देश की राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके आरके पुरम के सेक्टर-6 मार्केट स्थित एक ज्वेलरी शोरूम में करोड़ों के जेवरात की चोरी हो गई. 13 और 14 फरवरी की दरमियानी रात करीब 2:10 बजे पांच शातिर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. घटना के बाद से आरोपी फरार हैं. पुलिस टीमें तलाश में जुटी हैं.
जानकारी के मुताबिक, चोरी की यह वारदात सेक्टर-6 मार्केट स्थित चौहान ज्वेलर्स में हुई. सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि देर रात पांच संदिग्ध शोरूम के बाहर पहुंचते हैं. सबसे पहले वे बाहर लगे कैमरे को क्षतिग्रस्त करने की कोशिश करते हैं, ताकि उनकी पहचान न हो सके. इसके बाद उन्होंने दुकान के बाहरी शटर को तोड़ा और अंदर लगे दूसरे शटर को काटकर शोरूम में एंट्री की.
अंदर घुसते ही चोरों ने शोकेस और डिस्प्ले काउंटर खंगालने शुरू कर दिए. फुटेज में दिखाई देता है कि तीन चोर अंदर गहने निकालने में लगे हैं, जबकि दो बाहर खड़े होकर निगरानी कर रहे हैं. चोरों ने नीचे और ऊपर दोनों डिस्प्ले से ज्वेलरी के डिब्बे निकाल-निकालकर बैग में भरे. लगभग आधे घंटे तक यह सिलसिला चलता रहा. रात 2:44 बजे के आसपास पांचों आरोपी शोरूम से बाहर निकलते दिखाई देते हैं और मौके से फरार हो जाते हैं.
सीसीटीवी से यह भी पता चलता है कि सभी चोरों ने हाथों में ग्लव्स पहन रखे थे और चेहरों को ढक रखा था. उनके पास शटर और ताले तोड़ने के औजार भी थे.
सुबह करीब 6 बजे पड़ोस की दुकानों के खुलने पर इस घटना का पता चला. एक दुकानदार ने चौहान ज्वेलर्स के बाहर कुछ गहनों के खाली डिब्बे पड़े देखे. शटर खुला देख उसे संदेह हुआ और उसने तुरंत शोरूम मालिक को सूचना दी. जब मालिक मौके पर पहुंचे तो देखा कि शोकेस से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के गहने गायब हैं. अनुमान के मुताबिक, चोरी गई ज्वेलरी की कीमत करोड़ों रुपये हो सकती है, हालांकि पुलिस सटीक आंकलन में जुटी है.
यह भी पढ़ें: बेंगलुरु में बैंक लॉकर से 3.5 करोड़ का सोना गायब, चोरी के आरोप में डिप्टी मैनेजर गिरफ्तार
शोरूम के मालिक रविंद्र सिंह चौहान ने बताया कि दुकान बंद करते समय कुछ सोने और चांदी के आभूषण स्ट्रॉन्ग रूम के लॉकर में रखना भूल गए थे. स्ट्रॉन्ग रूम सुरक्षित और बंद मिला, लेकिन बाहर डिस्प्ले में रखे गहने चोरी हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस स्टेशन आरके पुरम की टीम और दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. इलाके की घेराबंदी की गई और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जिस इलाके में यह वारदात हुई, वहां से महज एक से डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर थाना आरके पुरम और डीसीपी कार्यालय है. आसपास कई केंद्रीय सरकारी दफ्तर और अधिकारियों के आवास भी हैं. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. आसपास के अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की एंट्री और एग्जिट रूट का पता चल सके.
aajtak.in