केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के नेय्याट्टिनकारा इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां 65 वर्षीय एक महिला की कथित तौर पर खुद को आग लगाने से मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, महिला अपने पति की लंबे समय से चल रही बीमारी को लेकर गहरे तनाव में थी.
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार सुबह की है. महिला अपने पति से मिलने एक निजी अस्पताल गई थी, जहां उनका इलाज चल रहा है. अस्पताल से घर लौटने के बाद वह घर के पिछवाड़े गई. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उसने जहां खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगाई उस स्थान पर लकड़ियां और नारियल की सूखी भूसी रखी हुई थी, जिनका इस्तेमाल आमतौर पर कचरा जलाने के लिए किया जाता था.
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि महिला ने कथित तौर पर अंतिम संस्कार की चिता जैसी व्यवस्था तैयार की थी और उसी पर बैठकर आग लगाई, लेकिन पुलिस ने फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं की है. नेय्याट्टिनकारा पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि इस पहलू की जांच की जा रही है और अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. घटना में महिला करीब 90 प्रतिशत झुलस गई थी. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर हालत के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. पुलिस ने अस्वाभाविक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है.
फिलहाल पंचनामा की प्रक्रिया चल रही है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि महिला मानसिक रूप से कितनी तनावग्रस्त थी और घटना के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं है. इस घटना ने इलाके में शोक का माहौल पैदा कर दिया है. पड़ोसियों के अनुसार, महिला अपने पति की बीमारी को लेकर काफी चिंतित रहती थी.
aajtak.in