छत्रपति संभाजीनगर में गोदाम में भीषण आग, 10 दमकल गाड़ियों ने 2 घंटे में पाया काबू

छत्रपति संभाजीनगर के एक गोदाम में भीषण आग लगने से लाखों का सामान जलकर खाक हो गया. 10 दमकल गाड़ियों ने करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई. आग के कारणों की जांच जारी है.

Advertisement
छत्रपति संभाजीनगर में गोदाम में भीषण आग (Photo: ITG) छत्रपति संभाजीनगर में गोदाम में भीषण आग (Photo: ITG)

इसरारउद्दीन चिश्ती

  • छत्रपति संभाजीनगर ,
  • 24 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 10:31 PM IST

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के गोल वाली परिसर स्थित एक गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया. आग इतनी भयावह थी कि इसकी लपटें और धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक देखा गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया. जानकारी के अनुसार इस गोदाम में बड़ी संख्या में मोटरसाइकिल और कार एसेसरीज रखी हुई थीं. आग लगते ही ये सामान तेजी से इसकी चपेट में आ गया. देखते ही देखते आग पूरे गोदाम में फैल गई और अंदर रखा लाखों का सामान जलकर खाक हो गया. आग की तेजी इतनी ज्यादा थी कि कुछ ही मिनटों में पूरा गोदाम इसकी गिरफ्त में आ गया.

Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया. संभाजीनगर नगर निगम की 8 दमकल गाड़ियां और MIDC की 2 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. कुल 10 दमकल गाड़ियों ने मिलकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया.

आग पर काबू पाना आसान नहीं था. दमकल कर्मियों को करीब 2 घंटे तक लगातार कड़ी मशक्कत करनी पड़ी, तब जाकर आग पर पूरी तरह से नियंत्रण पाया जा सका. इस दौरान एहतियात के तौर पर पूरे इलाके को खाली कराया गया और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए. घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम आयुक्त जी श्रीकांत भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. उन्होंने बताया कि इस हादसे में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है.

Advertisement

आयुक्त ने यह भी कहा कि बढ़ती गर्मी और तेज धूप के चलते इस तरह की आग लगने की घटनाएं सामने आती रहती हैं. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. उन्होंने नागरिकों से अपील की कि अपने घर, दुकान, गोदाम और ऑफिस में फायर सेफ्टी उपकरण जैसे फायर एक्सटिंग्विशर और अलार्म सिस्टम जरूर रखें और समय-समय पर उनकी जांच करते रहें. फिलहाल नुकसान का आकलन करने के लिए पंचनामा प्रक्रिया शुरू की जा रही है और आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है. फायर ब्रिगेड की टीम ने अपनी तत्परता दिखाते हुए बड़ी दुर्घटना को टाल दिया.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement