अमेरिका-इजरायल और ईरान में जारी जंग का असर अब विदेश में फंसे भारतीयों पर भी दिखाई दे रहा है. महाराष्ट्र के जालना के स्टील उद्योगपति आशीष भाला के बेटे नमन भाला और बहू इशिता भाला समेत चार लोग दुबई में फंसे हुए हैं. हालांकि परिवार के मुताबिक सभी सुरक्षित हैं और भारतीय दूतावास लगातार संपर्क में है.
जानकारी के अनुसार 23 फरवरी को नमन भाला, उनकी पत्नी इशिता भाला और इशिता के माता-पिता नितीन चेचाणी तथा कल्पना चेचाणी पर्यटन के उद्देश्य से अबूधाबी-दुबई गए थे. चारों को 1 मार्च को भारत लौटना था, लेकिन इसी दौरान मध्यपूर्व में हालात अचानक तनावपूर्ण हो गए. अमेरिका और इज़रायल द्वारा ईरान पर हवाई हमलों के बाद क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात बन गए, जिसके चलते सुरक्षा कारणों से कई उड़ान सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गईं.
बहू-बेटे को किया गया दुबई शिफ्ट
बताया जा रहा है कि 28 फरवरी को अबूधाबी के पास हमले की घटना के बाद एहतियातन इन चारों को अबूधाबी से दुबई शिफ्ट किया गया. फिलहाल वो दुबई में अपने एक परिचित के घर पर सुरक्षित ठहरे हुए हैं.
नमन भाला के पिता और उद्योगपति आशीष भाला ने बताया कि भारतीय दूतावास उनके लगातार संपर्क में है और सभी की स्थिति पूरी तरह सुरक्षित है. उन्होंने यह भी कहा कि अबूधाबी और दुबई में फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं और घबराने जैसी कोई स्थिति नहीं है.
उड़ान सेवाएं बंद
हालांकि उड़ान सेवाएं बंद होने के कारण उनकी भारत वापसी फिलहाल संभव नहीं हो पा रही है. उड़ानें सामान्य होते ही चारों के स्वदेश लौटने की उम्मीद जताई जा रही है.
आशीष भाला ने केंद्र सरकार से अपील की है कि जिन देशों में युद्ध जैसी स्थिति बनी हुई है, वहां फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश लाने के लिए विशेष व्यवस्था की जाए.
गौरव विजय साली