'पहले ई-रिक्शा में धक्का मारा, फिर गेट में, मरम्मत के 4000 कौन देगा?', दिल्ली असेंबली में सिक्योरिटी ब्रीच का प्रत्यक्षदर्शी बोला

दिल्ली विधानसभा में कार घुसाने के आरोपी सरबजीत सिंह को दिल्ली पुलिस ने पकड़ लिया है. घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा है कि कार की स्पीड बहुत तेज थी, जब यह गेट तोड़ते हुए अंदर घुसी.

Advertisement
दिल्ली विधानसभा में कार घुसाने का आरोपी गिरफ्तार (Photo: ITG) दिल्ली विधानसभा में कार घुसाने का आरोपी गिरफ्तार (Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 07 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 12:43 PM IST

दिल्ली पुलिस ने दिल्ली विधानसभा सिक्योरिटी ब्रीच में तीन लोगों को पकड़ा है. पकड़े गए लोगों में विधानसभा के भीतर कार घुसानेवाले सरबजीत सिंह के साथ ही दो अन्य संदिग्ध हैं. दिल्ली असेंबली में घुसी कार तेज रफ्तार थी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार करीब 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रही होगी.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोपहर दो बजे के करीब तेज रफ्तार कार ने दिल्ली विधानसभा के बाहर एक ई-रिक्शा को टक्कर मारी और फिर गेट तोड़ते हुए अंदर घुस गई. दिल्ली विधानसभा में कार घुसाने के बाद आरोपी ने पोर्च में खड़ी स्पीकर की गाड़ी पर फूलों का गुलदस्ता रखा और वापस उतनी ही रफ्तार से वहां से भाग भी निकला. 

Advertisement

विधानसभा के भीतर घुसने से पहले तेज रफ्तार कार ने जिस ई-रिक्शा में टक्कर मारी थी, उसके चालक ने भी घटना के संबंध में जानकारी दी है. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक गौरव ने कहा है कि वह दिल्ली विधानसभा के गेट नंबर दो के बाहर ई-रिक्शा खड़ा कर सवारी का इंतजार कर रहा था. इसी दौरान तेज आवाज हुई और कार लोहे के गेट से टकरा गई.

यह भी पढ़ें: 'बैरिकेड तोड़ा, कार दिल्ली विधानसभा में घुसाई, फिर फरार...', चश्मदीद ने बताई पूरी कहानी

ई-रिक्शा चालक ने बताया कि जब तक वह ई-रिक्शा तक पहुंचता, वहां भीड़ जुट चुकी थी. कार की टक्कर से उसके ई-रिक्शा की टेल लाइट टूट गई, हैंडल मुड़ गया और पीछे का हिस्सा भी अलग हो गया. उसने कहा कि इसकी मरम्मत कराने में करीब चार हजार रुपये का खर्च आएगा. गौरव ने कहा कि मरम्मत के चार हजार रुपये कौन देगा. शायद मुझे मुआवजा भी नहीं मिलेगा.

Advertisement

यह भी पढ़ें: किसान आंदोलन को लेकर किए थे कई पोस्ट, फिर हटाए... दिल्ली असेंबली में कार घुसाने वाले का नहीं पता चला मोटिव

ई-रिक्शा चालक ने यह भी बताया कि गेट पर मौजूद सीआरपीएफ के एक जवान ने कार घुसते ही पुलिस और अन्य अधिकारियों को सूचना देने की कोशिश भी की. आरोपी उनकी ओर से प्रतिक्रिया दिए जाने के पहले ही फरार हो गया. बता दें कि पुलिस ने इस मामले में उत्तर दिल्ली से कार जब्त करने के साथ ही आरोपी 37 साल के सरबजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. उसके साथ दो अन्य लोगों को भी पकड़ा गया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement