बार-बार कॉल करने के बाद भी नहीं आई एम्बुलेंस, अस्पताल जाते समय ई-रिक्शा में ही हो गई महिला की डिलीवरी

झारखंड के गोड्डा जिले में एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंचने से एक गर्भवती महिला को ई-रिक्शा में ही बच्चे को जन्म देना पड़ा. आरोप है कि बेलारी की रुक्मिणी देवी को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने कई बार एम्बुलेंस को कॉल किया, लेकिन वाहन नहीं आया. मजबूरन ई-रिक्शा से अस्पताल ले जाते समय नोनमाटी गांव के पास महिला ने बेटे को जन्म दिया.

Advertisement
सरकारी एम्बुलेंस फेल!(Photo: Santosh Bhagat/ITG) सरकारी एम्बुलेंस फेल!(Photo: Santosh Bhagat/ITG)

संतोष भगत

  • गोड्डा,
  • 15 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 11:25 PM IST

झारखंड के गोड्डा जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाली एक घटना सामने आई है, जहां एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंचने के कारण एक गर्भवती महिला को ई-रिक्शा में ही बच्चे को जन्म देना पड़ा. परिजनों के अनुसार महिला को प्रसव पीड़ा होने के बाद कई बार एम्बुलेंस के लिए संपर्क किया गया, लेकिन काफी इंतजार के बाद भी कोई एम्बुलेंस गांव नहीं पहुंची.

Advertisement

मजबूर होकर परिजन महिला को ई-रिक्शा (टोटो) से सदर अस्पताल ले जाने के लिए निकल पड़े. इसी दौरान रास्ते में भतडीहा पंचायत के नोनमाटी गांव के पास महिला को प्रसव पीड़ा तेज हो गई और ई-रिक्शा में ही बच्चे का जन्म हो गया.

यह भी पढ़ें: झारखंड के गोड्डा में 12,000 लीटर 'मिलावटी' पेट्रोल जब्त, बिहार ले जाए जा रहे थे टैंकर

बार-बार कॉल के बाद भी नहीं पहुंची एम्बुलेंस

जानकारी के अनुसार, बेलारी निवासी गर्भवती महिला रुक्मिणी देवी, जिनके पति का नाम कौशल हरिजन है. उनको अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई थी. परिजनों का आरोप है कि उन्होंने कई बार एम्बुलेंस सेवा से संपर्क किया, लेकिन घंटों इंतजार करने के बाद भी कोई मदद नहीं मिली.

महिला की हालत बिगड़ती देख परिवार के लोगों ने उसे ई-रिक्शा से सदर अस्पताल ले जाने का फैसला किया. रास्ते में नोनमाटी गांव के पास पहुंचते ही महिला ने ई-रिक्शा में ही एक बेटे को जन्म दिया.

Advertisement

स्वास्थ्य विभाग पर उठे सवाल

घटना के बाद परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग के प्रति नाराजगी जताई है. उनका कहना है कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बड़ी-बड़ी योजनाओं का प्रचार करती है, लेकिन जरूरतमंद लोगों को समय पर सुविधाएं नहीं मिल पातीं.

प्रसूता के पति कौशल हरिजन ने कहा कि उन्होंने कई बार एम्बुलेंस के लिए फोन किया, लेकिन कोई वाहन नहीं पहुंचा. मजबूर होकर उन्हें ई-रिक्शा का सहारा लेना पड़ा.

अस्पताल में भर्ती, मां और नवजात सुरक्षित

बाद में जब महिला को सदर अस्पताल पहुंचाया गया तो स्वास्थ्यकर्मियों ने मां और नवजात को लेबर वार्ड में भर्ती कर लिया. अस्पताल में उनका इलाज किया गया और दोनों की हालत फिलहाल सुरक्षित और स्थिर बताई जा रही है.

सदर अस्पताल के डीएस टी.एस. झा ने कहा कि यह मामला डायल 108 एम्बुलेंस सेवा से संबंधित है और उन्हें इसकी जानकारी नहीं है. हालांकि राहत की बात यह रही कि प्रसूता और नवजात दोनों सुरक्षित हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement