कर्नाटक के मैसूर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. जमीन विवाद के बाद घर लौट रहे एक शख्स को कुछ लोगों ने सड़क पर बुरी तरह पीट दिया. मगर, उसे बचाने की जगह भीड़ घटना का वीडियो बनाती रही और वो पिटता रहा. लोगों में इंसानियत और मदद करने का जज्बा खत्म हो रहा है. भीड़ सिर्फ वीडियो ही बनाती रहती है.
ताजा मामला हुंसुर तालुक के कडुकोपला गांव के पास का है. वहां दिनदहाड़े एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला किया गया. राहगीर मदद करने के बजाय घटना को मोबाइल में रिकॉर्ड करते हुए नजर आए. पीड़ित का नाम वेंकटेश बताया जा रहा है.
45 साल के वेंकटेश स्थानीय अदालत में भूमि विवाद की सुनवाई में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान उन पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया. वेंकटेश की इस कदर पिटाई की गई थी कि वो बुरी तरह लहूलुहान हो गया और उसके पूरे कपड़े खून में सन गए थे.
यूपी में भी वीडियो बनाते रहे लोग
अभी हाल ही में 25 अक्टूबर को यूपी के कन्नौज का एक वीडियो वायरल हुआ था. जहां पर एक 12 साल की मासूम बच्ची खून से लथपथ सड़क पर तड़पती रही और मदद की गुहार लगाती रही. मगर, तमाशबीन लोग उसका वीडियो बनाते रहे. कुछ देर बाद वहां पुलिसकर्मी दौड़ता हुआ आया और बच्ची को अपनी गोद में उठाकर ऑटो से अस्पताल लेकर गया. उसके साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया गया था. यह मामला काफी चर्चित रहा था.
एमपी में महिला खींच रही थी बैलगाड़ी, वीडियो बना रहे थे लोग
राजगढ़ में बीते 20 सितंबर को एक वीडियो वायरल हुआ था. इसमें लक्ष्मी बाई नाम की महिला अपना थोड़ा सा सामान और मासूम बच्ची के साथ बैलगाड़ी को हाथों से खींच रही थी. वह पचोर से 30 किलोमीटर दूर सारंगपुर जा रही थी. उसने तकरीबन 15 किलोमीटर का सफर तय कर लिया था. इस मामले में भी लोग सिर्फ वीडियो बनाते हुए नजर आए थे.
सगाय राज