लोकसभा में फाइनेंस बिल पर हुई चर्चा का आज वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जवाब दिया. वित्त मंत्री की ओर से जवाब के बाद यह बिल ध्वनिमत से पारित हो गया है. इस बिल को संशोधनों के साथ पारित कर दिया गया. बिल में 17 नए खंड जोड़े गए हैं. फाइनेंस बिल पारित होने के बाद वित्त मंत्री ने लोकसभा में बैंकरप्सी कोड (अमेंडमेंट) बिल पेश किया.
लोकसभा में बैंकरप्सी बिल पर चर्चा चल रही है. वहीं, राज्यसभा में गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने सीएपीएफ रेगुलेशन बिल पेश किया. विपक्षी सांसदों ने इस बिल का विरोध किया.राज्यसभा में सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉक्टर वीरेंद्र कुमार ने ट्रांसजेंडर बिल पेश किया. यह बिल एक दिन पहले ही लोकसभा से पारित हुआ था. राज्यसभा में ट्रांसजेंडर बिल पर चर्चा चल रही है.
लोकसभा के बाद अब राज्यसभा की कार्यवाही भी स्थगित हो गई है. कल यानी 26 मार्च को रामनवमी का अवकाश होने के कारण सदन की बैठक नहीं होगी. राज्यसभा की कार्यवाही भी 27 मार्च, बुधवार को दिन में 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है.
लोकसभा की कार्यवाही 27 मार्च, शुक्रवार की सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित हो गई है. बुधवार को बैंकरप्सी कोड बिल पर चर्चा के बाद चेयर से संध्या राय ने सदन की कार्यवाही स्थगित करने की घोषणा कर दी. वहीं, राज्यसभा में सीएपीएफ बिल पर चर्चा जारी है.
राज्यसभा में सीएपीएफ बिल पर चर्चा शुरू हो गई है. चर्चा की शुरुआत कांग्रेस के राज्यसभा सांसद अजय माकन ने की है. कर्नाटक से कांग्रेस के सांसद माकन ने कहा कि आज अगर अमित शाह यह कहते हैं कि हम मार्च तक देश को नक्सल मुक्त बना देंगे, तो उसमें इन सीएपीएफ के अधिकारियों और जवानों की शहादत का ही योगदान है. देश में कहीं भी चुनाव होते हैं, सीएपीएफ के जवान तैनात किए जाते हैं. उन्होंने कहा कि इस बिल से केवल 10 हजार अधिकारी नहीं, कुल 10 लाख अधिकारी-कर्मचारी प्रभावित होंगे.
राज्यसभा में ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के अधिकारों का संरक्षण (संशोधन) विधेयक राज्यसभा में भी पास हो गया है. राज्यसभा में हुई चर्चा का सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉक्टर वीरेंद्र कुमार ने जवाब दिया. डॉक्टर वीरेंद्र कुमार के जवाब के बाद चेयर से डिप्टी चेयरमैन हरिवंश ने इसे मतदान के लिए लिया. इस बिल पर क्लॉज बाई क्लॉज वोटिंग हुई. ध्वनिमत से सभी संशोधन गिर गए और यह बिल पारित हो गया.
राज्यसभा की कार्यवाही का समय 7 बजे तक बढ़ा दिया गया है. शाम छह बजे चेयर से डिप्टी चेयरमैन हरिवंश ने सदन की कार्यवाही का समय सात बजे तक बढ़ाने के लिए सदन की राय जानी. सदन की सहमति के बाद हरिवंश ने कार्यवाही सात बजे तक बढ़ाने का ऐलान कर दिया.
पप्पू यादव ने बैंकरप्सी बिल पर बोलते हुए कहा कि ये सदन खाली चेक पर दस्तखत करना चाहता है. ये बैंक को पूरा पावर दे देना चाहते हैं. उन्होंने गारंटर पर कार्रवाई के प्रावधान का उल्लेख करते हुए कहा कि एक तरफ आप कहते हो कि उद्यमी बनो, उद्यम करो. दूसरी तरफ दिवालिया होने पर गारंटर को भी कंगाल कर देने की बात करते हो. मोदी जी विश्व गुरु हैं. हम उनकी बात पर भरोसा कर लेते हैं, करना चाहिए. क्या हमारी नीति अमेरिका, ब्रिटेन और अन्य देशों में भी लागू होगी. आप छोटे उद्योग को लेकर कोई चर्चा नहीं करते, निजी बैंकों को आजादी देने की बात करते हैं. सहारा इंडिया का निवेशक गरीब है. पूरा पूंजी एक उद्योगपति ले लिया, उसका कोई मतलब नहीं. मजदूरों का बकाया पहली प्राथमिकता, न्यूनतम गारंटी कहीं नहीं है. आईबीसी से देश की अर्थव्यवस्था पर कौन सी मजबूती होगी.
राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के राज्यसभा सांसद प्रोफेसर मनोज झा ने ट्रांसजेंडर बिल का विरोध करते हुए कहा कि बहुत से लोग इस समुदाय को लेकर पूर्वाग्रह से ग्रस्त हैं. उन्होंने इस दौरान विदेश मंत्री की मुस्कराहट पर कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी इनकी मुस्कराहट आकर्षक है. मनोज झा ने कहा कि ट्रांसजेंडर कम्युनिटी के एक विशाल आयोजन में पिछले दिनों एक वक्ता ने कहा कि पुरूष के रूप में जन्म हुआ. लेकिन मेरी भावनाएं स्त्री वाली हैं. किस डॉक्टर के पास जाऊं, किसे बताऊं. यह पहचान का मसला है. इसके साथ छेड़छाड़ नहीं किया जाए. युद्ध के माहौल में इसको ऐसे ही रहने दिया जाए. एकांगी दृष्टिकोण से यह बिल बनाया गया है. जो लोग यहां नहीं हैं, हम उनके बारे में कानून बना रहे हैं. स्टेकहोल्डर डिस्कशन भी नहीं हुआ. निजता और व्यक्तिगत पहचान व्यक्ति की गरिमा से जुड़ी है. इंटर सेक्शनैलिटी भी बहुत कुछ निर्धारित करती है. सरकार से आग्रह करूंगा कि ये जो सबसे नीचे लटक रहे फल को पकड़ कर लटकने की आपकी मंशा रहती है, उससे बाहर निकलिए और सलेक्ट कमेटी में भेजकर व्यापक कंसल्टेशन करें.
प्रियंका चतुर्वेदी ने ट्रांसजेंडर बिल को अमानवीय बताते हुए कहा कि इस बिल को तुरंत वापस लिया जाना चाहिए. ये पार्टी अध्यक्ष का चयन नहीं, पांच लाख लोगों के हित का निर्णय है. ये जो अमेंडमेंट आ रहा है, बहुत देशों में हमारा भी एक देश था जो सेल्फ आइडेंटिफिकेशन की बात कर रहा था. वह अधिकार भी उनसे छीना जा रहा है. 2019 वाले कानून में रिजेक्शन की वजह भी पता नहीं चली. मेडिकल बोर्ड से जो रिजेक्शन आए, हम वह भी नहीं जान पाएंगे. सम्मान की जब बात करते हैं, अधिकारों को नहीं खींच सकते. इसे बचाने की जिम्मेदारी हर सांसद की है.
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के अधिकारों का संरक्षण (संशोधन) विधेयक का विरोध किया है. संजय सिंह ने राज्यसभा में इस बिल पर चर्चा के दौरान यह मांग की है कि इसे सलेक्ट कमेटी को भेजा जाए और इसके बाद ही इसको पारित किया जाए. उन्होंने कहा कि जिस समुदाय के लिए आप कानून बनाने जा रहे हैं, उस समुदाय के लोगों से तो बात करिए. संजय सिंह ने कहा कि सत्तापक्ष के लोग कहते हैं कि किन्नर दारू पीकर आ जाते हैं, सिगरेट पीकर आ जाते हैं. यह कैसी-कैसी बातें कही जा रही हैं यहां. उन्होंने कहा कि कौन बीजेपी के लोग दारू नहीं पीते, सिगरेट नहीं पीते. आप दूध के धुले हो गए. आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद को इस पर चेयर से डॉक्टर दिनेश शर्मा ने टोका. दिनेश शर्मा ने चेयर से यह कहा कि अब खतम करिए.
यह भी पढ़ें: 'कौन BJP के लोग दारू-सिगरेट नहीं पीते?', राज्यसभा में क्यों भड़के संजय सिंह
संसद में 19 और 20 मार्च को गुड़ी पड़वा और ईद की छुट्टी रही थी. इस हफ्ते 26 मार्च को रामनवमी का अवकाश है. इन छुट्टियों के दौरान प्रभावित कामकाज की भरपाई के लिए सरकार ने इस हफ्ते शनिवार और रविवार (28 और 29 मार्च) को दोनों सदनों की बैठक बुलाने की बात कही थी. विपक्ष ने भी इस पर सहमति दे दी थी. अब सरकार की ओर से कहा गया है कि शनिवार और रविवार को संसद की बैठक नहीं होगी. पूर्व निर्धारित शेड्यूल के हिसाब से ही 30 मार्च को सदन की बैठक होगी. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को राज्यसभा में यह जानकारी दी. किरेन रिजिजू ट्रांसजेंडर बिल पर चर्चा के दौरान विपक्षी कांग्रेस के चीफ व्हिप जयराम रमेश की ओर से सदन के एजेंडे को लेकर सवाल पर बोल रहे थे.
यह भी पढ़ें: शनिवार-रविवार को रहेगी छुट्टी, नहीं चलेगी संसद... किरेन रिजिजू ने राज्यसभा में बताया
सौगत रॉय ने कहा कि पहले डेब्ट ट्रिब्यूनल था. वह काम नहीं किया. नीरव मोदी, विजय माल्या, ललित मोदी, मेहुल चोकसी सब रुपया लेकर भाग गए. विजय माल्या लंदन में जाकर घूम रहा है. एनसीएलटी रूट हेयर कट रूट है. हजार करोड़ रुपये बकाया वाले भी दो सौ करोड़ देकर निकल जाते हैं. नया कानून उतना मजबूत नहीं है, जितना होना चाहिए. आईबीसी लॉज से समस्या का समाधान नहीं होगा. अरुण जेटली जिस इच्छा के साथ यह कानून लेकर आए थे, वह पूरा नहीं हो रहा है. मैं इस कानून का समर्थन नहीं करता हूं.
लोकसभा में बैंकरप्सी कोड अमेंडमेंट बिल पर चर्चा चल रही है. भारतीय जनता पार्टी की ओर से अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह बिल जो आज लाया गया है, इससे बहुत बड़ी समस्याओं का समाधान होगा. हमारी सरकार ने आईबीसी लाने के बाद बैंकों को मुनाफे में लाकर खड़ा कर दिया है. देशहित में, उद्योगपतियों के हित में, निवेशकों के हित में यह बिल लाए हैं.
राज्यसभा में सीएपीएफ रेगुलेशन बिल पेश होने के बाद सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉक्टर वीरेंद्र कुमार ने ट्रांसजेंडर बिल पेश किया. राज्यसभा में इस बिल पर चर्चा भी शुरू हो गई है. ट्रांसजेंडर बिल पर चर्चा की शुरुआत कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने की है.
सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स रेगुलेशन बिल राज्यसभा में पेश हो गया है. विपक्ष के सदस्यों ने इस बिल को लाए जाने का विरोध किया. जयराम रमेश ने कहा कि इस बिल का हम विरोध क्यों कर रहे हैं, जो सदस्य बोलना चाहते हैं उनको बोलने दिया जाए. जॉन ब्रिटास समेत विपक्ष के कई सदस्यों ने बिल का विरोध किया. गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने इस बिल को जरूरी बताया और सदस्यों की आपत्तियों पर जवाब दिया. गृह राज्यमंत्री ने यह बिल राज्यसभा में पेश कर दिया.
राज्यसभा में विपक्षी दलों ने सीएपीएफ बिल पेश किए जाने का विरोध किया है. चेयर से डिप्टी चेयरमैन हरिवंश ने कहा कि कुछ सदस्यों ने बिल का विरोध किया है. इसके बाद जयराम रमेश ने कहा कि यही तय हुआ था कि इस बिल का जो सदस्य विरोध कर रहे हैं, वह अपने विरोध का ग्राउंड बताएंगे. वह बोलेंगे और इसके बाद मंत्री को बिल मूव करना होगा, तो वे करेंगे. इसके बाद चेयर से हरिवंश ने सदस्यों से अपनी बात रखने को कहा.
बैंकरप्सी कोड (अमेंडमेंट) बिल लोकसभा में पेश हो गया है. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को फाइनेंस बिल पारित होने के तुरंत बाद यह बिल लोकसभा में पेश कर दिया.
फाइनेंस बिल लोकसभा से पारित हो गया है. इस बिल में 17 नए खंड जोड़े गए हैं. संशोधनों के साथ यह बिल पारित हो गया है.
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने फाइनेंस बिल पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए लोकसभा में तमिलनाडु सरकार और सत्ताधारी डीएमके को महिला विरोधी बताया. उन्होंने तमिलनाडु के सीएम के बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि वह कहते हैं कि हम इसका विरोध करेंगे. इंडी अलायंस महिला विरोधी है. इस पर विपक्षी सदस्यों ने जोरदार हंगामा किया.
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लोकसभा में फाइनेंस बिल पर हुई चर्चा का जवाब दे रही हैं. वित्त मंत्री ने फाइनेंस बिल पर चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि हमने जो कलेक्शन किया, उसका 105 परसेंट खर्च किया. राज्यों को सौ फीसदी पैसा भेजा गया है.
लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने के बाद स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि अत्यंत दुख के साथ अपने दो पूर्व साथियों के निधन की सूचना सदन को देना चाहता हूं. विषणु मोदी राजस्थान से सांसद रहे. उनका निधन जयपुर में हुआ. दत्ता मेघे सदन के पूर्व सदस्य रहे. वह राज्यसभा के भी सदस्य रहे. उनका निधन 89 वर्ष की आयु में 22 मार्च को नागपुर में हुआ.
लोकसभा में आज बैंकरप्सी कोड (अमेंडमेंट) बिल, 2025 आएगा. यह बिल लोकसभा में पिछले साल यानी साल 2025 में पेश किया गया था. इस बिल को सलेक्ट कमेटी के पास भेज दिया गया था. सलेक्ट कमेटी की रिपोर्ट के बाद अब यह बिल फिर से सदन में पेश किया जाना है.
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज लोकसभा में फाइनेंस बिल पर हुई चर्चा का जवाब देंगी. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज 12 बजे से लोकसभा में बोलेंगी.