जम्मू और कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है. ऑपरेशन त्राशी-1 के तहत चल रहे अभियान में एक और आतंकी मारा गया है, जिसके साथ अब कुल तीन आतंकियों के ढेर होने की पुष्टि हुई है.
तीसरा आतंकी भी ढेर
व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने बताया कि किश्तवाड़ में जारी अभियान के दौरान सेना की CIF (D) इकाइयों ने जम्मू कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के साथ मिलकर तीसरे आतंकी को मार गिराया.
मारे गए आतंकी का शव और हथियार बरामद कर लिए गए हैं, जबकि इलाके में तलाशी अभियान अभी भी जारी है. इससे पहले पास्सेरकुट क्षेत्र के छत्रू बेल्ट में खुफिया इनपुट के आधार पर सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था.
अभी जारी रहेगा अभियान
जानकारी मिली थी कि प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े पाकिस्तानी आतंकी इलाके में छिपे हुए हैं. तलाशी के दौरान पहाड़ी के नीचे बने एक कच्चे घर में छिपे आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई जिसमें दो आतंकी मारे गए.
सुरक्षा बलों का कहना है कि अभियान जारी रहेगा और क्षेत्र में छिपे अन्य आतंकियों की तलाश की जा रही है. ऑपरेशन को सुरक्षा बलों के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है.
सुनील जी भट्ट