कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम मोदी को आतंकवादी कह दिया. हालांकि बाद में खड़गे सफाई देते नजर आए. वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाज आयुष म्हात्रे चोटिल होने की वजह से IPL 2026 से बाहर हुए. इन खबरों के अलावा, केरलम के मुंदथिक्कोड में एक पटाखा फैक्ट्री में बड़ा धमाका होने से 13 लोगों की मौत हो गई. पढ़ें मंगलवार शाम की बड़ी खबरें.
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने PM मोदी को बता दिया 'आतंकवादी', बाद में देने लगे सफाई
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी कह दिया. खड़गे ने कहा है कि मोदी आतंकवादी हैं और उनकी पार्टी बराबरी के सिद्धांत में विश्वास नहीं करती है. हालांकि बाद में खड़गे सफाई देते नजर आए. खड़गे ने कहा कि उन्होंने आतंकवादी नहीं कहा, बल्कि कहा कि वे आतंकित कर रहे हैं.
IPL के बीच आई CSK के लिए बैड न्यूज, आयुष म्हात्रे पूरे सीजन के लिए बाहर, इस खिलाड़ी की एंट्री पक्की!
IPL 2026 के बीच CSK के बल्लेबाज आयुष म्हात्रे पूरे सीजन के लिए बाहर हो गए हैं. उनको सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 18 अप्रैल को खेले गए मैच में बैटिंग के दौरान बाएं पैर की हैमिस्ट्रिंग में गंभीर चोट आई. यह चोट इतनी गंभीर है कि आयुष को अब 6 से 12 हफ्तों तक रिहैबिलिटेशन से गुजरना होगा, जिससे उनका IPL 2026 में वापसी कर पाना संभव नहीं है.
नीतीश ने श्रवण कुमार पर जताया भरोसा, जेडीयू विधायक दल का नेता बनाकर साधे कई दांव
नीतीश कुमार ने अपने सबसे करीबी और भरोसेमंद माने जाने वाले श्रवण कुमार को जेडीयू विधायक दल का नेता नियुक्त किया है. बिहार की सियासत में श्रवण कुमार एक जाना पहचाना चेहरा हैं. उन्होंने अपना राजनीतिक सफर पांच दशक पहले नीतीश कुमार के साथ ही शुरू किया था. वे नीतीश के गृह जनपद नालंदा से आते हैं और उनकी ही जाति कुर्मी समाज से हैं.
केरलम: पटाखा फैक्ट्री में बड़ा धमाका... 13 लोगों की मौत, कई घायल
केरलम के मुंदथिक्कोड में एक पटाखा फैक्ट्री में बड़ा धमाका हुआ है. इस हादसे में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई है. कई लोग बुरी तरह झुलस गए हैं. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया. फैक्ट्री में त्रिशूर पूरम उत्सव के लिए एक मंदिर देवस्वोम की ओर से पटाखे तैयार करवाए जा रहे थे, तभी धमाका हो गया और कई लोग चपेट में आ गए.
ICC रैंकिंग में शेफाली वर्मा का धमाका, मारी तगड़ी छलांग... स्मृति मंधाना को नुकसान
टीम इंडिया की ओपनर शेफाली वर्मा ने ICC महिला टी ट्वेंटी आई बल्लेबाजी रैंकिंग में छलांग लगाई है. साउथ अफ्रीका के खिलाफ जारी टी ट्वेंटी आई सीरीज में दमदार प्रदर्शन के बाद शेफाली 2 पायदान चढ़कर छठे स्थान पर पहुंच गई हैं. इस सीरीज के दूसरे मैच में शेफाली ने 57 रनों की तेज पारी खेली. वहीं इसके पहले मैच में शेफाली ने 34 रन बनाए थे.
यूपी में गर्मी का टॉर्चर, 45 डिग्री पारा... हीट को बीट करने के लिए ये तरीके अपना रहे लोग
उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भीषण गर्मी और लू ने लोगों को परेशान कर दिया है. प्रयागराज और बांदा में तापमान 43 से 45 डिग्री के पार पहुंच गया है. लोग कह रहे हैं कि इतनी तेज गर्मी अप्रैल में पहले कभी नहीं देखी. लोग जरूरी काम के लिए भी घर से निकलने से पहले सोचते हैं, जो लोग बाहर निकल भी रहे हैं, वे मुंह और सिर को कपड़े से ढककर चल रहे हैं.
Jio हॉटस्टार या अमेजन प्राइम पर नहीं... यहां दिखेगा एशियन गेम्स 2026, आ गई पूरी डिटेल
एशियन गेम्स 2026 के प्रसारण अधिकार सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया ने हासिल कर लिए हैं. यह मल्टी स्पोर्ट इवेंट सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क चैनलों और सोनी लिव पर लाइव स्ट्रीम होगा. इस बार एशियन गेम्स जापान के Aichi-Nagoya में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होने वाले हैं. पिछली बार भारत ने एशियन गेम्स में रिकॉर्ड 107 मेडल जीतकर इतिहास रचा था.
aajtak.in