उत्तर प्रदेश और असम तक पेट्रोल-डीज़ल को लेकर पैनिक बाइंग का असर दिखाई देने लगा है. वहीं, पश्चिम बंगाल में वोटर लिस्ट से अब तक करीब 76 लाख नाम हटाए गए. इन खबरों के अलावा, मौसम विभाग ने दिल्ली और पंजाब समेत कई राज्यों में एक बार फिर बारिश के आसार जताए हैं. पढ़ें गुरुवार सुबह की बड़ी खबरें.
MP और गुजरात के बाद अब UP और असम तक पेट्रोल-डीज़ल को लेकर पैनिक बाइंग का असर दिखाई देने लगा है. प्रयागराज, गोंडा, सिद्धार्थनगर, हापुड़, देवरिया, संत कबीर नगर सहित कई ज़िलों में पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें देखी गईं. वहीं, प्रशासन लगातार लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और पर्याप्त स्टॉक होने की अपील कर रहा है.
बंगाल SIR के बाद डिलिट हुए 13 लाख और नाम, अब तक कुल 76 लाख वोटर्स के नाम कटे, EC ने दिया नया आंकड़ा
पश्चिम बंगाल में वोटर लिस्ट से अब तक करीब 76 लाख नाम हटाए जा चुके हैं, जिनमें 13 लाख नाम हालिया जांच में हटाए गए हैं. पहले SIR जांच के दौरान 58 लाख नाम हटाए गए. अब जो नाम "अंडर एडजुडिकेशन" यानी न्यायिक जांच में थे. इनमें से 40% यानी करीब 13 लाख नाम और हटाए जा रहे हैं. दोनों मिलाकर कुल 76 लाख के करीब नाम हटाए जा चुके हैं.
Rain Alert: पश्चिमी विक्षोभ का असर, दिल्ली-पंजाब से राजस्थान तक फिर आंधी-बारिश के आसार
मौसम विभाग ने दिल्ली और पंजाब समेत कई राज्यों में एक बार फिर बारिश के आसार जताए हैं. IMD ने बताया है कि 26 और 28 मार्च के आसपास दो नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे, जिससे 25 मार्च की शाम से पंजाब, हरियाणा और उत्तर-पश्चिम राजस्थान में हल्की बारिश हो सकती है. इसके बाद 26 और 27 मार्च को दिल्ली-NCR में बारिश, तेज़ हवाएं देखने को मिल सकती हैं.
रोजमर्रा के सामान से लेकर हवाई सफर तक महंगा... ईरान युद्ध से भारतीयों का बिगड़ा बजट!
मिडिल ईस्ट में जारी ईरान जंग का असर अब भारत में साफ नजर आने लगा है. कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और सप्लाई चेन में बाधा के कारण देश में रोजमर्रा के सामान से लेकर हवाई किराए तक महंगे हो गए हैं. पैकेज्ड पानी, कुकिंग ऑयल और एल्यूमीनियम उत्पादों में भी लगातार महंगाई देखी जा रही है.
ब्रिटेन की हाईकोर्ट ने भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी के प्रत्यर्पण मामले को दोबारा खोलने की याचिका खारिज कर दी. नीरव मोदी ने नए तथ्यों और मानवाधिकार से जुड़े मुद्दों का हवाला दिया था, लेकिन अदालत ने इन्हें पर्याप्त नहीं माना. नीरव मार्च 2019 से लंदन की जेल में बंद है. भारत सरकार 2018 से ही उन्हें भारत लाने की कोशिश कर रही है.
दिल्ली में छात्राओं को मिलेंगी फ्री साइकिल, पर चलेंगी कहां? रेखा गुप्ता सरकार की योजना पर बड़ा सवाल
दिल्ली में सरकारी स्कूलों में 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली करीब 1.3 लाख छात्राओं को मुफ्त साइकिल दी जाएंगी. सीएम का मकसद छात्राओं को आसानी से स्कूल पहुंचाना, ड्रॉपआउट कम कराना और छात्राओं को स्वावलंबी बनाना है. हालांकि, दिल्ली में समर्पित साइकिल ट्रैक का अनुपात देश के अन्य प्रमुख शहरों की तुलना में बेहद खराब है.
पाकिस्तान में भूकंप के तेज झटके, रिक्टर स्केल पर 4.6 मापी गई तीव्रता
पाकिस्तान में गुरुवार सुबह 4.6 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया है. भूकंप का केंद्र ज़मीन से 92 किलोमीटर की गहराई पर था. फिलहाल किसी बड़े जान-माल के नुकसान की तत्काल सूचना नहीं मिली है. पाकिस्तान भूकंप संभावित क्षेत्र में स्थित है क्योंकि यह अरब सागर, भारतीय और यूरेशियाई टेक्टोनिक प्लेटों की सीमा के पास स्थित है.
aajtak.in