है. राहुल गांधी ने कहा कि आपका कहना है कि राष्ट्रपति के संबोधन का इंटरनेशनल रिलेशंस से कोई नाता नहीं है. हम चीन-पाकिस्तान पर नहीं बोल सकते. ये क्या बात है. राहुल गांधी ने कहा कि आपके मंत्री बोलेंगे. राहुल गांधी ने कहा कि आप मुझे बोलने तो दीजिए. ये बात चीन-पाकिस्तान के बारे में नहीं है. ये बात आपके प्रधानमंत्री के बारे में है. इस पर स्पीकर ने टोका और कहा कि सदन में बोलना है तो नियम-प्रक्रिया से चलेगा. नहीं बोलना चाहते, तो अगले वक्ता को बुलाऊंगा. इसके बाद राहुल गांधी ने कहा कि इसमें सर प्रधानमंत्री का कैरेक्टर, राजनाथ सिंह... राहुल गांधी ने इतना ही कहा था कि स्पीकर ने अगले वक्ता के रूप में अखिलेश यादव का नाम ले लिया. स्पीकर ने कहा कि नियम से बोलना पड़ेगा. अमित शाह ने कहा कि तेजस्वी सूर्या ने कहीं भी विपक्ष की देशभक्ति या कैरेक्टर पर सवाल नहीं उठाया. शाह ने कहा कि आप सदन किस तरह से चलाना चाहते हैं.

Advertisement
2:00 PM (2 घंटे पहले)

'चीनी टैंक्स कैलाश रिज पर चढ़ रहे थे...', राहुल गांधी की बात पर लोकसभा में हंगामा

Posted by :- Bikesh Tiwari

राहुल गांधी ने कहा कि ये कहते हैं कि हम टेररिज्म से लड़ते हैं, एक तथ्य से डरते हैं. उसमें ऐसा क्या है, जिसे हम पढ़ नहीं सकते. हमें पढ़ने दीजिए ना. इसमें वह पूरी बात है कि डोकलाम में क्या हु्आ था. जो कह रहा हूं, उसकी जिम्मेदारी लेता हूं. उन्होंने कहा कि नरवणे जी ने लिखा है. इस पर फिर हंगामा शुरू हो गया. राजनाथ सिंह ने कहा कि नरवणे को अगर लगता था कि रोक गलत लगाई गई है, तो वे कोर्ट जा सकते थे. वह कोर्ट क्यों नहीं गए. राहुल गांधी ने कहा कि चीन के टैंक्स कैलाश रिज पर आ रहे थे. इस पर फिर हंगामा हुआ. राजनाथ ने कहा कि विपक्ष के नेता सदन को गुमराह करने की कोशिश ना करें. स्पीकर ने कहा कि आप नियमों का पालन करें. राहुल गांधी ने कहा कि वहां किसी देश की सीमा है. सीमा पार पड़ोसी देश से चार टैंक सीमा में दाखिल हुए. इस पर फिर हंगामा हुआ. स्पीकर ने राहुल गांधी को टोका.राहुल गांधी ने कहा कि स्पीकर सर, आप ही बता दीजिए मैं क्या बोलूं. स्पीकर ने कहा कि आपका सलाहकार नहीं हूं. फिर भी, आप सदन की मर्यादा रखें. राहुल गांधी ने कहा की चीनी टैंक्स कैलाश रिज पर चढ़ रही थीं. संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि सदन नियम से चलता है. ये नियम ही नहीं मानते हैं. ऐसे सदस्य के साथ क्या करना चाहिए, इस पर भी चर्चा होनी चाहिए. आप खुद नियमों का उल्लंघन करेंगे, आपके सदस्य कैसे सीखेंगे. स्पीकर ने भी आसन की बार-बार अवहेलना के लिए हिदायत दी.

1:49 PM (3 घंटे पहले)

अखिलेश ने किया राहुल गांधी का समर्थन, डॉक्टर लोहिया का किया जिक्र

Posted by :- Bikesh Tiwari

राहुल गांधी ने इसके बाद एक मैग्जिन का आर्टिकल कोट करने की बात कही. इस पर भी ट्रेजरी बेंच से हंगामा हुआ. रक्षा मंत्री ने इस पर आपत्ति की और कहा कि ऐसा करने की इजाजत इनको नहीं दी जानी चाहिए. अखिलेश यादव ने चीन के सवाल को सेंसिटिव बताते हुए कहा कि अगर कोई सुझाव देशहित में है, तो विपक्ष के नेता को पढ़ देना चाहिए. अखिलेश ने डॉक्टर लोहिया से लेकर मुलायम सिंह यादव तक का उल्लेख करते हुए कहा कि हमें चीन से सावधान रहना है. संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि हम सुनने के लिए बैठे हैं. रूलिंग के बाद ये फिर से पढ़ रहे हैं, ऐसे सदन कैसे चलेगा. आज राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा हो रहा है. विपक्ष के नेता खुद बोलना नहीं चाहते. यहां किसी की मनमानी से सदन नहीं चलेगा. वेणुगोपाल ने रूल 349 पढ़कर सुनाया और दावा किया कि तेजस्वी सूर्या ने कांग्रेस पार्टी पर आरोप लगाए हैं. इस पर अमित शाह ने कहा कि जो सदस्य ने कहा, वह सत्य नहीं है. तेजस्वी सूर्या ने 2004 से 2014 तक के राष्ट्रपति के अभिभाषण को कोट कर कहा है कि ये शब्द मुझे नहीं मिले हैं. ये उसे राष्ट्रपति के अभिभाषण से ही काउंटर कर सकते हैं. इस पर वेणुगोपाल ने बोलना शुरू किया. स्पीकर ने उन्हें हिदायत देते हुए कहा कि विपक्ष के नेता बोलेंगे. सदन में एलओपी एडवोकेट नहीं खड़े करते.

1:37 PM (3 घंटे पहले)

सदन को गुमराह कर रहे राहुल गांधी- राजनाथ सिंह

Posted by :- Bikesh Tiwari

अमित शाह  ने कहा कि विवाद राहुल गांधी ने ही समाप्त कर दिया है. वह खुद कह रहे हैं कि किताब प्रकाशित नहीं हुई है. राहुल गांधी ने कहा कि यह सौ फीसदी ऑथेंटिकेटेड है. राजनाथ सिंह ने कहा कि राहुल गांधी सदन को गुमराह कर रहे हैं. यह किताब प्रकाशित ही नहीं हुई है, उसका उल्लेख कहां से कर रहे हैं. निशिकांत दुबे ने पॉइंट ऑफ ऑर्डर रेज किया. स्पीकर ने कहा कि अखबार की कटिंग, किताब पर चर्चा की परंपरा नहीं रही है. इसका पालन करिए. राहुल गांधी ने कहा कि यह विषय नहीं उठाने वाला था, लेकिन कांग्रेस पार्टी पर आरोप लगे तो इसे उठाना पड़ेगा. स्पीकर ओम बिरला ने नियम भी बताया और राहुल गांधी से आगे बढ़ने के लिए कहा. राहुल गांधी ने फिर से मनोज नरवणे की पुस्तक का जिक्र किया. राजनाथ सिंह ने कहा कि विपक्ष के नेता पुस्तक सदन के सामने प्रस्तुत कर दें, मैं और सदन वह पुस्तक देखना चाहते हैं. स्पीकर ने कहा कि सदन में बोलने का अधिकार है, लेकिन यह नियम प्रक्रियाओं और परंपराओं से चलता है.

1:34 PM (3 घंटे पहले)

राहुल गांधी के डोकलाम बयान पर जोरदार हंगामा, राजनाथ ने विश्वसनीयता पर उठाए सवाल

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान बोल रहे हैं. राहुल गांधी ने तेजस्वी सूर्या की ओर से भारतीय संस्कृति को लेकर कांग्रेस पर लगाए गए आरोप खारिज करते हुए कहा कि इसका जदवाब देंगे. राहुल गांधी ने डोकलाम पर आर्मी चीज नरवाल को कोट करते हुए बोलना शुरू किया. इस पर राजनाथ सिंह खड़े हुए. इस पर जमकर हंगामा हुआ. स्पीकर ने राहुल गांधी से ऑथेंटिंकेट करने के लिए कहा. रक्षा मंत्री राजनाथ ने सवाल किया कि जिस किताब की बात कर रहे हैं, वह प्रकाशित हुई है कि नहीं हुई है. राजनाथ ने कहा कि ये किताब प्रकाशित नहीं हुई है. राजनाथ ने डोकलाम और चीनी घुसपैठ को लेकर राहुल गांधी का बयान शुरू होते ही तथ्य की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए. राहुल गांधी ने कहा कि यह किताब सरकार प्रकाशित नहीं होने दे रही है.

1:22 PM (3 घंटे पहले)

थोड़ी देर में बोलने वाले हैं राहुल गांधी, पीएम मोदी भी सदन में मौजूद

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी थोड़ी देर में बोलने वाले हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सदन में मौजूद हैं. तेजस्वी सूर्या ने यूपीए सरकार के 10 साल के कार्यकाल को लेकर विपक्ष को घेरते हुए कहा कि इनके भाषणों में विकसित भारत की बात तक नहीं होती थी. राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस 95 चुनाव हार चुकी है. सौ हार के लिए अग्रिम बधाई देता हूं. इससे पहले पीएम मोदी का सदन में ट्रेजरी बेंच के सदस्यों ने मेजें थपथपाकर स्वागत किया.

Advertisement
1:13 PM (3 घंटे पहले)

तेजस्वी सूर्या की बात पर लोकसभा में हंगामा

Posted by :- Bikesh Tiwari

तेजस्वी सूर्या ने आतंकवाद से लेकर तमाम मुद्दों पर यूपीए सरकार को घेरा. इस पर् कांग्रेस सांसद हिबी इडेन ने आपत्ति की. अमित शाह खड़े हुए और कहा कि तेजस्वी सूर्या ने राष्ट्रपति के अभिभाषण की बात की है. तेजस्वी सूर्या ने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर से लेकर राम मंदिर तक, मोदी सरकार में धार्मिक स्थलों के विकास गिनाए.

1:07 PM (3 घंटे पहले)

लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलेंगे राहुल गांधी, पीएम भी होंगे मौजूद

Posted by :- Bikesh Tiwari

राष्ट्रपति के धन्यवाद प्रस्ताव पर राहुल गांधी आज लोकसभा में बोलेंगे. राहुल गांधी सदन में हैं. राहुल गांधी के संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सदन में मौजूद रहेंगे.

12:58 PM (3 घंटे पहले)

Parliament Session: तेजस्वी सूर्या ने धन्यवाद प्रस्ताव का किया समर्थन, यूपीए को घेरा

Posted by :- Bikesh Tiwari

बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या ने सर्बानंद सोनोवाल की ओर से पेश धन्यवाद प्रस्ताव का समर्थन किया. सूर्या ने कहा कि अंतिम 12 साल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता लगातार बढ़ी है. लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री को थंपिंग मेजॉरिटी के साथ सरकार बनाने का जनादेश मिला. यूपीए सरकार के 10 साल में राष्ट्रपति के संबोधनों को पलट रहा था. सबसे बड़ा बदलाव जो हुआ है, वो ये है कि हर अभिभाषण में एक करप्शन के उल्लेख की भी जरूरत नहीं है. 2011 के राष्ट्रपति के अभिभाषण में राष्ट्रपति ने कहा था कि करप्शन का सबसे ज्यादा नुकसान गरीब को होता था. यूपीए के 10 साल पॉलिसी पैरालिसिस के 10 साल थे. 2009 और 2010 के साथ ही 2011 में राष्ट्रपति के अभिभाषण को कोट करते हुए तेजस्वी सूर्या ने कहा कि 2013 में कहा गया कि हमारे विकास को ग्लोबल और डोमेस्टिक फैक्टर्स प्रभावित कर रहे हैं. आज के अभिभाषण में राष्ट्रपति ने कहा कि भारत दुनिया में सबसे तेजी से विकास कर रहा अर्थव्यवस्था बना हुआ है. वीक लीडरशिप एक्सक्यूज देते हैं, ग्रेट लीडरशिप नहीं. यही फर्क कांग्रेस पार्टी और नरेंद्र मोदी के बीच का फर्क है. सभी चुनौतियों के बावजूद देश दुनिया में सबसे तेजी से विकास कर रहा अर्थव्यवस्था बना हुआ है. यूपीए के राष्ट्रपति अभिभाषणों में आंतरिक सुरक्षा की बात क्या होती थी.  

12:44 PM (4 घंटे पहले)

कांग्रेस ने नॉर्थ ईस्ट को लूटा है, जनता ने किया रिजेक्ट- सोनोवाल

Posted by :- Bikesh Tiwari

सर्बानंद सोनोवाल ने सभी से राष्ट्रपति के अभिभाषण का स्वागत करने की अपील करते हुए कहा कि नफरत जहर है. देश के विकास के मामले में सबको एक साथ जुड़ जाना चाहिए. असम और नॉर्थ ईस्ट में कांग्रेस की कोई जगह नहीं है. नॉर्थ ईस्ट के लोगों ने आपको रिजेक्ट कर दिया है. आपने पूरे नॉर्थ ईस्ट को लूटा है. सोनोवाल की ओर से पेश किए गए धन्यवाद प्रस्ताव का तेजस्वी सूर्या ने समर्थन किया.

12:40 PM (4 घंटे पहले)

'आपके नेता ने गमछा फेंक दिया', सर्बानंद सोनोवाल का राहुल गांधी पर वार

Posted by :- Bikesh Tiwari

सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि मोदी जी के पावरफुल विजन की वजह से शिपिंग सेक्टर में आने वाले दिनों में 80 लाख करोड़ का निवेश आएगा. कांग्रेस ने इस सेक्टर का महत्व नहीं समझा. प्रधानमंत्री ने अपने 11 साल के कार्यकाल में ही नॉर्थ ईस्ट को सर्वोच्च सम्मान दिया. सबसे बड़ी रिफाइनरी, सबसे बड़ा फर्टिलाइजर प्लांट, इंडस्ट्रीज, एम्स, आईआईएम... सब दिया. आपके नेता ने तो गमछा फेंक दिया. आप समझ नहीं पाए उसका महत्व. हमारे प्रधानमंत्री कहते हैं- विकास भी, विरासत भी. भूपेन हजारिका को भारत रत्न की मांग होती रही, आपने नहीं दिया. मोदी जी ने बिना मांगे दे दिया. मोदी ने कहा कि असम का विकास होगा, तो भारत का विकास होगा. मोदी जी को असम की पांच करोड़ जनता अपना नेता मानती है. दुनिया में भारत का मान बढ़ा है, ये मोदी जी विजन का पावर है. मोदी जी के नेतृत्व में भारत को दुनिया का सबसे शक्तिशाली देश बनाने का मन बना लिया है. वह  दिन दूर नहीं, जब भारत दुनिया का सबसे शक्तिशाली देश बनेगा. आज स्पष्ट हो गया है कि देश में ही कंटेनर बनेगा. जहाज देश में ही बनेगा, हम खरीदेंगे नहीं.

Advertisement
12:31 PM (4 घंटे पहले)

जनता नहीं भूली है कांग्रेस का काला इतिहास- सोनोवाल 

Posted by :- Bikesh Tiwari

सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि कांग्रेस का जो काला इतिहास है, उसे नॉर्थ ईस्ट और देश की जनता कभी भूल नहीं सकती. कांग्रेस ने 55 साल से ज्यादा शासन किया, लेकिन वह देश को आगे नहीं बढ़ा पाई. पीएम मोदी ने आज यह साबित किया कि वह देशभक्त हैं और देश सेवा के लिए नई पीढ़ी को रास्ता दिखाया. मोदी की अगुवाई में देश आज विकसित भारत की ओर अग्रसर है. कांग्रेस के सांसदों से भी अपील है कि मोदी जी के कार्यक्रम से जुड़ जाइए. जनता आपका काला इतिहास जनता कभी भूलेगी नहीं. आज हर वर्ग को अपना जीवन स्तर सुधारने का मौका मिला है. जिस रफ्तार से देश तरक्की कर रहा है, सही नीति और सही नीयत से लक्ष्य हासिल हो सकता है. यह  साबित हुआ है. सौभाग्यशाली हूं कि मोदी जी के नेतृत्व में देश सेवा का मौका मिला है. पहले ये ट्रेंड था कि राजनीति में वादे करने वाले वादे नहीं निभाते. मोदी जी ने इस सोच को बदलने का काम किया.

12:24 PM (4 घंटे पहले)

मोदी सरकार ने जनजातियों को दिया सम्मान- सोनोवाल

Posted by :- Bikesh Tiwari

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने राष्ट्रपति के अभिभाषण को इंक्लूसिव बताया और कहा कि यह हमारी सरकार के विजनरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को दर्शाता है. देश 2014 में फ्रेजाइल फाइव इकोनॉमी में था और 11 वर्ष बाद आज दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था है. मोदी है तो मुमकिन है. उन्होंने जन धन खाते से लेकर उज्ज्वला गैस तक, सरकार की उपलब्धियों की चर्चा की और कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को आदिवासी गौरव दिवस के रूप में मनाकर मोदी सरकार ने जनजातियों को भी सम्मान दिया. यह जनजातियों के लिए गौरव का विषय है.

12:08 PM (4 घंटे पहले)

Parliament Session: लोकसभा में प्रश्नकाल के बाद अब आया धन्यवाद प्रस्ताव

Posted by :- Bikesh Tiwari

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव लोकसभा में पेश हो गया है. केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने धन्यवाद प्रस्ताव पेश कर दिया है. बीजेपी सांसद सोनोवागल पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री हैं.

12:05 PM (4 घंटे पहले)

राज्यसभा में जीरो ऑवर  समाप्त, अब शुरू  हो गया प्रश्नकाल

Posted by :- Bikesh Tiwari

राज्यसभा में शून्यकाल समाप्त हो गया है. उच्च सदन में अब प्रश्नकाल शुरू हो गया है. शून्यकाल के दौरान सदस्यों ने लोक महत्व के मुद्दे उठाए. अब सदस्य लोकहित से जुड़े विषयों को लेकर प्रश्न पूछ रहे हैं.

 

11:40 AM (5 घंटे पहले)

Parliament Session: धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देंगे पीएम मोदी

Posted by :- Bikesh Tiwari

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जवाब देंगे. पीएम मोदी लोकसभा में 4 फरवरी को धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देंगे. पीएम मोदी 5 फरवरी को राज्यसभा में चर्चा का जवाब देंगे. धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के बाद बजट पर चर्चा शुरू होगी.

Advertisement
11:36 AM (5 घंटे पहले)

Parliament Budget Session: सौगत रॉय ने उठाया छोटी डिस्पेंसरी का मुद्दा

Posted by :- Bikesh Tiwari

पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत रॉय ने लोकसभा में छोटी डिस्पेंसरी को लेकर प्रश्न पूछा. सौगत रॉय के सवाल पर सरकार की ओर से यह जानकारी दी गई कि पश्चिम बंगाल में 19 डिस्पेंसरी को मंजूरी दी गई है. वहां जल्द ही डॉक्टर्स की तैनाती भी की जाएगी. 

11:34 AM (5 घंटे पहले)

Parliament Budget Session : धन्यवाद प्रस्ताव पर आज बोलेंगे राहुल गांधी

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान बोल सकते हैं. राहुल गांधी के विपक्ष की ओर से चर्चा की शुरुआत करने की संभावना है. धन्यवाद प्रस्ताव पर पहले दिन की चर्चा के लिए कांग्रेस के वक्ताओं की जो लिस्ट सामने आई है, उसके मुताबिक विपक्ष के नेता राहुल गांधी पहले वक्ता होंगे. इस लिस्ट में तारिक अनवर, अमरिंदर राजा वडिंग, एंटो एंटोनी और ज्योतिमणि के भी नाम हैं.

11:31 AM (5 घंटे पहले)

Parliament Session: धन्यवाद प्रस्ताव पर आज से चर्चा, सोनोवाल करेंगे शुरुआत

Posted by :- Bikesh Tiwari

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर आज से चर्चा की शुरुआत होगी. धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा की शुरुआत केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल करेंगे. धन्वयाद प्रस्ताव बीजेपी सांसद सोनोवाल लाएंगे और तेजस्वी सूर्या इसका समर्थन करेंगे.