महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में स्थित उमरखेड में आयोजित एक स्कूल स्नेह मिलन सम्मेलन के दौरान पाकिस्तानी गीत पर डांस किए जाने का मामला सामने आया है. इस घटना के बाद विवाद बढ़ गया है और शिकायत के आधार पर पुलिस ने स्कूल के हेडमास्टर और एक शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार यह कार्यक्रम 26 जनवरी को अब्दुल गफूर शाह नगरपरिषद उर्दू स्कूल क्रमांक-2 में आयोजित किया गया था. आरोप है कि स्नेह मिलन समारोह के दौरान 'ये मर्द ये मुजाहिद, तेरी अल्गार क्या है' नामक गीत पर छात्रों द्वारा डांस किया गया. बताया जा रहा है कि यह गीत पाकिस्तान में सैन्य प्रेरक देशभक्ति गीत के रूप में जाना जाता है.
इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेता गोपाल कलाने ने उमरखेड पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने 12 फरवरी की रात स्कूल के प्रधानाध्यापक संचार उल्ला खान अब्दुल खान और शिक्षक मोहम्मद फिरोज आशा जी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 196(1)(c) के तहत मामला दर्ज किया है.
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि स्कूल जैसे शैक्षणिक संस्थान में इस प्रकार के गीत पर कार्यक्रम आयोजित करना कई नागरिकों की भावनाओं को आहत करने वाला है. भाजपा नेता ने इसे गंभीर मामला बताते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया था और इसमें ऐसे गीत का इस्तेमाल करना अनुचित है.
घटना सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर विरोध देखने को मिल रहा है. सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. कई लोगों ने कार्यक्रम में प्रस्तुत सामग्री पर सवाल उठाए हैं, जबकि कुछ लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कार्यक्रम में उक्त गीत किस परिस्थितियों में शामिल किया गया और इसके लिए जिम्मेदार कौन है. फिलहाल पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं इस घटना के बाद क्षेत्र में माहौल संवेदनशील बना हुआ है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
अभिजीत करंडे