रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को भारतीय सेना से कहा कि उन्हें सिर्फ देश ही नहीं बल्कि देशवासियों का दिल भी जीतना है. उन्होंने कहा कि आपको और अधिक सजग रहने की आवश्यकता है. रक्षामंत्री का बयान जम्मू-कश्मीर में हाल ही में नागरिकों की संदिग्ध मौतों के मद्देनजर आया है.
राजनाथ सिंह ने कहा, "सेना को सिर्फ देश को दुश्मनों से बचाना नहीं है, बल्कि लोगों का दिल जीतना भी उसकी जिम्मेदारी है. सुनिश्चित करें कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.''
उन्होंने सेना को संबोधित करते हुए कहा, "यह देश आप सभी के प्रति कृतज्ञता का भाव रखता है. मातृभूमि की सेवा में आप लोगों का बलिदान यद्यपि अन-पैरेलल है और इसकी कोई कीमत नहीं चुकाई जा सकती है. हम आपको विश्वास दिलाते हैं कि यह सरकार सदैव आप लोगों के साथ खड़ी है और आपके वेलफेयर को हम हमेशा टॉप प्रायोरिटी रखते हैं.
उन्होंने कहा, मैं मानता हूं कि हमारा उद्देश्य जंग जीतना है, आतंकवादियों से लड़ना है, लेकिन साथ ही साथ देशवासियों का विश्वास जीतने की जिम्मेदारी भी आपके कंधों पर है."
रक्षामंत्री के साथ सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे भी थे और एयरपोर्ट पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और उत्तरी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने उनका स्वागत किया.
बता दें कि बीते गुरुवार को राजौरी में हुए हमले में सेना के चार जवान शहीद हो गए थे, जिसके बाद सेना ने पूछताछ के लिए तीन स्थानीय युवकों को उठाया था, जो बाद में मृत पाए गए थे, जिसके बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश हो गया था.
aajtak.in