गुजरात के सूरत में स्थित आर्सेलर मित्तल-निप्पन स्टील (AM/NS) प्लांट में गुरुवार को भारी बवाल हो गया. एलएंडटी (L&T) के लगभग 5,000 कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों द्वारा वेतन वृद्धि और अन्य मांगों को लेकर शुरू किया गया प्रदर्शन कुछ ही देर में हिंसक रूप ले बैठा.
लाठीचार्ज के बाद 25 से अधिक श्रमिक हिरासत में
प्रदर्शनकारियों ने प्लांट परिसर में खड़े चार दोपहिया वाहनों को आग के हवाले कर दिया और कई कारों में तोड़फोड़ की. कंपनी की तीन फायर फाइटर गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया गया. एंट्री और एग्जिट गेट पर लगे अत्याधुनिक उपकरण, पंखे और फर्नीचर तोड़ दिए गए. कार्यालयों में भी जमकर तोड़फोड़ की गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
सूचना मिलते ही सूरत पुलिस का भारी काफिला मौके पर पहुंचा. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और 70 से अधिक आंसू गैस के गोले छोड़े. पुलिस ने अब तक 25 से अधिक श्रमिकों को हिरासत में लिया है. प्लांट परिसर में फिलहाल भारी पुलिस बल तैनात है और हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं.
5,000 कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों का उग्र प्रदर्शन
डीसीपी शैफाली बरवाल के अनुसार, पानीपत में एलएंडटी कर्मचारियों के हालिया आंदोलन के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यहां के श्रमिकों में भी आक्रोश बढ़ा. पुलिस ने समझाने की कोशिश की, लेकिन पत्थरबाजी शुरू होने पर सख्त कार्रवाई करनी पड़ी.
प्रशासन और कंपनी प्रबंधन अब श्रमिक प्रतिनिधियों के साथ बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास कर रहे हैं. घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें भगदड़ और पुलिस कार्रवाई के दृश्य साफ देखे जा सकते हैं.
संजय सिंह राठौर