हरियाणा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की राहें जुदा होती दिख रही हैं. AAP ने हरियाणा चुनाव के लिए अपने 20 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है. दिवाली से पहले दिल्ली में पटाखा बैन करने को लेकर सियासत तेज हो गई है. बीजेपी और व्यापारियों ने इसे लेकर AAP सरकार पर हमला किया है. मंगेश यादव के एनकाउंटर के बाद यूपी एसटीएफ पर लगातार सवाल उठ रहे हैं. पढ़ें आज शाम की पांच बड़ी खबरें-
यूं तो सियासत में हर कदम पर जोड़-घटाव, गुना-भाग लगा रहता है. इसी तरीके से हरियाणा में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन बनते-बनते रह गया तो उसमें भी नफा-नुकसान तो होगा ही. चुनाव से पहले गठबंधन की कोशिश दोनों पार्टियों में चलती रही. जाहिर सी बात है उम्मीदें दोनों को कुछ न कुछ रही होंगी. तोल-मोल भी चला होगा, कई राउंड बातचीत में मान मनौव्वल के साथ ही तल्खी भी देखने को मिली ही होगी.
दिल्ली सरकार ने सर्दियों के मौसम में वायु प्रदूषण बढ़ने की संभावना के मद्देनजर सभी प्रकार के पटाखों के उत्पादन, भंडारण, बिक्री और उनके इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है. पटाखा बैन के बाद बीजेपी और कारोबारियों ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर हमला किया है. भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा है कि इस बार भी दिवाली पर पटाखों को बैन करने की बजाय दिल्ली सरकार प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए. पराली और धूल के प्रदूषण पर नियंत्रण के बिना दिल्ली के लोगों को राहत नहीं मिल सकती.
यूपी के सुल्तानपुर में एक लाख के इनामी मंगेश यादव के एनकाउंटर पर सवाल खड़े हो रहे हैं. सवाल राजनीतिक दलों के साथ-साथ मंगेश यादव के परिवार की तरफ से खड़े किए जा रहे हैं. वहीं दूसरी तरफ कुछ तथ्य ऐसे हैं जिनको इस एनकाउंटर में नजरंदाज नहीं किया जा सकता. मंगेश यादव एनकाउंटर पर सबसे पहले सवाल यूपी एसटीएफ की 11 सदस्य टीम पर है जिसमें एक डिप्टी एसपी डीके शाही, दो इंस्पेक्टर राघवेंद्र सिंह और महावीर सिंह, दो सब इंस्पेक्टर अतुल चतुर्वेदी और प्रदीप सिंह, 3 हेड कांस्टेबल सुशील सिंह, राम निवास शुक्ला व नीरज पांडे और 3 कांस्टेबल अमित त्रिपाठी, ब्रजेश बहादुर सिंह, अमर श्रीवास्तव मुख्य तौर पर शामिल थे.
'झूठ बोल रही हैं ममता बनर्जी, बेटी की तरह आंदोलन का भी गला घोंटना चाहती हैं', CM पर बरसीं पीड़िता की मां
पश्चिम बंगाल में कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक ट्रेनी महिला डॉक्टर के रेप और हत्या के मामले को लेकर राज्य की ममता सरकार बैकफुट पर है. पीड़िता के साथ हुई दरिंदगी के विरोध में राज्य लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. इस बीच पीड़िता की मां ने ममता बनर्जी पर तीखा हमला करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं.सोमवार को नबन्ना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुख्यमंत्री ने साफ किया कि आरजी कर मामले में पीड़ित परिवार को पैसा देने की कोई बात नहीं कही गई थी. सीएम ममता बनर्जी ने कहा, ‘पीड़ित परिवार सबूत पेश करे कि मैंने पैसों की बात कहां की है. यह एक प्रोपेगेंडा है.’
इंग्लैंड को घर में घुसकर रौंदा... श्रीलंका को 10 साल बाद मिली टेस्ट जीत
श्रीलंकाई क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को उसके घर में घुसकर टेस्ट मुकाबले में करारी शिकस्त दी है. हालांकि वो टेस्ट सीरीज नहीं जीत सकी, लेकिन आखिरी मुकाबले में जीत जरूर दर्ज की है. इंग्लैंड ने 3 मैचों की टेस्ट सीरीज पर 2-1 से कब्जा जमा लिया है. इंग्लैंड ने सीरीज के शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर पहले ही सीरीज पर कब्जा जमा लिया था. जबकि सीरीज का तीसरा और आखिरी टेस्ट मैच 6 सितंबर से खेला गया, जिसके चौथे दिन ही श्रीलंका ने यह मैच 8 विकेट से अपने नाम कर लिया.
aajtak.in