देश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली है. पिछले 24 घंटों में अलग-अलग राज्यों में बारिश दर्ज की गई है. मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर के अनुसार आंध्र प्रदेश में कुछ जगहों पर हल्की तो कहीं भारी बारिश देखने को मिली है. इसके अलावा झारखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश और केरल में भी बारिश का असर रहा है.
छत्तीसगढ़, ओडिशा, तमिलनाडु, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश में भी हल्की बारिश दर्ज की गई. आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है.
24 से 26 फरवरी के बीच अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में अच्छी बारिश हो सकती है. इसके अलावा ओडिशा, गंगीय क्षेत्र पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और झारखंड में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश का असर देखने को मिल सकता है.
यह भी पढ़ें: आ गए पंखा-AC चालू करने के दिन, दिल्ली में मार्च वाली गर्मी अभी से शुरू...
वहीं, देश के कुछ हिस्सों में गर्मी का असर भी दिखने लगा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार इस हफ्ते उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है.
अगले 4 दिनों के दौरान मध्य और पूर्वी भारत में भी अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है.
जानें दिल्ली-NCR का मौसम
25 फरवरी 2026 को दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ रहने का अनुमान है. सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्की धुंध देखने को मिल सकती है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 29°C से 31°C के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 12°C से 14°C के बीच रह सकता है.
कल न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक (3.1 से 5.0°C ज्यादा) दर्ज किया जा सकता है.
इसके बाद अगले दिन 26 फरवरी 2026 को भी आसमान ज्यादातर साफ रहेगा. दिल्ली में इस दिन अधिकतम तापमान 30°C से 32°C के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 13°C से 15°C के बीच रह सकता है.
aajtak.in