अमेरिका के कैलिफोर्निया में पढ़ाई कर रहे 22 वर्षीय भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया करीब 6 दिन से लापता थे और अब उनके शव को बरामद किया गया है. बांग्लादेश में BNP नेता तारिक रहमान 17 फरवरी की शाम प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे. शपथ समारोह में शामिल होने के लिए 13 देशों के सरकार प्रमुखों को निमंत्रण भेजा गया है. भारतीय रेलवे ने ‘रेलवे सुधार योजना 2026’ के तहत 52 हफ्तों में 52 सुधार लागू करने की घोषणा की है. वहीं, महाराष्ट्र में NCP (SP) के अध्यक्ष शरद पवार को शनिवार दोपहर पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक से छुट्टी मिल गई है. पढ़ें रविवार सुबह की टॉप खबरें...
अमेरिका में भारतीय इंजीनियर की लाश मिली, 6 दिन पहले पड़ोसी के दरवाजे पर मिला था लैपटॉप और बैग
अमेरिका के कैलिफोर्निया में पढ़ाई कर रहे 22 वर्षीय भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया करीब 6 दिन से लापता थे और अब उनके शव को बरामद किया गया है. कर्नाटक के रहने वाले साकेत श्रीनिवासैया, कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, बर्कले में केमिकल और बायोमोलेक्यूलर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे और 9 फरवरी को लापत हो गए थे.
बांग्लादेश में BNP नेता तारिक रहमान 17 फरवरी की शाम प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे. शपथ समारोह में शामिल होने के लिए 13 देशों के सरकार प्रमुखों को निमंत्रण भेजा गया है. जिन देशों को न्योता भेजा गया है, उनमें भारत, चीन, सऊदी अरब, पाकिस्तान, तुर्किये, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, मलेशिया, ब्रुनेई, श्रीलंका, नेपाल, मालदीव और भूटान शामिल हैं.
बलूच लिबरेशन आर्मी ने 7 पाकिस्तानी सैनिकों को पकड़ा, रिहाई के लिए दिया 7 दिन का अल्टीमेटम
बलूचिस्तान में सक्रिय बलूच लिबरेशन आर्मी ने 'ऑपरेशन हेरोफ 2.0' के दौरान पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के 17 कर्मियों को पकड़ने का दावा किया है. बीएलए ने कहा है कि उसके पास 7 पाकिस्तानी सैनिक हैं और अगर कैदी अदला-बदली शुरू नहीं हुई तो एक हफ्ते के भीतर उन्हें मौत की सज़ा दी जा सकती है. अभी तक पाकिस्तान की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.
खामेनेई से मिलने को तैयार ट्रंप, क्या ईरान-अमेरिका में खत्म होगी कड़वाहट?
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच कूटनीतिक पहल की बात सामने आई है. अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप सीधे संवाद को समाधान का रास्ता मानते हैं और जरूरत पड़ी तो ईरान के सर्वोच्च नेता से मिलने को भी तैयार हैं. यह बयान ऐसे समय आया है जब दोनों देशों के बीच अविश्वास और टकराव की आशंका बनी हुई है.
रेल के फर्स्ट क्लास डिपो के तर्ज पर होगी जनरल कोच की सफाई, 52 हफ्तों में 52 सुधार करेगा रेलवे
भारतीय रेलवे ने ‘रेलवे सुधार योजना 2026’ के तहत 52 हफ्तों में 52 सुधार लागू करने की घोषणा की है. अश्विनी वैष्णव ने बताया कि पहले चरण में सभी डिब्बों, खासकर साधारण श्रेणी की सफाई पर ज़ोर होगा. शुरुआत में प्रत्येक जोन की 4–5 ट्रेनों में यह व्यवस्था लागू होगी, जिसे बाद में 80 ट्रेनों तक विस्तारित किया जाएगा.
अस्पताल से डिस्चार्ज हुए शरद पवार, डॉक्टरों ने दी 3-4 दिन आराम की सलाह
महाराष्ट्र में NCP (SP) के अध्यक्ष शरद पवार को शनिवार दोपहर पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक से छुट्टी मिल गई है. शरद पवार को इस सप्ताह की शुरुआत में सांस लेने में दिक्कत और लगातार खांसी के कारण उनके बारामती स्थित घर से अस्पताल लाया गया था. इस दौरान डॉक्टरों ने पवार को तीन से चार दिन तक घर पर आराम करने की सलाह दी है.
aajtak.in