झारखंड के बोकारो जिले में बच्चा चोरी की अफवाह ने हिंसक रूप ले लिया. यहां चास थाना क्षेत्र के बांसीडीह गांव में ग्रामीणों ने संदेह के आधार पर पांच साधुओं की जमकर पिटाई कर दी. बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें भीड़ से बचाया और अपने साथ थाने ले गई.
जानकारी के अनुसार, यूपी नंबर की एक गाड़ी से पांच साधु इलाके में भिक्षा मांगने पहुंचे थे. ग्रामीणों ने उन्हें अनजान समझकर संदेह जताया. इसी दौरान किसी ने बच्चा चोरी की अफवाह फैला दी. देखते ही देखते गांव में भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया. बिना किसी पुष्टि के लोगों ने साधुओं को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी.
स्थिति बिगड़ती देख किसी ने चास थाना पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची. उस समय भीड़ उग्र थी और साधुओं को पीटा जा रहा था. पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद भीड़ को हटाया और पांचों साधुओं को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया. उन्हें थाने लाकर पूछताछ की गई.
यह भी पढ़ें: कानपुर: मंदिर के पास महिला भिखारी का बच्चा चोरी, 5 लाख में बेचने की थी तैयारी, तभी पहुंच गई पुलिस; जानिए पूरी कहानी
पुलिस जांच में बच्चा चोरी से संबंधित कोई भी प्रमाण नहीं मिला. प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ कि सभी साधु उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और भिक्षा मांगने क्षेत्र में आए थे. चास डीएसपी प्रवीण कुमार सिंह ने मामले को लेकर कहा कि अफवाह के आधार पर हमला किया गया. उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध सूचना की पहले पुलिस को जानकारी दें, कानून हाथ में न लें.
पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित करते हुए पांचों साधुओं को अपने संरक्षण में लिया. पूछताछ के दौरान उनके पास से बच्चा चोरी से संबंधित कोई भी प्रमाण नहीं मिला. डीएसपी प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि जांच में बच्चा चोरी से जुड़ा कोई साक्ष्य नहीं मिला है.
संजय कुमार