दिल्ली शराब नीति के मामले में CBI ने आठ घंटे की लंबी पूछताछ के बाद रविवार शाम को डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर लिया है. सिसोसिया को आज राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया जाएगा. सिसोदिया की गिरफ्तारी पर आप सांसद संजय सिंह ने पीएम मोदी पर निशाना साधा है. उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, "मनीष सिसोदिया की गिरफ़्तारी तानाशाही की इंतेहा है. आपने एक नेक इंसान और सर्वश्रेष्ठ शिक्षा मंत्री को गिरफ़्तार करके अच्छा नहीं किया. मोदी जी, भगवान भी आपको माफ़ नहीं करेगा. एक आपकी तानाशाही का अंत ज़रूर होगा मोदी जी."
दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह, विधायक गोपाल राय, विधायक रोहित कुमार और विधायक दिनेश मोहनिया समेत 36 नेताओं को हिरासत में लिया.
सीबीआई कल मनीष सिसोदिया को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश करेगी. उनका आज रात 10 बजे सीबीआई हेडक्वार्टर में ही मेडिकल चेकअप कराया जाएगा.
आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि मनीष सिसोदिया के बाद दिल्ली सरकार के एक और मंत्री गिरफ्तार गया. वहीं संजय सिंह ने भी ट्वीट करते हुए दावा किया, "दिल्ली पुलिस ने मुझे, मंत्री गोपाल राय जी को विधायक ऋतुराज झा, दिनेश मोहनिया , रोहित मेहरौलिया , आदिल खान समेत कई पार्षदों और कार्यकर्ताओं के साथ फतेहपुर बेरी थाने में गिरफ्तार कर लिया है. न डरेंगे , न झुकेंगे , लड़ते रहेंगे."
वहीं इस पर दिल्ली पुलिस का भी बयान आया है. जिसमें डीसीपी साउथ ने कहा कि कोई गिरफ्तारी नहीं है. किसी को भी लॉ एंड आर्डर की स्तिथि को देखते हुए 24 घंटे तक हिरासत में रखा जा सकता है.
सिसोदिया के परिवार से मुलाक़ात के बाद अरविंद केजरीवाल ने मीडिया से बात की. इस दौरान उन्होंने कहा कि मनीष सिसोदिया ईमानदारी देशभक्त और साहसी व्यक्ति हैं. मनीष सिसोदिया ने गरीब के बच्चों को अच्छा भविष्य दिया. सिसोदिया शरीफ आदमी हैं. पूरे देश में शरीफों और देशभक्तों को जेल में डाल रहे हैं. लुटेरे इनके दोस्त हैं, उन्हें नोटिस देने की हिम्मत नहीं है. जनता जवाब देगी. मनीष की वाइफ से मिले. उन्हें कई बड़ी बीमारियां हैं, जिसमें ब्रेन का कंट्रोल नहीं रहता.
आम आदमी पार्टी ने मनीष सिसोदिया को लेकर एक फोटो जारी किया है. जिस पर लिखा है, 'शिक्षा मंत्री तुझे सलाम'.
जानकारी के मुताबिक हेडक्वार्टर में ही मनीष सिसोदिया का मेडिकल चेकअप होगा. आज रात 10 बजे डॉक्टर सीबीआई मुख्यालय पहुंचेंगे. आमतौर पर मेडिकल चेकअप के लिए आरोपी को अस्पताल ले जाया जाता है. लेकिन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीबीआई ने अपने मुख्यालय में ही जांच कराने का फैसला किया है.
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान मनीष सिसोदिया के घर पहुंचे हैं. यहां वह सिसोदिया के परिवार से मिलकर बातचीत कर रहे हैं.
अरविंद केजरीवाल ने सिसोदिया को बेकसूर बताते हुए कहा कि इससे हमारे हौसले और बढ़ेंगे. उन्होंने ट्वीट किया, "मनीष बेक़सूर हैं. उनकी गिरफ़्तारी गंदी राजनीति है. मनीष की गिरफ़्तारी से लोगों में बहुत रोष है. लोग सब देख रहे हैं. लोगों को सब समझ आ रहा है. लोग इसका जवाब देंगे. इससे हमारे हौसले और बढ़ेंगे. हमारा संघर्ष और मज़बूत होगा."
बीजेपी नेता तजिंदर पाल बग्गा ने ट्वीट करते हुए अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा. उन्होंने लिखा, "कहते थे मेरे किसी भी व्यक्ति पर अगर कोई आरोप भी लगता हैं तो मैं उसे तुरंत बर्खास्त कर दूंगा. अब देखते हैं केजरीवाल कोई कार्रवाई करते हैं यां वो भी इस शराब की दलाली में हिस्सेदार हैं. कुछ देर में शराब का शराब, पानी का पानी हो जाएगा."
आम आदमी पार्टी के सांसद और प्रवक्ता राघव चड्ढा ने ट्वीट किया और लिखा, "जेल के ताले टूटेंगे, मनीष सिसोदिया छूटेंगे".
सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं के हंगामे की आशंका के चलते सीबीआई हेडक्वार्टर पर पुलिस बल तैनात किया गया है.
आम आदमी पार्टी ने ट्वीट किया, " लोकतंत्र के लिए काला दिन! BJP की CBI ने लाखों बच्चों का भविष्य संवारने वाले दुनिया के सर्वश्रेष्ठ शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया को फ़र्ज़ी Case में Arrest किया. BJP ने ये गिरफ़्तारी राजनीतिक द्वैष के चलते की है."
सिसोदिया की गिरफ्तारी पर कपिल मिश्रा ने कहा, "आख़िरकार शराब घोटाले में मनीष सिसोदिया भी गिरफ़्तार. शराब से बर्बाद हुए परिवारों के माता बहनों की हाय लगी मनीष सिसोदिया को. सत्येंद्र जैन के बाद केजरीवाल का एक और भ्रष्ट मंत्री जेल में. मैं शुरू से कह रहा हूं केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन जेल जाएंगे. इनमें से दो लोग जेल जा चुके, अगला नंबर केजरीवाल का है.
सीबीआई ने आठ घंटे की लंबी पूछताछ के बाद दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर लिया है.
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है. उन्होंने पीएम पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि मोदीजी, आपके जुर्म हमारे हौसले कम नहीं कर सकते. संजय सिंह ने कहा कि मनीष सिसोदिया दिल्ली के लाखों बच्चों को अच्छी शिक्षा दे रहे हैं. आपके मित्र अडानी लाखों करोड़ का घोटाला कर रहे हैं. उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि हिम्मत है तो अडानी पर कार्रवाई करके दिखाओ.
अनुराग ठाकुर ने मनीष सिसोदिया के मुद्दे पर कहा कि कुछ लोग जांच में सहयोग करने की बजाय मीडिया में ज्यादा हल्ला कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि मनीष सिसोदिया ने क्या किया है जो उन्हें ऐसा डर लग रहा है? उनको किस बात का डर है? अनुराग ठाकुर ने आगे कहा कि मोदीजी लोगों के दिल में बसते हैं, मोदीजी के नेतृत्व ने महामारी से बचाया है. उनके खिलाफ जो लोग ऐसी भाषा का इस्तेमाल करते हैं, लोग उनको उनकी जगह दिखा देते हैं.
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के बयान का पोस्टर जारी किया है. दो पन्ने के इस बयान वाले पोस्टर पर मनीष सिसोदिया की तस्वीर भी छपी है. मनीष सिसोदिया के इस पोस्टर में उनकी ओर से लिखा है कि हमें इन फर्जी केसों से डर नहीं लगता. हमें जेल जाने से डर नहीं लगता. हम भगत सिंह और बाबा साहेब के अनुयायी हैं. सिर पर कफन बांधकर निकले हैं.
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को फतेहपुर बेरी पुलिस स्टेशन में हिरासत में रखा गया है. उनके साथ पार्टी के कई और नेता भी मौजूद हैं.
दिल्ली पुलिस की ओर से बताया गया है कि लोधी रोड पर सीजीओ कॉम्प्लेक्स के पास आप पार्टी के कुछ नेता और समर्थक बैरिकेड पार करने और सीबीआई हेडक्वार्टर के पास विरोध करने के इरादे से इकट्ठा हुए. उन्हें रोक दिया गया और बैरिकेड्स पार करने की अनुमति नहीं दी गई. इसलिए वे मुख्य सड़क पर बैठ गए, जिससे यातायात बाधित हुआ. उनसे जगह खाली करने के लिए कहा गया क्योंकि इलाके में धारा-144 लागू है, लेकिन वो बैठे रहे और नारेबाजी करते रहे. इसलिए विधायक और एक मंत्री समेत करीब 50 लोगों को हिरासत में लिया गया.
सीबीआई हेडक्वार्टर पर धरना दे रहे आम आदमी पार्टी के कई नेताओं को दिल्ली पुलिस ने 50 लोगों को हिरासत में लिया है. इनमें आप सांसद संजय सिंह, त्रिलोकपुरी विधाय रोहित कुमार महरौलिया, संगम विहार विधायक दिनेश मोहनिया, कोंडली विधायक कुलदीप कुमार, रोहताश नगर की पूर्व विधायक सरिता सिंह और दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय शामिल हैं.
(इनपुट- अरविंद ओझा)
सीबीआई दफ्तर के बाहर प्रदर्शन कर रहे आप के बड़े नेताओं को हिरासत में लिया गया. आप सांसद संजय सिंह ने सिसोदिया से पूछताछ को लेकर कहा कि देश को सरकारी शिक्षा का बेहतरीन Model दिया—उन्हें गिरफ्तार? Adani ने देश के हजारों करोड़ रुपए का गबन किया—उसको पुरस्कार?
आम आदमी पार्टी के नेता जैस्मीन शाह ने कहा कि मनीष सिसोदिया की यह गलती है कि इन्होंने शिक्षा क्रांति की नई परिभाषा दी है, बच्चों का भविष्य सुधारने की कोशिश की है. आज बच्चे प्राइवेट स्कूल छोड़कर सरकारी में आ रहे हैं, यह इनकी गलती है. आज दिल्ली के बच्चे और अभिभावक मनीष सिसोदिया के साथ हैं. केंद्र सरकार ने कभी भी मनीष सिसोदिया को स्कूलों और शिक्षा पर बात करने के लिए नहीं बुलाया. 10 हज़ार करोड़ कहीं तो रखे होंगे अगर भ्रष्टाचार किया है तो, इतनी जांच कर ली, कुछ नहीं मिला.
आज देश में भाजपा का काल केवल AAP है. इसीलिए नए-नए आरोप लगा रहे हैं. राहुल गांधी और कांग्रेस को वे भूल चुके हैं, वे चाहते हैं कि कांग्रेस बनी रहे. यूपीए 1 और 2 में कई घोटाले हुए लेकिन किसी को इन्होंने जेल नहीं भेजा. दुनिया का दस्तूर है कि जब भी कोई महान आदमी आगे बढ़ता है तो दुष्ट लोग परेशान करने के लिए आ जाते हैं. यही वे कर रहे हैं.
दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया से सीबीआई पूछताछ कर रही है. इस बीच कई बड़े नेता सीबीआई हेडक्वार्टर के पास धरने पर बैठ गए. दिल्ली पुलिस ने इस बीच कैबिनेट मंत्री गोपाल राय को हिरासत में ले लिया है.
दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया से शराब नीति को लेकर सीबीआई पूछताछ कर रही है. उधर, आम आदमी पार्टी सिसोदिया से पूछताछ का विरोध कर रही है, वहीं अरविंद केजरीवाल ने सिसोदिया की गिरफ्तारी की आशंका जताई है. इस बीच आम आदमी पार्टी के कई बड़े नेता सीबीआई हेडक्वार्टर के बाहर धरने पर बैठ गए हैं, इनमें सांसद संजय सिंह, विधायक कुलदीप कुमार, दिल्ली पांडेय और मेयर शैली ओबेरॉय शामिल हैं. दिल्ली पुलिस ने 5 मिनट का समय देते हुए जगह खाली करने का निर्देश दिया है.
(रिपोर्ट- अमित)
सीबीआई दफ्तर के पास आप कार्यकर्ता मनीष सिसोदिया के समर्थन में पोस्टर लेकर पहुंच गए हैं. बता दें कि मनीष सिसोदिया अभी सीबीआई दफ्तर में ही मौजूद हैं, उनसे दिल्ली शराब नीति के मामले में पूछताछ की जा रही है. पोस्टर पर लिखा हुआ है "मैं और मेरा परिवार मनीष सिसोदिया के साथ"
(रिपोर्ट- पंकज)
दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया से सीबीआई पूछताछ कर रही है. सिसोदिया से पूछताछ के विरोध में आप कार्यकर्ता शक्ति प्रदर्शन में जुटे हुए हैं. पार्टी के कई बड़े नेता सीबीआई हेडक्वार्टर भी पहुंच चुके हैं. दिल्ली की नई मेयर शैली ओबेरॉय भी सिसोदिया के समर्थन में सीबीआई हेडक्वार्टर पहुंच गई हैं. आप कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग की है.
दिल्ली पुलिस ने साउथ दिल्ली जिले में धारा 144 लगा दी है. आधिकारिक आदेश में बताया गया है कि कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सीबीआई कार्यालयों की ओर रास्ता प्रवर्तित किया गया.
मनीष सिसोदिया से सीबीआई ने पूछताछ शुरू की. अब सीबीआई दफ्तर के नजदीक आम आदमी पार्टी के कई बड़े नेता और समर्थक पहुंच गए हैं.
मनीष सिसोदिया ने CBI रिसेप्शन पर समन दिखाकर एंट्री रजिस्टर में हस्ताक्षर किए. अब थोड़े ही देर में सीबीआई अधिकारी मनीष सिसोदिया से पूछताछ करेंगे.
(रिपोर्ट- पंकज जैन)
मनीष सिसोदिया ने राजघाट से कहा था कि उनकी पत्नी बीमार हैं और घर पर अकेली हैं, उनकी देखभाल करने का आव्हान किया था क्योंकि उनका बेटा भी यूनिवर्सिटी में है. इसको लेकर अरविंद केजरीवाल ने कहा, "मनीष सिसोदिया हम आपके परिवार का ख्याल रखेंगे, आप चिंता न करें."
मनीष सिसोदिया सीबीआई हेडक्वार्टर पहुंच गए हैं. यहां उनसे दिल्ली शराब नीति में अनियमितताओं को लेकर पूछताछ की जाएगी.
(रिपोर्ट- पंकज जैन/अमित भारद्वाज)
बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने भी मनीष सिसोदिया पर निशाना साधा है. कपिल ने कहा, "मनीष सिसोदिया की तुलना भगत सिंह से नहीं पेशेवर अपराधियों से होगी. मनीष ने चोरी, रिश्वतखोरी, कमीशनबाजी, भ्रष्टाचार, शराब की दलाली की है. शराब के ठेके खोलकर दिल्ली के हजारों-लाखों परिवारों को बर्बाद किया है. इन परिवारों की माता-बहनों की बद्दुआएं मनीष सिसोदिया को जेल भिजवाएंगी."
बीजेपी सांसद रमेश बिधूरी ने अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने पंजाब में महात्मा गांधी की तस्वीर दफ्तरों से हटाई, वह गिरफ्तार होने से पहले राजघाट पर जाने की नौटंकी कर रहे हैं.
मनीष सिसोदिया का काफिला राजघाट से निकल चुका है, वहीं आम आदमी पार्टी के दूसरे विधायक और नेताओं के वाहनों को रोक दिया गया है.
सिसोदिया से पूछताछ को लेकर आप नेता राघव चड्ढा ने कहा कि आज सीबीआई-ईडी की कायराना हरकत ये साबित करती है बीजेपी किसी से डरती है तो उसका नाम राहुल गांधी नहीं अरविंद केजरीवाल है. बीजेपी कहती है सिसोदिया ने 10 हजार करोड़ का घोटाला किया, वो कहां है. उसी जांच में सिसोदिया, लॉकर, गांव में रेड करी, एक पैसा नहीं मिला. ये सभी आरोप फर्जी और झूठ हैं. मकसद एक है मनीष सिसोदिया को खत्म करना. चाहे इसके लिए मनगढ़ंत सबूत लाने पड़ें. इनका मकसद है अरविंद केजरीवाल के आस-पास के लोगों को खत्म करना, सिसोदिया, संजय, राघव चड्ढा को खत्म करना. केजरीवाल और आप बर्बाद हो जाए.
मनीष सिसोदिया ने सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों से भी अपील की कि वो स्कूल में अच्छे से मन लगाकर पढ़ाई करें. उन्होंने कहा कि अगर मुझे पता चला कि मेरे बच्चों ने पढ़ाई में लापरवाही की है तो मुझे खराब लगेगा और मैं जेल में खाना छोड़ दूंगा.
मनीष सिसोदिया ने कहा कि हम उनकी पुलिस, सीबीआई, ईडी या जेल किसी से नहीं डरते, लेकिन ये सिसोदिया, केजरीवाल से डरते हैं. झूठे मुकदमे लगाते हैं. कश्मीर से कन्याकुमारी तक एक ही आवाज है कि बीजेपी का काल आम आदमी पार्टी ही बनेगी. आने वाले समय में बीजेपी का काल आप ही बनेगी. बीजेपी के भ्रष्टाचार से आप ही मुक्ति दिलाएगी. देश को नंबर वन बनाने का काम आप ही करेगी. डरना नहीं है, घबराना नहीं है. अगर मैं जेल जाऊंगा तो गर्व करना कि हममें से एक जेल गया. हजारों मनीष सिसोदिया पैदा होंगे, देखते हैं कि वो कितनों को रोकते हैं.
सिसोदिया ने कहा कि मैं पत्रकारिता कर रहा था. अच्छी जिंदगी चल रही थी, वो सबकुछ छोड़कर केजरीवाल के साथ आया. मैंने पूरे जीवन ईमानदारी के साथ काम किया. मुझे झूठे आरोपों में जेल भेजा जाएगा. मुझे जेल जाने से डर नहीं लगता, लेकिन मेरी वाइफ घर पर अकेली है. वो बीमार रहती है. बस उनका ख्याल रखना क्योंकि उन्होंने मेरा हमेशा साथ दिया है.
सीबीआई सिसोदिया ने जेल जाने से पहले राजघाट पर गांधीजी को नमन किया. इस दौरान उन्होंने आप कार्यकर्ताओं को संबोधित भी किया. उन्होंने कहा कि मैं जेल जाने से नहीं डरता हूं. हम भगत सिंह के अनुयायी हैं.
मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर कहा कि आज फिर CBI जा रहा हूं, सारी जांच में पूरा सहयोग करूंगा. लाखों बच्चों का प्यार और करोड़ों देशवासियों का आशीर्वाद साथ है. कुछ महीने जेल में भी रहना पड़े तो परवाह नहीं. भगत सिंह के अनुयायी हैं, देश के लिए भगत सिंह फांसी पर चढ़ गए थे. ऐसे झूठे आरोपों की वजह से जेल जाना तो छोटी सी चीज है.
एक दूसरे ट्वीट में केजरीवाल ने सवाल किया कि जिस देश में गरीब बच्चों को अच्छी शिक्षा देने वाले और उन बच्चों का भविष्य बनाने वाले जेल में हों और अरबों का घोटाला करने वाले प्रधान मंत्री के जिगरी दोस्त हों, वो देश कैसे तरक़्क़ी कर सकता है.
पूछताछ से पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सिसोदिया की गिरफ्तारी की अटकलों को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'भगवान आपके साथ है मनीष. लाखों बच्चों और उनके पेरेंट्स की दुआयें आपके साथ हैं. जब आप देश और समाज के लिए जेल जाते हैं तो जेल जाना दूषण नहीं, भूषण होता है. प्रभू से कामना करता हूं कि आप जल्द जेल से लौटें. दिल्ली के बच्चे, पैरेंट्स और हम सब आपका इंतज़ार करेंगे.'
इसके अलावा दिल्ली पुलिस पर उत्तम नगर 115 से पार्षद दीपक वोहरा को डिटेन करके थाने ले जाने का आरोप भी लगाया गया है. पार्टी का दावा है कि उनके नेताओं को BJP के इशारे पर हाउस अरेस्ट किया गया है. AAP ने भाजपा पर तानाशाही का आरोप लगाया है.
AAP ने आरोप लगाया है कि उनके कई नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया गया है. इनमें AAP विधायक दुर्गेश पाठक, इंद्रपुरी पार्षद ज्योति गौतम, वार्ड अध्यक्ष अमर गौतम, सुभाष नगर पार्षद सुरेन्द्र सेठिया और हरी नगर से पार्षद राजेश लाडिया भी शामिल हैं.
दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया से आज सीबीआई पूछताछ करने वाली है. इस बीच आप नेताओं ने उनकी गिरफ्तारी की आशंका जताई है. आप नेताओं का कहना है कि सिसोदिया की गिरफ्तारी की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और इसीलिए आप के कई नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया गया है.