दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने दिवाली के त्यौहार से पहले राजधानी के लोगों से खास अपील की है. उन्होंने कहा कि हर साल सर्दियों में प्रदूषण का स्तर बढ़ता है. हम हर साल दिवाली मनाते हैं, सभी दिल्ली वालों से अपील है कि दिल्ली के अंदर के प्रदूषण को रोकने की कोशिश करें, पटाखे न जलाएं. खासकर युवाओं से अपील है कि अपने हिस्से का प्रदूषण रोकने का संकल्प कीजिए. उन्होंने आगे कहा कि हर दिवाली के बाद सांस लेने में दिक्कत होती है जिसका बुजुर्गों-बच्चों पर खास असर होता है. पटाखा जलाकर हम प्रदूषण बढ़ाने में योगदान देते हैं, आपको निर्णय लेना है कि प्रदूषण बढ़ाने वालों में शामिल हैं या प्रदूषण कम करने वालों में.
'आंखें जलती हैं, तो वो नहीं पूछतीं कि हिंदू हो, मुसलमान या ईसाई'
इसके अलावा उन्होंने कहा कि राजनीति पर कुछ नहीं कहना चाहता, इसपर राजनीति करने वालों को राजनीति मुबारक, लोगों की जिदगी बचाना हमारी प्राथमिकता है. इस मामले को लेकर कुछ लोग सुप्रीम कोर्ट भी गए थे, कोर्ट के फैसले के बाद अब कोई डिबेट नहीं बचा है. ]जब आंखें जलती हैं, तो वो नहीं पूछतीं कि हिंदू हो, या मुसलमान या ईसाई. हमारे पुरखों ने जब दिवाली मनाई थी, तो पटाखे नहीं थी, तब पटाखों की उत्पत्ति नहीं हुई थी, हर धर्म की प्राथमिकता लोगों की जिंदगी को बचाना है.
'पराली जलने से रोकने की केशिश जारी'
राय ने आगे कहा कि हमारा फोकस लोगों को जागरूक करना है. इनफोर्समेंट जन सहयोग के बिना नहीं होता. 21 तारीख से कनॉट प्लेस से जो अभियान हमने शुरू किया था, उसे लगातार जारी रखा गया है. उन्होंने आगे कहा कि पराली जलाने की घटना पिछले साल के पैरामीटर के हिसाब से ही चल रही है, दिवाली के बाद ऐसी घटनाएं बढ़ने की आशंका है. अभी तक पिछले साल के अनुपात में ही है. दिल्ली में तो बायोडिकंपोजर का छिड़काव हो रहा है. इसके अलावा पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी यूपी में पराली जलाई जाती है, उसे रोकने की कोशिश हो रही है, उम्मीद है उसका असर दिखेगा. दिल्ली में AQI को देखते हुए GRAP-1 और GRAP-2 पर काम हो रहा है, CAQM के डायरेक्शन के अनुसार हमने सभी विभागों को अलर्ट किया है.
पंकज जैन