कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक निजी स्कूल में छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है.आरोप है कि गणित का सवाल नहीं बता पाने पर एक महिला शिक्षक ने दूसरी कक्षा के छात्र को थप्पड़ मारा और लकड़ी के डस्टर से भी पीटा. इस मामले में पुलिस ने शिक्षिका के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.
पुलिस के मुताबिक यह घटना शहर के डोड्डनगमंगला इलाके में स्थित एक निजी स्कूल में हुई. मामले का खुलासा तब हुआ जब छात्र के अभिभावक ने 5 मार्च को परप्पना अग्रहारा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई.
शिकायत में अभिभावक ने बताया कि 2 मार्च को दोपहर करीब 1:30 बजे से 2 बजे के बीच कक्षा में पढ़ाई के दौरान महिला शिक्षक ने उनके बेटे से गणित का एक सवाल पूछा. जब छात्र ने कहा कि उसे जवाब नहीं पता है, तो शिक्षिका नाराज हो गईं.
छात्र के कान मरोड़े, फिर जड़ दिया थप्पड़
एफआईआर के अनुसार शिक्षिका ने पहले छात्र के कान मरोड़े, फिर उसके चेहरे पर थप्पड़ मारा. इतना ही नहीं, उन्होंने लकड़ी के डस्टर से बच्चे के कंधे पर भी प्रहार किया. आरोप है कि इस दौरान शिक्षिका ने बच्चे के साथ अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया.
परिजनों का कहना है कि इस घटना के बाद उनका बेटा काफी डर गया और मानसिक रूप से परेशान हो गया. इसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी टीचर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) (जानबूझकर चोट पहुंचाना), 118(1) (खतरनाक साधन से चोट पहुंचाना) और 352 (शांति भंग करने के इरादे से अपमान) के तहत मामला दर्ज किया है.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में आरोपी शिक्षिका को पूछताछ के लिए बुलाया गया था. पूछताछ के दौरान उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए छात्र के माता-पिता से माफी मांगी.
पुलिस के अनुसार शिक्षिका ने आश्वासन दिया है कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा नहीं होगी. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया गया.
aajtak.in