पिछले कुछ दिनों से दिल्ली-एनसीआर का मौसम सुहावना बना हुआ है. अचानक गर्मी गायब सी हो गई है. जहां एक ओर फरवरी से ही तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया जा रहा था, वहीं हाल के दिनों में बारिश ने ठंड का एहसास फिर से लौटा दिया है. दिल्ली में कल भी बारिश हुई थी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, आने वाले दिनों में एक बार फिर दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना है. वहीं, आज दिल्ली में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा. दिल्ली में अधिकतम तापमान 27°C से 29°C और न्यूनतम तापमान 13°C से 15°C के बीच रहने की संभावना है.
ज्यादातर इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6°C से 3.0°C तक कम रह सकता है. सुबह के समय नोएडा के कुछ इलाकों में घना कोहरा देखा गया है, जिससे विजिबिलिटी पर असर हुआ है. हरियाणा के कई हिस्सों में भी कोहरे का असर देखने को मिला है.
IMD के अनुसार, भारत के कई हिस्सों में आने वाले दिनों में मौसम बदलने वाला है. 23 मार्च 2026 को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है.
वहीं, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड में आज ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है.
अब कब होगी दिल्ली में बारिश?
23 मार्च 2026 को दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर बारिश की संभावना जताई गई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, इस दिन आसमान बादलों से घिरा रहेगा और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होगी.
दिल्ली-NCR में 23 मार्च को अधिकतम तापमान 30°C से 32°C और न्यूनतम तापमान 16°C से 18°C के बीच रहने का अनुमान है. न्यूनतम और अधिकतम तापमान दोनों ही सामान्य के आसपास बने रहेगा.
जानें कल का मौसम
रविवार, 22 मार्च को दिल्ली-एनसीआर में आसमान शाम होते-होते पूरी तरह बादलों से घिर जाएगा. कल दिल्ली में अधिकतम तापमान 29°C से 31°C और न्यूनतम तापमान 15°C से 17°C के बीच रहने की संभावना है.
दिल्ली में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य के आस-पास रहने की संभावना है.
aajtak.in