गुजरात में सूरत के इच्छापोर इलाके में एक नाबालिग हिंदू लड़की के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है.'लव जिहाद' जैसे इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इसमें मुख्य आरोपी मुस्लिम युवक है और उसकी मदद करने वालों में तीन मुस्लिम और एक हिंदू युवक शामिल है. सोशल मीडिया के जरिए नाबालिक हिंदू युवती को फंसाया गया था और फिर होटल में ले जाकर मुख्य आरोपी ने उससे दुष्कर्म किया था.
प्रेम जाल में फंसाकर किया रेप
सूरत के औद्योगिक क्षेत्र इच्छापोर में एक नाबालिग लड़की को प्रेम जाल में फंसाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने और फिर फरार होने वाले अपराधियों को इच्छापोर पुलिस ने धर दबोचा है. इस घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने तकनीकी निगरानी के आधार पर मुख्य आरोपी मोहम्मद साजिद उर्फ अहद और उसकी मदद करने वाले अन्य चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.अदालत ने आरोपियों को चार दिन की रिमांड पर भेजा है.
साजिद ने सोशल मीडिया से फंसाया नाबालिग को
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इच्छापोर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले इच्छापुर गांव में रहने वाले एक श्रमिक परिवार की कक्षा 12 में पढ़ने वाली नाबालिग बेटी को आरोपी मोहम्मद साजिद उर्फ अहद मोहम्मद जावेद पठान ने सोशल मीडिया के जरिए संपर्क कर अपने प्रेम जाल में फंसाया था. प्रेम का नाटक कर वह उसे बहला फुसलाकर एक होटल में ले गया. यहा उसने उसके साथ बार-बार शारीरिक संबंध बनाए. जब इस बात की जानकारी लड़की के परिवार को हुई, तो वे तुरंत इच्छापोर पुलिस स्टेशन पहुंचे और मामला दर्ज कराया.उधर आरोपी पुलिस द्वारा पकड़े जाने की भनक लगते ही अपने पैतृक स्थान बिहार भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया.
आधार कार्ड में एडिट किया नाम
पुलिस पूछताछ में इस मामले में कई गंभीर और चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं. पहचान छिपाने के लिए मुख्य आरोपी मोहम्मद साजिद ने अपने मित्र अभय कुमार शर्मा की मदद ली थी.अभय ने मोबाइल एडिटिंग ऐप के जरिए साजिद के आधार कार्ड में नाम बदलकर 'अभिषेक गुप्ता' (एक हिंदू नाम) कर दिया था ताकि होटल में कोई दिक्कत न हो. इसी फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर उसने होटल में कमरा बुक किया और लड़की के साथ बलात्कार किया था.
होटल की व्यवस्था करता था खुर्शीद
गिरोह के अन्य सदस्यों में मोहम्मद खुर्शीद प्रेमी जोड़े के बीच संदेशों का आदान-प्रदान करवाता था और होटल की व्यवस्था करता था. इसके अलावा, मोहम्मद ताबीश जो मुख्य आरोपी साजिद का सगा भाई है और जामीराजा शेख नामक युवक को अपराध की पूरी जानकारी होने के बावजूद, उन्होंने साजिद को सुरक्षित स्थान पर छिपाने और सबूत मिटाने में मदद की.इच्छापुर पुलिस थाने के पुलिस इंस्पेक्टर ए.सी. गोहिल ने सभी चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया,जहां से पुलिस को उनकी चार दिनों की रिमांड प्राप्त हुई है.
जुटाए जा रहे डिजिटल एविडेंस
इच्छापुर पुलिस थाने में पुलिस इंस्पेक्टर अनिरुद्ध सिंह गोहिल ने मीडिया को बताया कि इच्छापोर पुलिस स्टेशन में 21 तारीख को एक कंप्लेन दाखिल की थी कि उसकी नाबालिग लड़की को मोहम्मद साजिद उर्फ अहमद पठान नाम का लड़का बहला-फुसलाके अपने साथ ले गया है. इसके बाद होटल में उसके साथ संबंध भी बनाए. उसे और उसके दोनों साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके पास से मोबाइल से जो भी हमें डिजिटल एविडेंस की जरूरत थी वो हमने बहुत सारे रिकवर किए और बहुत सारे रिकवर करने की प्रोसीजर चालू है.
संजय सिंह राठौर