मुंबई में लगातार हो रही बारिश आफत बनकर टूटी है. मुंबई की मस्जिद (Masjid) और भायखला (Bhaykhala) स्टेशन के बीच 2 लोकल ट्रेनें रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने के कारण फंस गई हैं. सीएसटी से कर्जत जाने वाले 150 यात्रियों को रेलवे कर्मचारियों ने बचाया है, लेकिन अभी भी 50 से 100 लोग फंसे हुए हैं.
वहीं, कर्जत से सीएसटी की ओर आने वाली एक अन्य लोकल ट्रेन को मस्जिद स्टेशन से 60 मीटर दूरी पर ही रोक दिया गया है. इसमें 60 से 70 यात्रियों के फंसे होने की आशंका जताई गई है. फिलहाल एनडीआरएफ की टीम राहत बचाव कार्य में जुटी हुई है. अंधेरी के डीसी भी मौके पर पहुंचे गए हैं.
बताया जा रहा है कि मुंबई के कोलाबा क्षेत्र में 12 घंटे में 293. 8 मिमी बारिश हुई है, जो दक्षिण मुंबई के लोगों ने 46 साल बाद अगस्त के महीने में देखा है. कोलोबा में हवा की रफ्तार 106 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई थी.
मुंबई में आंधी और भारी बारिश से बढ़ी आफत, कई इलाकों में रेड अलर्ट
इधर, महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश के बाद स्थिति की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को सतर्क और तैयार रहने का निर्देश दिया है. साथ ही सीएम ने लोगों से घरों से बाहर ना निकलने की अपील की है.
मौमस विभाग ने मुंबई में गुरुवार को भी भारी बारिश की आशंका जताई गई है. कोंकण में लगातार हो रही बारिश से चार नदियां उफान पर हैं. रायगढ़ के मान गांव की सावित्री नदी 2 मीटर (डेंजर लेवल) के ऊपर बह रही है.
सौरभ वक्तानिया