मेघालय में काउंसिल चुनाव पर बवाल, गारो हिल्स के 5 जिलों में मोबाइल इंटरनेट बैन

मेघालय के पांच जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं. प्रशासन को आशंका है कि हाल की हिंसक घटनाओं के बाद सोशल मीडिया के जरिए अफवाह फैलने से कानून-व्यवस्था की स्थिति और बिगड़ सकती है.

Advertisement
नॉमिनेशन विवाद से भड़की हिंसा, गारो हिल्स में मोबाइल इंटरनेट सेवा रोकी गई. (File Photo/PTI) नॉमिनेशन विवाद से भड़की हिंसा, गारो हिल्स में मोबाइल इंटरनेट सेवा रोकी गई. (File Photo/PTI)

aajtak.in

  • शिलांग,
  • 11 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 7:06 PM IST

मेघालय में ट्राइबल काउंसिल चुनाव को लेकर बढ़ते तनाव के बीच गारो हिल्स क्षेत्र के पांच जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं. प्रशासन को आशंका है कि सोशल मीडिया के जरिए अफवाह फैलने से कानून-व्यवस्था बिगड़ सकती है. इलाके में हिंसा, आगजनी और झड़पों की घटनाओं के बाद कई जगह कर्फ्यू भी लगाया गया है.

प्रिंसिपल सेक्रेटरी (होम) एफ आर खारकोंगोर ने बुधवार को बताया कि चुनावी हिंसा की कई घटनाओं को देखते हुए ये फैसला लिया गया है. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक व्यवस्था में संभावित बाधा और शांति भंग होने के खतरे को देखते हुए मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. ये आदेश पांच जिलों में लागू होगा.

Advertisement

यह प्रतिबंध वेस्ट गारो हिल्स, ईस्ट गारो हिल्स, साउथ गारो हिल्स, नॉर्थ गारो हिल्स और साउथ वेस्ट गारो हिल्स जिलों में लागू किया गया है. प्रशासन के अनुसार यह फैसला पुलिस मुख्यालय और कई डिप्टी कमिश्नरों की रिपोर्ट के आधार पर लिया गया. इन रिपोर्टों में संकेत दिया गया था कि गारो हिल्स क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में हिंसक घटनाएं हो सकती हैं.

इनसे सार्वजनिक शांति और अमन-चैन प्रभावित होगा. इंडियन टेलीग्राफ एक्ट, 1885 की धारा 5(ii) के तहत जारी आदेश में कहा गया है कि सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग कर कानून-व्यवस्था को गंभीर रूप से प्रभावित किया जा सकता है. प्रशासन का मानना है कि आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार से हालात बिगड़ सकते हैं. 

प्रशासनिक आदेश में कहा गया कि व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स, यूट्यूब और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल तस्वीरों, वीडियो और टेक्स्ट के जरिए जानकारी प्रसारित करने के लिए किया जा सकता है. इसलिए टेम्पररी सस्पेंशन ऑफ टेलीकॉम सर्विसेज रूल्स, 2017 के तहत मोबाइल इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं.

Advertisement

इस बीच गारो हिल्स ऑटोनॉमस डिस्ट्रिक्ट काउंसिल (GHADC) चुनाव प्रक्रिया से जुड़े हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद वेस्ट गारो हिल्स और ईस्ट गारो हिल्स जिलों में कर्फ्यू भी लगाया गया है. इन इलाकों में हालात को नियंत्रण में रखने के लिए सख्त कदम उठाए गए हैं. मंगलवार को वेस्ट गारो हिल्स के चिबिनांग इलाके में पुलिस फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई.

यह झड़प उस समय हुई जब गारो समुदाय के कुछ समूहों ने चुनाव के लिए नॉमिनेशन दाखिल करने की प्रक्रिया में गैर-गारो उम्मीदवारों के शामिल होने का विरोध किया. स्थिति उस समय हिंसक हो गई जब प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच टकराव बढ़ गया. तुरा और आसपास के इलाकों में हिंसा की कई घटनाएं सामने आईं.

इनमें आगजनी, आम लोगों पर हमले और बड़ी भीड़ के इकट्ठा होने जैसी घटनाएं शामिल हैं. प्रदर्शनकारियों ने पूर्व विधायक ई. मोमिनिन पर भी हमला किया. हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने घोषणा की है कि अगले महीने होने वाले GHADC चुनाव को फिलहाल टालने का फैसला किया गया है. पहले स्थिति को पूरी तरह सामान्य किया जाएगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement