हरियाणा में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है और उन्होंने एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है. हरियाणा के स्पेशल टास्क फोर्स ने अंबाला के पास कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से करीब दो किलोग्राम संदिग्ध विस्फोटक बरामद किया गया है.
सूत्रों के मुताबिक बरामद विस्फोटक के आरडीएक्स होने की आशंका जताई जा रही है. बताया जा रहा है कि यह विस्फोटक काले रंग का है, जबकि आरडीएक्स भी सामान्यत इसी रंग का होता है. हालांकि इसकी पुष्टि के लिए विस्फोटक को जांच के लिए भेजा गया है.
गिरफ्तार आरोपियों में एक युवक उत्तर प्रदेश, दूसरा राजस्थान और तीसरा हरियाणा का ही रहने वाला है. पुलिस फिलहाल तीनों से गहन पूछताछ कर रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आरोपियों के पास विस्फोटक कहां से आया और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था. फिलहाल पूरे मामले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और जांच जारी है.
(यह खबर अपडेट हो रही है)
अरविंद ओझा