झारखंड विधानसभा चुनाव NDA के साथ या अकेले लड़ेंगे, इस पर जल्द फैसला होगा: चिराग पासवान

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सोमवार को कहा कि उनकी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) झारखंड में विधानसभा चुनाव लड़ना चाहती है और इस पर जल्द ही अंतिम फैसला लिया जाएगा कि वह एनडीए गठबंधन के तहत लड़ेगी या अकेले.

Advertisement
चिराग पासवान (फाइल फोटो) चिराग पासवान (फाइल फोटो)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 07 अक्टूबर 2024,
  • अपडेटेड 9:52 PM IST

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सोमवार को कहा कि उनकी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) झारखंड में विधानसभा चुनाव लड़ना चाहती है और इस पर जल्द ही अंतिम फैसला लिया जाएगा कि वह एनडीए गठबंधन के तहत लड़ेगी या अकेले. पासवान ने कहा कि उन्होंने रविवार को गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की, जहां झारखंड में आगामी राज्य विधानसभा चुनाव पर चर्चा हुई. उन्होंने कहा कि बैठक बहुत सकारात्मक रही.

Advertisement

पासवान ने फिक्की के एक कार्यक्रम से इतर मीडिया से बात करते हुए कहा, 'मैंने कल गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. हमने देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनावों पर भी चर्चा की. झारखंड पर भी चर्चा हुई.' केंद्रीय फूड प्रोसेसिंग मिनिस्टर पासवान ने कहा कि उनकी पार्टी ने हाल ही में हुए हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव नहीं लड़े, लेकिन भाजपा का समर्थन किया.

पासवान ने कहा, 'झारखंड में भी मेरी सोच यही है कि हम लोग एनडीए के साथ मिलकर चुनाव लड़ें.' उन्होंने कहा कि इस बारे में अंतिम निर्णय 2-4 दिनों में लिया जाएगा. 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा के लिए चुनाव इस साल के अंत में होने हैं और जल्द ही तारीखों की घोषणा होने की उम्मीद है. उन्होंने कहा, 'राज्य पार्टी इकाई चुनाव लड़ना चाहती है. देखते हैं कि हम गठबंधन के तहत लड़ते हैं या अकेले, स्थिति कैसी बनती है. केंद्रीय गृह मंत्री के साथ मेरी बहुत सकारात्मक बैठक हुई. अगले कुछ दिनों में परिदृश्य स्पष्ट हो जाएगा.' 

Advertisement

यह पूछे जाने पर कि उनकी पार्टी ने कितनी सीटें मांगी हैं, पासवान ने कहा कि गठबंधन के सिद्धांतों के अनुरूप वे इसे सार्वजनिक नहीं करेंगे. हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के एग्जिट पोल के नतीजों पर उन्होंने विश्वास जताया कि एनडीए सरकार बनाएगी. अपने दिवंगत पिता रामविलास पासवान के लिए कुछ वर्गों द्वारा भारत रत्न की मांग के बारे में चिराग ने कहा कि एक बेटे के तौर पर वह हमेशा इस सम्मान की कामना करते रहे हैं. चिराग ने कहा, 'कोई चीज अगर मांग के मिली तो क्या मिली.' उन्होंने कहा कि उनके पिता को 'एक दिन वह सम्मान जरूर मिलेगा जिसके वह हकदार हैं और वह भी बिना मांगे.'

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »