हरियाणा के अम्बाला में शंभू बॉर्डर पर 2 दिनों से किसान बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं और पुलिस उन पर आंसू गैस के गोले दाग रही है. आंदोलनकारी किसान दिल्ली में घुसकर सरकार से अपनी शर्तें मनवाना चाहते हैं मगर राजधानी की सरहदों पर पुलिस चौकस है. दूसरी तरफ पंजाब हरियाणा के बॉर्डर पर भी रोज हंगामा मच रहा है. इस बीच भारतीय किसान यूनियन के उगरहां गुट ने किसानों पर आंसू गैस का इस्तेमाल करने के विरोध में कल पंजाब में आधे दिन के लिए रेल रोकने का ऐलान कर दिया है. केंद्र सरकार की ओर से कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने दोहराया कि सरकार किसानों की एमएसपी समेत सभी मांगों पर बातचीत के लिए तैयार है...लेकिन किसान बिना एमएसपी कानून के वापस होने को तैयार नहीं.
किसानों का विरोध ज़ोरों पर है और विपक्ष की कोशिश है आक्रोश की ये फसल काटी जाए. दस साल तक स्वामीनाथन कमेटी की सिफारिशों को ठंडे बस्ते में रखने वाली कांग्रेस पार्टी दरवाजे पर चुनाव देखकर एमएसपी कानून की गारंटी दे रही है. फिलहाल जब हम ये पॉडकास्ट रिकॉर्ड कर रहे हैं तो वीडियो क्रॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए तीन केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पीयूष गोयल और नित्यानंद राय किसानों से बात कर रहे हैं. किसान आंदोलन में आज शंभू बॉर्डर पर क्या हुआ और इससे किसको राजनीतिक फायदा होगा? सुनिए 'दिन भर' की पहली ख़बर में.
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी उत्तरप्रदेश से आज राजस्थान चली गईं. यूपी की रायबरेली से लोकसभा सांसद सोनिया गांधी ने आज राजस्थान से राज्यसभा के लिए नामांकन भरा है, उनके साथ राहुल और प्रियंका भी थे. 1999 से सोनिया गांधी लगातार लोकसभा सदस्य रही हैं, अमेठी और रायबरेली की जनता ने उन्हें कई बार लोकसभा भेजा है. 2019 के चुनाव में ही कांग्रेस नेता ने ऐलान कर दिया था कि ये उनका आखिरी चुनाव है. ऐसा कई सालों बाद हो रहा है जब गांधी परिवार से कोई राज्यसभा जा रहा है, उनके इस फ़ैसले से उत्तर प्रदेश में चुनाव दर चुनाव अपनी ज़मीन गवांती कांग्रेस पार्टी की सेहत पर क्या असर पड़ेगा,सोनिया गांधी ने राजस्थान को ही क्यों चुना, प्रियंका गांधी क्या रायबरेली से चुनाव लड़ सकती हैं? सुनिए 'दिन भर' की दूसरी ख़बर में.
पाकिस्तान में चुनावी रिज़ल्ट के बाद पांच दिन हो गए मगर सरकार नहीं बनी. अब लेकिन सरकार बनाने का फॉर्मूला सामने आया है. पाकिस्तान पीपल्स पार्टी के मुखिया बिलावल भुट्टो ने नवाज़ शरीफ़ की पार्टी PML-N को बाहर से समर्थन देने का फ़ैसला किया है. इन सब के बीच जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने कल अपने विरोधियों को चेताया. इमरान खान ने एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा है कि मैं चोरी के वोटों के साथ सरकार बनाने के प्रयासों को चेतावनी देता हूं. इस तरह की डकैती न सिर्फ नागरिकों का अपमान होगी बल्कि, देश की अर्थव्यवस्था को और नीचे धकेलने के प्रयास होंगे. आज इमरान खान की पार्टी पीटीआई ने भी सरकार बनाने पर धमकी दी है. और कहा है कि इससे पाकिस्तान में अस्थिरता और बढ़ेगी. नवाज़ शरीफ़ का नाम प्रधानमंत्री की रेस से क्यों बाहर हो गया और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी ने शहबाज शरीफ को किन शर्तों पर समर्थन दिया? सुनिए 'दिन भर' की तीसरी ख़बर में.
अब बात क्रिकेट की, इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ कल से शुरू होने वाले तीसरे टेस्ट के लिए अपनी प्लेइंग-11 आज घोषित कर दी है. टीम में एक बदलाव भी है. इंग्लिश टीम ने पहली बार सीरीज में दो तेज़ गेंदबाज़ों को उतारने का फैसला लिया है. भारतीय टीम में भी कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं, केएल राहुल इस टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं, उनकी चोट में अब तक सुधार नहीं हो सका है. के. एस. भरत भी प्लेइंग 11 में जगह बनाते दिख नहीं रहे. पांच मैचों की सीरीज़ अभी एक-एक की बराबरी पर है, तीसरे मैच में भारतीय टीम किस कॉम्बिनेशन के साथ उतर सकती है, किसे डेब्यू करने का मौका मिल सकता है, तीसरे टेस्ट में भारतीय टीम किस कॉम्बिनेशन के साथ उतर सकती है और राजकोट का ट्रैक रिकॉर्ड क्या बताता है? सुनिए 'दिन भर' की आखिरी ख़बर में.
नितिन ठाकुर