अहमदाबाद के निकोल पुलिस थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां She टीम की पुलिस वैन चलाने वाले आउटसोर्स ड्राइवर ने नशे की हालत में वाहन को सड़क के डिवाइडर पर चढ़ा दिया. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. जब लोगों ने ड्राइवर की हालत देखी तो पता चला कि वह शराब के नशे में था. इतना ही नहीं, पुलिस वैन के अंदर शराब के क्वार्टर भी पड़े हुए थे, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. मामले की जानकारी मिलने के बाद निकोल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पुलिस वैन चलाने वाले आउटसोर्स ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
भवानी चौक के पास हुआ हादसा
दरअसल, अहमदाबाद पुलिस की She टीम एक विशेष यूनिट है, जो सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, छेड़खानी, पीछा करने और उत्पीड़न जैसी घटनाओं को रोकने के लिए काम करती है. शहर के निकोल थाना क्षेत्र में स्थित भवानी चौक के पास बुधवार रात करीब 10 बजे यह घटना हुई.
बताया जा रहा है कि She टीम की पुलिस वैन सड़क से गुजर रही थी, तभी अचानक वाहन डिवाइडर पर चढ़ गया. वैन को इस तरह डिवाइडर पर चढ़ते देख आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंच गए. लेकिन जब लोगों ने ड्राइवर की स्थिति देखी तो उन्हें शक हुआ कि वह नशे में है.
पुलिस वैन में शराब देखकर लोग हैरान
मौके पर मौजूद लोगों ने देखा कि ड्राइवर शराब के नशे में था. इसके साथ ही पुलिस वैन के अंदर शराब का क्वार्टर भी रखा हुआ था. यह देखकर लोग और भी हैरान रह गए. लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जिसके बाद यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया.
घटना के बाद लोगों के बीच यह चर्चा भी शुरू हो गई कि गुजरात में शराबबंदी लागू है और इसे सख्ती से लागू कराने की जिम्मेदारी पुलिस की है. ऐसे में पुलिस वैन में शराब का मिलना और ड्राइवर का नशे में गाड़ी चलाना कई सवाल खड़े कर रहा है.
आउटसोर्स ड्राइवर गिरफ्तार
निकोल पुलिस के मुताबिक She टीम की पुलिस वैन का ड्राइवर आउटसोर्स कर्मी है. उसका नाम राकेश पाटिल है और वह कठवाड़ा का रहने वाला है. पुलिस ने बताया कि राकेश पाटिल को शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है.
पुलिस ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है. मामले की जांच भी की जा रही है.
अतुल तिवारी