भारत के लिए रूसी तेल 98.93 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया, जो 2022 के बाद सबसे ऊंचा स्तर है. वहीं, केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी की बेटी हिमायनी पुरी ने अपने ख़िलाफ़ झूठी ख़बरों पर दिल्ली हाई कोर्ट में मानहानि का मुक़दमा दायर किया. इन खबरों के अलावा, अगले हफ़्ते 28 मार्च को शनिवार और 29 मार्च को रविवार को भी संसद चलेगी. पढ़ें मंगलवार सुबह की बड़ी खबरें
भारत में रूसी तेल की कीमतों ने तोड़ा रिकॉर्ड! महंगा बेचकर कितना कमा रहे पुतिन
ईरान-अमेरिका-इजरायल जंग के बीच भारत को रूसी तेल महंगा पड़ रहा है. रूस का प्रमुख यूराल क्रूड भारत में 98.93 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया, जो 2022 के बाद सबसे ऊंचा स्तर है. रूसी तेल की कीमतों में भारी उछाल की वजह डोनाल्ड ट्रंप की रूसी तेल पर छूट है जो उन्होंने पूरी दुनिया के देशों के लिए जारी की है. आजतक के अनुसार, इसमें शिपिंग चार्जेज भी शामिल हैं.
हरदीप पुरी की बेटी ने किया 10 करोड़ का मानहानि केस, जेफरी एपस्टीन के साथ नाम जोड़ने से खफा
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी की बेटी हिमायनी पुरी ने अपने ख़िलाफ़ चल रही कथित झूठी और दुर्भावनापूर्ण ख़बरों को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट में मानहानि का मुक़दमा दायर किया है. इन पोस्ट में उनका नाम अमेरिकी यौन अपराधी जेफ़री एपस्टीन से जोड़ा गया है. आजतक के अनुसार, उन्होंने सोशल मीडिया से ऐसे मानहानिकारक पोस्ट हटाने की मांग की है.
अगले हफ्ते शनिवार-रविवार को भी चलेगी संसद, 18 को गिलोटिन लाएगी सरकार
संसद में इस हफ़्ते 18 और 20 मार्च को अवकाश रहेगा. गुड़ी पड़वा और ईद के चलते दोनों सदनों की बैठक नहीं होगी. इन छुट्टियों की भरपाई के लिए सरकार ने प्लान बनाया है. अगले हफ़्ते 28 मार्च को शनिवार और 29 मार्च को रविवार को भी संसद चलेगी. आज तक के अनुसार, राज्यसभा में सभापति सीपी राधाकृष्णन ने इसका ऐलान कर दिया है.
ऑस्कर 2026 में फिल्म को नहीं मिला अवॉर्ड, अब घर लौटकर जेल जाएगा ईरानी फिल्ममेकर!
ईरानी फ़िल्ममेकर जफ़र पनाही की फ़िल्म ‘इट वॉज़ जस्ट एन एक्सिडेंट’ अवॉर्ड से चूक गई. ईरान में इसे ‘सरकार विरोधी प्रोपेगेंडा’ बताकर बैन कर दिया गया. फ़िल्म में महिलाओं को बिना हिजाब भी दिखाया गया है. आज तक के अनुसार, अब पनाही की गिरफ़्तारी को लेकर चिंता बढ़ गई है, क्योंकि सरकार पहले ही उन्हें जेल की सज़ा का आदेश दे चुकी है.
मंगल पर मिला वो केमिकल जो बनाता है जिंदगी... नासा के क्यूरियोसिटी रोवर की खोज
नासा का रोवर क्यूरियोसिटी मंगल पर एक नरम चट्टान पर चढ़ा तो वह टूट गई. उस चट्टान के अंदर से पीले रंग के क्रिस्टल निकले, जो शुद्ध सल्फ़र यानी ब्रिमस्टोन थे. मंगल पर सल्फेट तो पहले भी मिले थे, लेकिन शुद्ध सल्फर का यह पहला प्रमाण है. आज तक के अनुसार, यह खोज इतनी हैरान करने वाली है कि वैज्ञानिक अब इसे समझने में लगे हैं.
पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक से काबुल दहला... तालिबान बोला- अस्पताल पर बम गिराया, 250 मौतें
अफगानिस्तान का दावा है कि पाकिस्तान ने काबुल के एक अस्पताल को एयरस्ट्राइक में निशाना बनाया है. इसमें 250 लोगों की जान चली गई और चार सौ से ज्यादा लोग घायल हो गए. हालांकि, पाकिस्तान की ओर से इन आरोपों को ख़ारिज कर दिया गया है. अफगान अधिकारियों ने कहा कि पाकिस्तान ने यह हमला काबुल में नशा मुक्ति अस्पताल पर हमला किया था.
बंगाल-तमिलनाडु के बाद असम में भी बड़ा फेरबदल, 5 जिलों के चुनाव अधिकारी बदले
असम विधानसभा चुनाव के तारीखों के ऐलान के एक दिन बाद चुनाव आयोग ने राज्य के पांच जिलों के डिस्ट्रिक्ट इलेक्शन ऑफिसर का ट्रांसफर कर दिया है. कोकराझार, माजुली, बक्सा, चिरांग और उदलगुरी जिलों के डीईओ को यह जिम्मेदारी से हटा कर नए अधिकारियों को अपॉइंट किया गया है. आज तक के अनुसार, इस मामले में आयोग ने असम के मुख्य सचिव रवि कोटा को भी पत्र भेजा है.
एयर इंडिया की न्यूयॉर्क-दिल्ली फ्लाइट आयरलैंड डायवर्ट, तकनीकी खराबी की आशंका
न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI102 को तकनीकी ख़राबी के कारण आयरलैंड के शैनन एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा. विमान में क़रीब 300 यात्री सवार थे. एहतियात के तौर पर विमान उतारा गया और उसकी तकनीकी जांच की गई. यात्रियों को फ़िलहाल होटल में ठहराया गया है. आज तक के अनुसार, विमान को डायवर्ट किए जाने से पहले यह लगभग छह घंटे तक हवा में रहा.
aajtak.in