पश्चिम बंगाल के बागडोगरा से दिल्ली आ रही एक फ्लाइट की यूपी में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी. एअर इंडिया एक्सप्रेस के इस विमान में 148 लोग सवार थे. प्लेन में अचानक हवा में ही धुएं का अलार्म बजने लगा. इसके बाद प्लेन की लखनऊ हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी.
शाम को एअरबस ए320 विमान IX1523 को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मोड़ दिया गया, जब विमान के एवियोनिक्स बे (इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम वाली जगह) में धुआं देखा गया.
पायलट ने 'Mayday' कॉल किया था. यह जानलेवा या बहुत गंभीर खतरे की स्थिति में मदद के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला संकेत है.
May Day कॉल के तुरंत बाद लखनऊ के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को सूचना दी गई थी. फिर विमान शाम लगभग 5.20 बजे सुरक्षित रूप से उतर गया.
लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया और किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है.
यात्रियों को दिल्ली जाने वाली वैकल्पिक उड़ानों की सुविधा दी गई. सूत्रों ने बताया कि कुछ यात्रियों ने फुल रिफंड का विकल्प चुना, जबकि अन्य को होटल में ठहरने की व्यवस्था की गई और बाद की उड़ानों में उनकी बुकिंग कर दी गई.
इस घटना की पुष्टि करते हुए एअर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान लखनऊ में उतरा.
एयरलाइन ने कहा, 'सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए, दिल्ली जाने वाली हमारी एक उड़ान के चालक दल ने धुएं की चेतावनी के बाद लखनऊ की ओर मुड़ने और प्राथमिकता के आधार पर लैंडिंग करने का फैसला लिया. विमान सुरक्षित रूप से उतर गया. सभी यात्रियों को बाद में दिल्ली जाने वाली वैकल्पिक उड़ानों से भेजने की व्यवस्था की गई.' फिलहाल आगे की जांच किए जाने तक विमान लखनऊ हवाई अड्डे पर ही खड़ा रहेगा.
aajtak.in