मुंबई में फर्जी रेलवे कर्मचारी बनकर घूम रहा युवक गिरफ्तार, टिकट चेकर को दिखाया नकली आईडी कार्ड

मुंबई के चिंचपोकली रेलवे स्टेशन पर बिना टिकट यात्रा करते समय खुद को रेलवे कर्मचारी बताने वाले 29 साल के युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी दिनेश सुरेश आरके के पास से एक फर्जी पहचान पत्र मिला, जिस पर ‘एम्प्लॉई ट्रेनिंग’ लिखा था और भारतीय रेलवे का लोगो लगा हुआ था. टिकट चेकर की सतर्कता से मामला उजागर हुआ और पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है.

Advertisement
आरोपी को रेल पुलिस ने पकड़ा (Photo: Representational) आरोपी को रेल पुलिस ने पकड़ा (Photo: Representational)

aajtak.in

  • मुंबई,
  • 07 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 9:39 PM IST

मुंबई के चिंचपोकली रेलवे स्टेशन पर खुद को भारतीय रेलवे का कर्मचारी बताकर यात्रा करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से एक फर्जी पहचान पत्र (आईडी कार्ड) बरामद हुआ है, जिसके आधार पर वह खुद को रेलवे कर्मचारी बताने की कोशिश कर रहा था.

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मताबिक पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार युवक की पहचान दिनेश सुरेश आरके (29) के रूप में हुई है. वह बिना टिकट यात्रा कर रहा था और टिकट जांच के दौरान खुद को रेलवे कर्मचारी बताकर बचने की कोशिश कर रहा था.

Advertisement

टिकट चेकर को दिखाया नकली रेलवे आईडी कार्ड

मामला उस समय सामने आया जब स्टेशन पर टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा था. इस दौरान टिकट चेकर ने जब दिनेश से टिकट मांगा तो उसने टिकट दिखाने के बजाय खुद को रेलवे कर्मचारी बताया. उसने अपने पास मौजूद एक पहचान पत्र दिखाया, जिस पर ‘Employee Training’ लिखा हुआ था.

पुलिस के मुताबिक इस आईडी कार्ड पर अशोक चिन्ह और भारतीय रेलवे का लोगो भी बना हुआ था, जिससे वह असली सरकारी पहचान पत्र जैसा दिखाई दे रहा था. हालांकि टिकट चेकर को उस कार्ड पर संदेह हुआ.

सीनियर टिकट इंस्पेक्टर प्रमोद रामानंद यादव ने उस आईडी कार्ड की फोटो खींचकर व्हाट्सएप के जरिए रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी. अधिकारियों ने जांच के बाद पुष्टि की कि यह आईडी कार्ड पूरी तरह फर्जी है और इसका रेलवे से कोई संबंध नहीं है.

Advertisement

व्हाट्सएप पर भेजी गई फोटो से खुला राज

इसके बाद मामले की सूचना तुरंत रेलवे पुलिस को दी गई. दादर रेलवे पुलिस स्टेशन की टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. जांच के बाद पुलिस ने दिनेश सुरेश आरके को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी से जुड़े दस्तावेज रखने और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने यह फर्जी पहचान पत्र कहां से बनवाया और क्या वह पहले भी इस तरह रेलवे कर्मचारी बनकर यात्रा करता रहा है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement