आज का दिन खबरों के लिहाज से अहम है. इंफोर्समेंट डायरेक्टरेट ED लगातार राहुल गांधी से पूछताछ कर रही है. मामला है नेशनल हेराल्ड अख़बार और इसके इर्द-गिर्द हुई फाइनेंशियल इरेगुलेरिटी का. इधर राहुल ईडी दफ़्तर में सवालों का सामना कर रहे थे. उधर उनके सपोर्टर्स और बड़े नेता जगह-जगह पुलिस वालों से भिड़ते रहे. कुछ जगह टायर जलाए गए. उधर, अब क्यों सेक्युलर नहीं दिखना चाहता अकाली दल? इसके अलावा अमेरिका, इज़रायल और UAE के साथ बन रहे नए ग्रुप में भारत का रहना ठीक होगा?
सिख उग्रवादियों को क्यों बढ़ावा दे रहा अकाली दल?
साल 1995, अगस्त का महीना, 31 तारीख़. पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या कर दी गई. एक बहुत ही संवेदनशील समय में उग्रवाद से प्रभावित पंजाब की कमान संभाली थी इस नेता ने और एक्स्ट्रिमिजम, यानि जो अतिवाद है, उस को बहुत हद तक कंट्रोल भी कर लिया था सूबे में. लेकिन फिर उनके सचिवालय में ही एक हयूमन बॉम्ब की शक़्ल में धमाका हुआ, बेअंत सिंह नहीं रहे. नाम आया इस मामले में दिलावर सिंह का जिसने अपने कमर पर विस्फोटक बांधा और फिर ब्लास्ट करा लिया. इन दिनों दिलावर सिंह की चर्चा है. क्योंकि सिख समुदाय की सबसे बड़ी धार्मिक बॉडी है, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबन्धन कमिटी यानी एसजीपीसी. उन्होंने अमॄतसर के गोल्डन टेम्पल यानी स्वर्ण मन्दिर के म्यूज़ियम में दिलावर की तस्वीर को लगा दिया है.
हाल-फिलहाल में पंजाब में एक रिलिजियस सेंटिमेंट के इर्द-गिर्द कई घटनाएं और बयान लगातार चर्चा में रहे हैं. बहुत से जानकार ये कह रहे हैं कि लगातार दो चुनाव से जो शिरोमणि अकाली दल का जनाधार खिसका है और चूंकि सिख के कुछ प्रमुख कमिटियों में अकाली दल का दखल है. सो वे इन मुद्दों के सहारे उस जनाधार को हासिल करने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन क्या बात इतनी भर है या इससे कहीं आगे कुछ और भी है जो पक रहा है, इन घटनाओं का पॉलिटिकल मतलब क्या है?
क्या राहुल गांधी गिरफ़्तार हो सकते हैं?
जांच एजेंसी इंफोर्समेंट डायरेक्टरेट ने कल लगातार तीसरे दिन राहुल गांधी से पूछताछ की. रात साढ़े 9 बजे के करीब वे घर लौटे. मामला आप जानते ही हैं नेशनल हेराल्ड अख़बार और जसके इर्द-गिर्द हुई फाइनेंशियल इरेगुलेरिटी का है. इधर राहुल ईडी दफ़्तर में सवालों का सामना कर रहे थे. उधर उनके सपोर्टर्स और बड़े नेता जगह-जगह पुलिस वालों से भिड़ते रहे. कुछ जगह टायर जलाए गए, पुलिस वालों से कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की झड़प भी हो गई एक-दो जगह. राजस्थान कांग्रेस नेता सचिन पायलट को भी इस दौरान गिरफ्तार कर लिया गया. इस माहौल के बीच, ये जो तीन दिन में क़रीब तीस घण्टे की पूछताछ हुई है, इसका एक निचोड़ क्या रहा और राहुल कितनी स्पष्टता से अपनी बात रख रहे थे? ये बात कहां से चल निकली की राहुल गांधी गिरफ्तार हो सकते हैं?
I2U2 में रहना भारत के लिए ठीक होगा?
हम लोग जानते हैं कि इंडिया, अमेरिका, जापान और आस्ट्रेलिया. ये चार देशों का एक साझा मंच है क्वाड. और इसको इस रीजन में चीन के काउंटर में की गई गोलबंदी के तौर पर देखा जाता है. कुछ इसी तर्ज़ पर जिसे लोग वेस्ट एशिया का क़्वाड कह रहे हैं, अमेरिका की अगुवाई में एक गठजोड़ बनने की ख़बरें हैं. जिसे I2U2 कहा जा रहा. यहां दो बार I का मतलब है इंडिया और इजरायल. और दो बार U का मतलब यूएसए यानी यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका और यूएई यानी संयुक्त अरब अमीरात है. अगले महीने जुलाई में 12 से 14 तारीख़ के बीच जब अमेरिकी राष्ट्रपति पश्चिम एशिया के दौरे पर होंगे, उस दौरान इन देशों की एक वर्चुअल बैठक हो सकती है. लेकिन पहले ही से मौजूद अनगिनत एलायंस के बीच इस नए नवेले समूह का मक़सद क्या है, इस गुटबन्दी से कौन को लेकर कौन से देश कितने सहज और कौन प्रॉब्लम में है, भारत अपनी इस अलायंस में जगह कहां देखता है?
इन ख़बरों पर विस्तार से चर्चा के अलावा ताज़ा हेडलाइंस, देश-विदेश के अख़बारों से सुर्खियां, आज के दिन की इतिहास में अहमियत सुनिए 'आज का दिन' में अमन गुप्ता के साथ.
16 जून 2022 का 'आज का दिन' सुनने के लिए यहां क्लिक करें...
aajtak.in