संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही अब 16 अप्रैल से फिर शुरू होगी और 18 अप्रैल तक जारी रहेंगी. वहीं, आज कारोबार के अंत में सेंसेक्स 185 अंक चढ़कर 73,319 पर बंद हुआ. इन खबरों के अलावा, UP सरकार ने 22 हजार मदरसा शिक्षकों को बड़ी राहत देने का फैसला लिया है. पढ़ें गुरुवार शाम की बड़ी खबरें.
महिला आरक्षण बिल के लिए सरकार ने तय की तारीख, 16 अप्रैल से फिर चलेगी संसद
संसद के दोनों सदनों, लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही गुरुवार को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित नहीं होगी. संसद के दोनों सदनों की बैठकें 16 अप्रैल से फिर शुरू होंगी, और 18 अप्रैल तक जारी रहेंगी. संसद की इन तीन दिनों की बैठकों के दौरान सरकार महिला आरक्षण लागू करने के लिए संविधान संशोधन बिल पारित कराएगी.
शेयर बाज़ार गुरुवार को बढ़त के साथ बंद हुआ है. कारोबार के अंत में सेंसेक्स 185 अंक चढ़कर 73,319 पर बंद हुआ. वहीं निफ्टी 33 अंक चढ़कर 22,713 पर क्लोज़ हुआ. इससे पहले गुरुवार सुबह ट्रंप के ईरान जंग को लेकर दिए गए अपडेट के बाद शेयर बाज़ार में भारी गिरावट आई थी. सेंसेक्स 1500 अंक से ज़्यादा और निफ्टी 470 अंक से ज़्यादा गिर गया था.
यूपी के 22000 मदरसा शिक्षकों को मिलेगी राहत, योगी सरकार ने लिया बड़ा फैसला
UP सरकार ने एक बड़ा मानवीय और प्रशासनिक निर्णय लेते हुए 22 हजार मदरसा शिक्षकों को बड़ी राहत देने का फैसला किया है. मुख्यमंत्री ने साफ किया है कि शिक्षा के स्तर को सुधारने में इन शिक्षकों के योगदान को व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा. ये वे शिक्षक हैं जिनकी नौकरी मदरसा आधुनिकीकरण योजना के बंद होने के बाद करीब 26 महीने पहले चली गई थी.
ईरान युद्ध के बीच भारत के खिलाफ साजिश रच रहा पाकिस्तान? राजनाथ सिंह ने दी कड़ी चेतावनी
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को ईरान युद्ध की आड़ में किसी भी तरह के दुस्साहस के खिलाफ सख्त चेतावनी दी है. केरल में 'सैनिक सम्मान सम्मेलन' को संबोधित करते हुए राजनाथ ने कहा कि यदि पाकिस्तान ने मिडिल ईस्ट की उथल-पुथल का फायदा उठाकर गड़बड़ी फैलाने की कोशिश की की तो भारत की प्रतिक्रिया निर्णायक होगी.
राघव चड्ढा को AAP ने राज्यसभा में डिप्टी लीडर पद से हटाया
आम आदमी पार्टी ने सांसद राघव चड्ढा को राज्यसभा में डिप्टी लीडर के पद से हटा दिया है. अब उनकी जगह लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के चांसलर और पार्टी सांसद डॉ. अशोक कुमार मित्तल राज्यसभा में पार्टी के नए डिप्टी लीडर होंगे. राघव चड्ढा का डिप्टी लीडर पद से हटना पार्टी में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है.
'ये सोची-समझी साजिश...', SIR ऑफिसर्स को बंधक बनाने पर SC सख्त, बंगाल सरकार को पड़ी फटकार
पश्चिम बंगाल के मालदा में न्यायिक अधिकारी के घेराव पर सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को कड़ी फटकार लगाई है. इस दौरान कोर्ट ने राज्य को देश का 'सबसे ज़्यादा ध्रुवीकृत' राज्य बताया. कोर्ट ने घटना की निंदा करते हुए इसे चुनावी प्रक्रिया में लगे अधिकारियों का मनोबल गिराने की 'पहले से सोची-समझी और मकसद से की गई' कोशिश करार दिया.
मौसम पर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का साया, नॉर्थ इंडिया में फिर भारी बारिश-बर्फबारी और ओलावृष्टि का अलर्ट
अप्रैल 2026 के पहले हफ्ते में एक मजबूत वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर भारत के कई राज्यों पर दस्तक देने वाला है. IMD के मुताबिक, 3 से 5 अप्रैल के बीच इस सिस्टम के कारण उत्तर के मैदानी इलाकों में शनिवार-रविवार से ही बारिश और आंधी-तूफान की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं. वहीं, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में भी बारिश की तीव्रता बढ़ेगी.
PSL 2026 में पाकिस्तानी बल्लेबाज़ फखर ज़मां को बॉल टेम्परिंग के आरोप में दो मैचों के लिए सस्पेंड कर दिया गया है. पीसीबी ने जांच पूरी कर फखर को दोषी ठहराया और उन पर दो मैचों का प्रतिबंध लगा दिया. अब फखर ज़मां ने अपने ऊपर लगे बॉल टेम्परिंग के आरोपों को ग़लत बताते हुए पीसीबी के फैसले को चुनौती दी है.
राजस्थान सब इंस्पेक्टर भर्ती 2021 के पेपर लीक और भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच सुप्रीम कोर्ट ने पुराने अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी है. अदालत ने निर्देश दिया है कि जो अभ्यर्थी 2021 की एसआई भर्ती परीक्षा में शामिल हुए थे, उन्हें आगामी 5 और 6 अप्रैल को होने वाली एसआई भर्ती परीक्षा में बैठने का अवसर दिया जाए.
को-ऑपरेटिव बैंक घोटाला: कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को तीन साल की सजा, एक लाख रुपये जुर्माना भी
मध्य प्रदेश के दतिया से कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को को-ऑपरेटिव बैंक घोटाला में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने तीन साल की सज़ा सुनाई. इसके साथ ही कांग्रेस विधायक पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है. हालांकि, फैसला सुनाने के बाद कोर्ट ने राजेंद्र भारती को 50 हजार रुपये के बॉन्ड पर ज़मानत दे दी.
aajtak.in