प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर देश ने वैक्सीनेशन का नया रिकॉर्ड बनाया है. एक दिन में पहली बार दो करोड़ वैक्सीन की डोज लगाई गई है. उद्धव ठाकरे ने औरंगाबाद में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि कौन कब साथ आ जाए नहीं बता सकते. वहीं, आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता राघव चड्ढा ने नवजोत सिंह सिद्धू को पॉलिटिक्स का राखी सावंत बताया है.
1- PM मोदी के बर्थडे पर कोरोना वैक्सीनेशन का नया रिकॉर्ड, पहली बार लगे दो करोड़ टीके
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देश ने वैक्सीनेशन अभियान में नया रिकॉर्ड कायम किया है. एक दिन में पहली बार दो करोड़ से अधिक कोरोना के टीके लगाए गए हैं. अभी आज के दिन का टीकाकरण अभियान जारी भी है और सभी राज्य ज्यादा से ज्यादा कोरोना टीके लगाने की कोशिश कर रहे हैं. वैक्सीनेशन अभियान में अहम भूमिका निभाने वाले को-विन प्लेटफॉर्म के जरिए से दो करोड़ से अधिक लोगों का टीकाकरण होने की जानकारी मिली है.
2- 'कौन कब साथ आ जाए, नहीं बता सकते', उद्धव के बयान से शिवसेना-BJP गठबंधन की अटकलों को हवा
उद्धव ठाकरे ने अपने संबोधन के दौरान भी रेल राज्यमंत्री राव साहेब दानवे का जिक्र करते हुए कहा कि ये हमारे पुराने सहयोगी हैं और कौन कब एक-दूसरे के साथ आ जाए, यह नहीं बता सकते. मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत दादा पाटिल के बयान पर हल्के अंदाज में कहा कि तीन दलों की सरकार में से हो सकता है कि वे किसी एक दल में शामिल हो रहे हों.
3- 'नवजोत सिंह सिद्धू पॉलिटिक्स के राखी सावंत हैं', पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पर AAP के राघव चड्ढा का वार
राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया के जरिए पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पर पलटवार करते हुए लिखा कि पंजाब की राजनीति के राखी सावंत नवजोत सिंह सिद्धू को कांग्रेस हाईकमान लगातार कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ बोलने के लिए डांट लगा चुका है. इसके बाद उन्होंने (सिद्धू) अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है. राघव चड्ढा ने कहा है कि कल तक का इंतजार कीजिए जब वे फिर से कैप्टन अमरिंदर के खिलाफ आक्रामक हो जाएंगे.
4- कृषि कानूनों के खिलाफ अकाली दल का हल्ला बोल, सुखबीर बादल-हरसिमरत कौर हिरासत में
कृषि कानून को पास हुए एक साल पूरा हुआ है और इसके विरोध में शुक्रवार को अकाली दल द्वारा राजधानी दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया गया. अकाली दल के सुखबीर बादल, हरसिमरत कौर बादल समेत अन्य तमाम नेताओं और कार्यकर्याओं ने प्रदर्शन किया. दिल्ली पुलिस ने इस दौरान सुखबीर बादल, हरसिमरत कौर बादल समेत कुल 11 नेताओं को हिरासत में लिया. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, बिना इजाजत के संसद तक मार्च निकालने के आरोप में इन्हें हिरासत में लिया गया है.
5- पाकिस्तान की फजीहत, सुरक्षा को खतरा बताकर न्यूजीलैंड ने रद्द की क्रिकेट सीरीज
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम पाकिस्तान दौरे को बीच में ही रोककर स्वदेश लौटेगी. कीवी टीम ने सुरक्षा कारणों से दौरे को रद्द करने का फैसला लिया है. दोनों टीमों के बीच रावलपिंडी में आज शुक्रवार से वनडे सीरीज का आगाज होना था. मुकाबला शुरू होने के कुछ मिनट पहले ही न्यूजीलैंड ने ये बड़ा फैसला लिया. पाकिस्तान और कीवी टीम के बीच रावलपिंडी में तीन वनडे और लाहौर में 5 टी20 मुकाबले खेले जाने थे.
aajtak.in