कोरोना वैक्सीनेशन के तीसरे चरण की शुरुआत से पहले सीएम उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को महाराष्ट्र की जनता को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि हम पिछले साल की तरह इस साल भी कोरोना से एकजुट होकर मुकाबला करेंगे. सीएम उद्धव ने कहा कि महाराष्ट्र में और ज्यादा सख्त लॉकडाउन लगाने की ज़रूरत नहीं है, इसे हम पहले से ही काफी सख्ती से पालन कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह समय भी बीत जाएगा. हालांकि मामले अब स्थिर हैं, बढ़ नहीं रहे हैं. और यह सब आप सबकी वजह से मुमकिन हो पा रहा है.
सीएम ने कहा कि पिछले साल जब कोरोना ने दस्तक दी तब हमारे पास केवल एक लैब थी, लेकिन आज हमारे पास 609 लैब हैं. हम लगातार बेड, वेंटिलेटर बढ़ा रहे हैं. हम डॉक्टरों, नर्सों और अब ऑक्सीजन इत्यादि हर चीज पर ध्यान दे रहे हैं और आपूर्ति करने को प्रयासरत हैं. सीएम ने कहा कि हमारे पास 1200 मीट्रिक टन की क्षमता है लेकिन हमें आवश्यकता 1700 मीट्रिक टन की है. बाहर से जो भी ऑक्सीजन आ रही है, हम उसके लिए भुगतान कर रहे हैं.
रोज 50 हजार रेमडेसिविर इंजेक्शन की जरूरत
उन्होंने कहा कि अगर मामले बढ़ेंगे तो समस्या होगी, हालांकि मामले स्थिर हैं. सीएम उद्धव ने कहा कि रेमेडिसवीर इस वक़्त की बड़ी समस्या है, हर किसी को रेमडिसविर इंजेक्शन की जरूरत है. हमें हर रोज 50 हजार रेमेडेसविर इंजेक्शन चाहिए. जिसका वितरण केंद्र सरकार द्वारा किया जाता है. अभी हमें प्रतिदिन 35 हज़ार रेमडेसिविर इंजेक्शन मिल रहे हैं. जिसका हम भुगतान भी कर रहे हैं.
सीएम ने कहा कि मैं डॉक्टरों और रोगियों से अपील करना चाहता हूं, डब्ल्यूएचओ और टास्क फोर्स ने भी कहा है कि रेमडेसविर इंजेक्शन का अनावश्यक उपयोग न करें. इसके साइड इफेक्ट्स भी बहुत हैं. बहुत आवश्यक होने पर ही इसका उपयोग करें, अनावश्यक रूप से इसका उपयोग न करें.
ऑक्सीजन प्रमुख मुद्दा
वहीं उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन प्रमुख मुद्दा है. आखिर कब तक हम बाहर से ऑक्सीजन लाएंगे? मैंने अधिकारियों के साथ बैठकें ली हैं. हम अस्पताल परिसर में ही ऑक्सीजन प्लांट बनाएंगे. प्रत्येक ऑक्सीजन प्लांट में 20 से 25 दिन लगते हैं. जिसके लिए हमने काम भी शुरू किया है और आने वाले कुछ दिनों में वे ऑक्सीजन प्लांट तैयार हो जाएंगे.
उन्होंने कहा कि मैं नहीं चाहता हूं कि कोरोना की तीसरी लहर आए, लेकिन फिर भी हम इसके लिए पूरी तरह से तैयार हैं. कोई भी तीसरी लहर नहीं चाहता है, लेकिन अब समय ऐसा है कि हमें तैयार रहना होगा. ऐसे में ऑक्सीजन की कमी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि हम यह विचार कर रहे हैं कि कोविड केयर सेंटर के पास ऑक्सीजन प्लांट बनाया जाए ताकि परिवहन में कोई दिक्कत न हो.
हम 275 PSA प्लांट बना रहे हैं. केंद्र दस प्लांट के लिए मदद कर रहा है. उन्होंने कहा कि 275 PSA प्लांट हमारे द्वारा बनाए जाएंगे. सीएम उद्धव ने कहा कि अगर तीसरी लहर आती हैं तो भी आपको ऑक्सीजन की समस्या नहीं होगी, यह मैं आपको आश्वस्त करता हूं.
उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों को भोजन की चिंता ना करें उन्हें भोजन मिलेगा. अगले तीन महीने शिव भजन थाली मुफ्त है. अब तक 15 लाख से अधिक थालियां दी जा चुकी हैं. वहीं पिछले एक साल में 4 करोड़ से अधिक लोग लाभान्वित हुए हैं.
aajtak.in