महाराष्ट्र में सरकार गठन पर कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की है. उन्होंने कहा कि लोग सोच रहे होंगे कि मैं आज के इस सियासी घटनाक्रम से खुश हूं, लेकिन मैं वास्तव में बहुत दुखी हूं. महाराष्ट्र की राजनीति ने कांग्रेस को बदनाम और कमजोर करने की साजिश रची है.
बता दें कि कांग्रेस के शिवसेना के साथ जाने पर संजय निरुपम ने पहले ही नाराजगी जाहिर की थी. उन्होंने ट्वीट कर कांग्रेस पर सवाल खड़े करते हुए कहा था कि आखिर ये तीन तिगाड़े काम बिगाड़े वाली सरकार कबतक चलेगी.
गुरुवार को भी संजय निरुपम ने शिवसेना के साथ जाने पर कांग्रेस पर ही निशाना साधा था. संजय निरुपम ने लिखा था कि महाराष्ट्र में भी कांग्रेस उत्तर प्रदेश जैसी गलती कर रही है.
उन्होंने ट्वीट में लिखा, ‘वर्षों पहले उत्तर प्रदेश में बसपा के साथ गठबंधन कर कांग्रेस ने गलती की थी, तब ऐसी पिटी की आजतक नहीं उठ पाई. महाराष्ट्र में भी कांग्रेस वही गलती कर रही है, शिवसेना की सरकार में तीसरे नंबर की पार्टी बनना कांग्रेस को दफन करने जैसा है. बेहतर होगा कि कांग्रेस अध्यक्ष दबाव में ना आएं.’
aajtak.in