मुंबई के दादर-माहिम समेत कई इलाकों में अगले दो दिन तक पानी की किल्लत रहेगी. क्योंकि मुंबई महानगरपालिका के जल विभाग की ओर से भांडुप में जल शुद्धिकरण केंद्र से 4000 मिमी व्यास की पाइप लाइन जोड़ने का काम किया जाएगा. जानकारी के मुताबिक 30 जनवरी को सुबह 10 बजे से काम शुरू होगा. यह मंगलवार यानी 31 जनवरी को सुबह 10 बजे तक पूरा कर लिया जाएगा.
इस दौरान महानगरपालिका के 12 वार्डों यानी मुंबई के आधे हिस्से में पानी की आपूर्ति बंद रहेगी. महानगरपालिका के जल विभाग के मुख्य जल अभियंता पुरुषोत्तम मालवड़े ने बताया कि दादर और माहिम समेत कुछ इलाकों में 25 फीसदी पानी की कटौती की जाएगी. इस बीच जल विभाग ने मरम्मत अवधि के दौरान पानी का कम से कम उपयोग करने की अपील की है.
भांडुप परिसर स्थित जल शोधन केंद्र से अतिरिक्त 4000 मिमी व्यास वाली पानी की पाइप लाइन जोड़ने का काम महानगर पालिका की ओर से किया जाएगा. साथ ही भांडुप परिसर से संबंधित 2 जगहों पर वॉल्व लगाने, नई लाइन जोड़ने और 2 जगहों पर लीकेज की मरम्मत का काम किया जाएगा.
मालवड़े ने बताया कि इस काम के चलते के-ईस्ट, के-वेस्ट, पी-साउथ, पी-नॉर्थ, आर-साउथ, आर-सेंट्रल, आर-नॉर्थ, एच- के 9 सेक्शन में कई इलाकों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह से बाधित रहेगी. पश्चिमी उपनगरों में पूर्व और एच-पश्चिम के साथ ही पूर्वी उपनगर के एस सेक्शन, एन सेक्शन और एल सेक्शन के कई इलाकों में पानी की आपूर्ति बाधित रहेगी.
उन्होंने कहा कि 30 और 31 जनवरी को 'जी नॉर्थ' और 'जी साउथ' के माहिम वेस्ट, दादर वेस्ट, प्रभादेवी और माटुंगा वेस्ट इलाकों में पानी की सप्लाई में 25 फीसदी की कटौती होगी.
धारावी इलाके में जहां शाम 4 बजे से रात 9 बजे के बीच जलापूर्ति होती है, वहां 30 जनवरी को जलापूर्ति पूरी तरह बंद कर दी जाएगी. प्रशासन ने अपील की है कि पानी का कम से कम इस्तेमाल करें.
ये भी देखें
दीपेश त्रिपाठी