आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), 27 फरवरी, 2026 की खबरें और समाचार: दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने शराब घोटाले में AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत सभी आरोपियों को बरी किया. वहीं, देश की जीडीपी तीसरी तिमाही में 7.8 फीसदी रही. इन खबरों के अलावा, कोलकाता में आज 5.5 तीव्रता का भूकंप आया. पढ़ें शुक्रवार शाम की बड़ी खबरें.
केजरीवाल पर आरोप, गिरफ्तारी और अब बरी... दिल्ली शराब घोटाले की पूरी टाइमलाइन
दिल्ली के शराब घोटाला केस में राउज एवेन्यू कोर्ट ने पूर्व CM अरविंद केजरीवाल, पूर्व डिप्टी सीएम मनीाष सिसोदिया समेत सभी आरोपियों को बरी कर दिया है. कोर्ट ने कहा कि बिना ठोस और पर्याप्त सबूतों के लगाए गए आरोप पर विश्वास नहीं किया जा सकता. इस दौरान कोर्ट ने आबकारी विभाग के पूर्व कमिश्नर कुलदीप सिंह को भी बरी कर दिया है.
इकोनॉमी को लेकर सबसे बड़ी खबर, तीसरी तिमाही में GDP की रफ्तार 7.8% रही
देश की आर्थिक वृद्धि दर चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 7.8% रही. GDP में शानदार तेजी के पीछे विनिर्माण, सर्विस और निवेश गतिविधियों में सुधार को प्रमुख कारक माना जा रहा है. इससे पहले दूसरी तिमाही में भारत की GDP विकास दर 7.6% दर्ज की गई थी. इस पूरे वित्त वर्ष के लिए सरकार ने नॉमिनल GDP बढ़ोतरी दर 8.6% रहने का अनुमान जताया है.
भूकंप के झटके से दहला कोलकाता, 5.5 तीव्रता, घरों-दफ्तरों से बाहर निकले लोग
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.5 मापी गई. भूकंप का केंद्र बांग्लादेश रहा. हालांकि, भूकंप के झटके कुछ सेकंड तक ही रहे. कई दफ्तरों में कर्मचारियों ने भी भूकंप की तीव्रता भांपते ही परिसर खाली कर दिए और खुले स्थानों पर जमा हो गए.
5 लाख करोड़ स्वाहा... सेंसेक्स 1000 अंक टूटा, अचानक क्यों आई भारी गिरावट?
शेयर बाजार में सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को बड़ी गिरावट देखने को मिली. दिन के अंत में सेंसेक्स 961 अंक या 1.17 फीसदी टूटकर 81287 लेवल पर बंद हुआ और निफ्टी 317 अंक या 1.25 फीसदी गिरकर 25178 पर क्लोज़ हुआ. इस दौरान बीएसई टॉप 30 शेयरों में से 25 शेयर लाल निशान पर बंद हुए.
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की गिरफ्तारी पर रोक, कोर्ट ने सुरक्षित रखा फैसला
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की अग्रिम जमानत याचिका पर आदेश सुरक्षित रख लिया है. कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि जब तक अंतिम आदेश नहीं सुनाया जाता, तब तक स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को अरेस्ट नहीं किया जाएगा. नाबालिगों के साथ यौन शोषण के मामले में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने गिरफ्तारी से बचने के लिए हाईकोर्ट का रुख किया था.
पाकिस्तान PM के ऑफिस से 5 KM दूर अफगानिस्तान की एयरस्ट्राइक! कंधार का बदला इस्लामाबाद से
अफ़गानिस्तान ने पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में प्रधानमंत्री आवास से मात्र 5 किलोमीटर दूर ड्रोन हमला किया है. अफगानिस्तान बॉर्डर पुलिस के प्रवक्ता अब्दुल्ला फारूकी ने कहा, "हमने एक घंटा पहले इस्लामाबाद में एयर स्ट्राइक किया है, इस्लामाबाद, नौशेरा, एबटाबाद, जमरूद में हमने अटैक किया है." इस पर पाकिस्तान ने आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है.
भारत के किस फैसले को लेकर निराश हुए ईरान के विदेश मंत्री
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने चाबहार पोर्ट के लिए भारत द्वारा इस साल के बजट में कोई फंड न रखने पर निराशा जताई. उन्होंने चाबहार पोर्ट को हिंद महासागर क्षेत्र को मध्य एशिया और उससे आगे के देशों से जोड़ने वाला एक 'गोल्डन गेटवे' बताया. ये प्रोजेक्ट एक स्ट्रेटेजिक पोर्ट है जिसे भारत दक्षिण-पूर्वी ईरान के चाबहार में बना रहा है.
अफगानिस्तान से छिड़ी जंग... अब आटे के लिए भी तरसेगा पाकिस्तान, US रिपोर्ट की गंभीर चेतावनी
अमेरिका की एक रिपोर्ट में पाकिस्तान के गेहूं पैदावार में भारी गिरावट आने का दावा किया गया है. अमेरिकी कृषि विभाग की रिपोर्ट बताती है कि पिछले साल की तुलना में इस बार पाकिस्तान में 20-22 लाख टन कम गेहूं पैदा होगा. बता दें कि पाकिस्तान की अधिकांश आबादी गेहूं के आटे और उससे बने प्रोडक्ट पर निर्भर है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार अवनीश अवस्थी का सेवा विस्तार, 2027 तक मिली जिम्मेदारी
UP के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुख्य सलाहकार अवनीश अवस्थी को एक साल के लिए सेवा विस्तार दिया गया है. उनका कार्यकाल 28 फरवरी 2027 तक बढ़ा दिया गया है. यह फैसला उनकी प्रशासनिक दक्षता और योगी सरकार में निभाए गए अहम कामों को देखते हुए लिया गया है. अवनीश कुमार अवस्थी उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ और प्रतिष्ठित पूर्व आईएएस अधिकारी हैं.
बिहार के टीचर्स के लिए गुड न्यूज, प्रमोशन और सैलरी पर सरकार का बड़ा फैसला
बिहार सरकार ने लगभग एक दशक से सेवारत शिक्षकों को प्रमोशन देने का फैसला किया है. बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने विधान परिषद में कहा कि मौजूदा वित्तीय वर्ष खत्म होने के बाद शिक्षकों के प्रमोशन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. इधर, बिहार में सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के तबादले की नई नीति अप्रैल में लागू होने की भी संभावना है.
aajtak.in