महाराष्ट्र के डोंबिवली इलाके में रविवार सुबह एक रिहायशी इमारत के बेसमेंट में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. इस हादसे में बेसमेंट पार्किंग में खड़ी 29 मोटरसाइकिलें और कुछ साइकिलें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं, जबकि आग बुझाने की कोशिश के दौरान पांच लोग घायल हो गए. राहत की बात यह रही कि दमकल विभाग की तत्पर कार्रवाई से बड़ा जान-माल का नुकसान टल गया.
एक चिंगारी और पार्किंग बनी आग का गोदाम
जानकारी के अनुसार यह घटना सागाव स्थित चेडा नगर इलाके में जय भारत स्कूल के पास मौजूद ‘राज अपार्टमेंट’ और ‘रविकिरण सोसायटी’ नाम की जुड़ी हुई इमारतों के बेसमेंट में हुई. बताया जा रहा है कि पार्किंग में खड़ी एक बाइक में अचानक आग लग गई, जो कुछ ही मिनटों में तेजी से फैल गई. बेसमेंट में पास-पास खड़ी अन्य गाड़ियां भी आग की चपेट में आ गईं और देखते ही देखते पूरा बेसमेंट आग और धुएं से भर गया.
आग से उठी तेज लपटें और घना धुआं सीढ़ियों के रास्ते ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गया, जिससे इमारत में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई. धुएं के कारण कई लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई. हड़बड़ी में लोग अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे. इस दौरान आग बुझाने की कोशिश में पांच निवासी हल्के रूप से झुलस गए और धुएं से प्रभावित हुए. घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
शॉर्ट सर्किट की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका की दमकल टीम मौके पर पहुंच गई. दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. शुरुआती जांच के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है.
शुरुआती जांच में आग लगने की संभावित वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है. हालांकि पुलिस और अग्निशमन विभाग द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है. अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी.
मिथिलेश गुप्ता